Heavy Rain Alert: देश के कई हिस्सो में मानसून की जोरदार बारिश हो रही है. भारत मौसम विज्ञान विभाग का अनुमान है कि 19 और 20 अगस्त को कई इलाकों में मानसून एक्टिव रह सकता है. आईएमडी के मुताबिक पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी मध्य प्रदेश, असम-मेघालय समेत कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. वहीं बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में भी बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है.
यूपी में 19 अगस्त को बहुत भारी बारिश का खतरा
- दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश में 19 अगस्त को कुछ जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 19 और 20 अगस्त को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है.
- पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी 19 और 20 अगस्त को बारिश का दौर जारी रहेगा. यहां अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है.
उत्तराखंड में अगले 48 घंटे भारी बारिश की चेतावनी
उत्तराखंड में 19 और 20 अगस्त को कई जगह बारिशहोने की संभावना है. आज (19 अगस्त) को कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि कल यानी 20 अगस्त को भी अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है. इसके साथ ही गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका भी बनी रहेगी.
हिमाचल प्रदेश में भी बरसेंगे बादल
हिमाचल प्रदेश में 19 और 20 अगस्त को कई इलाकों में बारिश होगी. 19 से 21 अगस्त के बीच कुछ जगहों पर भारी बारिश का अनुमान है. जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कुछ हिस्सों में भी 19 और 20 अगस्त को बारिश हो सकती है.
दिल्ली-हरियाणा में 19 अगस्त को बारिश
हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 19 अगस्त को कई जगह बारिश होने की संभावना है. 19 अगस्त को कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है. पंजाब में भी 19 अगस्त को बारिश का दायरा बढ़ सकता है और कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है.
मध्य प्रदेश में अगले दो दिन बहुत भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी मध्य प्रदेश में 19 और 20 अगस्त को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की चेतावनी है. राज्य के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं. पश्चिमी मध्य प्रदेश में 19 और 20 अगस्त को बारिश होगी, हालांकि बहुत भारी बारिश का प्रमुख अलर्ट पूर्वी हिस्सों के लिए है.
छत्तीसगढ़ में 19 अगस्त को भारी बारिश
छत्तीसगढ़ में 19 अगस्त को कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना भी बनी हुई है. 20 अगस्त को भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश जारी रहने का अनुमान है.
बिहार-झारखंड में तेज हवाओं के साथ बारिश
झारखंड में 19 अगस्त को कई जगह बारिश होने की संभावना है. कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है और तेज हवाएं भी चल सकती हैं. बिहार में 19 और 20 अगस्त को बारिश होने का अनुमान है. 19 अगस्त को कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है. हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है और झोंके 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं.
बंगाल और ओडिशा में भी बारिश
गंगीय पश्चिम बंगाल और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल-सिक्किम में 19 और 20 अगस्त को बारिश जारी रहेगी. कुछ इलाकों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं. ओडिशा में 19 अगस्त को कई जगह बारिश होने की संभावना है, जबकि 20 अगस्त को कुछ स्थानों पर बारिश जारी रह सकती है.
असम-मेघालय समेत पूर्वोत्तर में भारी बारिश
असम और मेघालय में 19 और 20 अगस्त को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी दोनों दिन बारिश का दौर जारी रहेगा.
कर्नाटक-केरल और तमिलनाडु में कैसा रहेगा मौसम?
तटीय कर्नाटक और केरल-माहे में 19 अगस्त को कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी 19 अगस्त को भारी बारिश का अनुमान है. कर्नाटक और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में 19 और 20 अगस्त को गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चल सकती हैं.
बंगाल की खाड़ी में 19 अगस्त की सुबह तक तेज हवाएं
19 अगस्त को उत्तरी बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश, ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश तट के पास 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. कुछ समय के लिए झोंकों की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है.
Also Read: मौसम : बिहार-झारखंड के अलावा इन राज्यों में होगी बारिश, आया 24 अगस्त तक का वेदर अपडेट
