21 से 26 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट, छह दिन पहाड़ों से लेकर मैदान तक बरसेंगे बादल

Heavy Rain Alert: भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 21 से 26 जुलाई के बीच देश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश, आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है. उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों से लेकर मध्य, पूर्वोत्तर, पश्चिम और दक्षिण भारत के कई इलाकों में मौसम खराब रहने की संभावना है.

Heavy Rain Alert: IMD के मुताबिक 21 से 24 जुलाई के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख में, 21 से 26 जुलाई तक हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में जोरदार बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा 21 से 23 जुलाई तक पूर्वी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में, जबकि 21 से 24 जुलाई तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अच्छी बारिश का दौर जारी रह सकता है. 23 से 26 जुलाई के बीच पूर्वी राजस्थान में भी कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है.

जम्मू में जारी है भारी बारिश का दौर

जम्मू के अधिकतर हिस्सों में मंगलवार को भारी बारिश के कारण आम जनजीवन प्रभावित रहा. पुंछ, राजौरी और डोडा जिलों में रविवार से बारिश की गतिविधियों में कम से कम 23 लोगों की मौत हो गई है और सात लोग लापता हैं. लगातार मूसलाधार बारिश, भूस्खलन (लैंडस्लाइड) और अचानक बाढ़ के खतरे को देखते हुए अमरनाथ यात्रा, वैष्णो देवी यात्रा, शिव खोरी यात्रा और मचैल माता यात्रा समेत सभी प्रमुख तीर्थ यात्राएं लगातार तीसरे दिन भी निलंबित रहीं. बारिश के सबसे ज्यादा तबाही पुंछ और राजौरी में देखने को मिल रही है. यहां सात लोग लापता हो गए हैं, जिनकी तलाश जारी है. इन इलाकों में पिछले तीन दिनों में बादल फटने, अचानक बाढ़ और भूस्खलन के कारण बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है.

हिमाचल प्रदेश में रेड अलर्ट, चार जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद

हिमाचल प्रदेश में जोरदार बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग ने भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है. बारिश की संभावना को देखते हुए कांगड़ा, मंडी, सिरमौर और शिमला जिले के ठियोग उपमंडल के सभी शिक्षण संस्थानों को मंगलवार को बंद रखा गया है. मौसम विभाग ने मंगलवार को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और सिरमौर जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग के अनुसार एक दिन में 115.6 मिलीमीटर से 204.5 मिलीमीटर तक होने वाली बारिश को बहुत भारी और 204.5 मिलीमीटर से अधिक बारिश को अत्यधिक भारी माना जाता है.

दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में तेज हवाओं का अलर्ट

बारिश के साथ-साथ कई इलाकों में तेज हवा का भी खतरा है. जम्मू-कश्मीर में 21 से 26 जुलाई तक 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान में भी 21 से 25 जुलाई के बीच आंधी, बिजली और 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी गरज-चमक का अलर्ट जारी किया गया है. और उत्तर प्रदेश में 22 से 24 जुलाई के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है.

राजस्थान में मानसून एक्टिव, कई जिलों में बारिश का अलर्ट

राजस्थान में करीब दो सप्ताह के बाद एक बार फिर दक्षिण-पश्चिम मानसून एक्टिव हो गया है. बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के पूर्वी हिस्से में भारी से अत्यधिक भारी बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार सुबह तक बीते 24 घंटों में सीकर में सर्वाधिक 10 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई. इसके बाद झुंझुनूं के नवलगढ़ में 9 सेंटीमीटर, बारां के शाहाबाद में 8 सेंटीमीटर और झुंझुनूं, धौलपुर के बाड़ी और बसेड़ी में 7-7 सेंटीमीटर बारिश हुई. धौलपुर, जयपुर, सीकर, झुंझुनूं और बारां जिलों के कुछ स्थानों पर भी भारी से अत्यधिक भारी बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार को भरतपुर, जयपुर और अजमेर के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है. पूर्वानुमान के अनुसार 22 से 26 जुलाई के बीच कोटा, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर के अधिकतर क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है. इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी तथा एक-दो स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा हो सकती है.

मध्य भारत में आगामी दिनों में जारी रहेगा बारिश का दौर

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में 21 से 26 जुलाई के दौरान बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है. पश्चिमी मध्य प्रदेश में 22 से 24 जुलाई, जबकि पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में पूरे सप्ताह व्यापक बारिश हो सकती है. छत्तीसगढ़ में 21 से 26 जुलाई तक कई स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है.

पूर्वी भारत में बिहार, झारखंड और बंगाल पर बारिश का अलर्ट

पूर्वी भारत में बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और ओडिशा में अगले छह दिनों तक बारिश का दौर बना रहेगा. 21 जुलाई को झारखंड के कई इलाकों में बारिश हो सकती है. उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी इस दौरान भारी बारिश की संभावना है. बिहार में 21 से 23 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया है. जबकि, ओडिशा में 21 से 22 जुलाई के दौरान कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. इन राज्यों में गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है.

पूर्वोत्तर भारत में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा

असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 21 से 26 जुलाई तक व्यापक बारिश होने की संभावना है. असम और मेघालय में 22 से 26 जुलाई के दौरान भारी बारिश हो सकती है, जबकि नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 22 से 24 जुलाई के बीच भारी वर्षा का अनुमान है.

पश्चिम भारत में कोंकण, गोवा और गुजरात में बारिश

कोंकण और गोवा में 21 से 26 जुलाई तक लगातार बारिश जारी रहने की संभावना है. मध्य महाराष्ट्र में 22 से 23 जुलाई, जबकि गुजरात क्षेत्र में 25 और 26 जुलाई को व्यापक बारिश हो सकती है. सौराष्ट्र, कच्छ और मराठवाड़ा में भी कई स्थानों पर बारिश का अनुमान है.

दक्षिण भारत में भी सक्रिय रहेगा मानसून

दक्षिण भारत में तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल और रायलसीमा में 21 से 26 जुलाई तक अलग-अलग स्थानों पर बारिश होती रहेगी. तटीय कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के कई इलाकों में गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ स्थानों पर भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है.

Also Read: यूपी में आज भी गरज-चमक के साथ होगी भारी बारिश, जानिए अगले 7 दिन कैसा रहेगा मौसम? IMD ने जारी किया अभी-अभी पूर्वानुमान


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >