Heavy Rain Alert: देश के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी शुरू हो चुकी है, लेकिन बंगाल की खाड़ी में बन रहा मौसम सिस्टम पूर्वी और मध्य भारत में मौसम बिगाड़ सकता है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बना स्पष्ट कम दबाव का क्षेत्र अगले 48 घंटों में पहले डिप्रेशन और फिर डीप डिप्रेशन में बदल सकता है. इसके असर से तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 23-24 सितंबर, जबकि ओडिशा और छत्तीसगढ़ में 24 सितंबर को कुछ जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है.
बंगाल की खाड़ी में तेजी से मजबूत हो रहा सिस्टम
IMD के मुताबिक 21 सितंबर की सुबह पश्चिम-मध्य और उससे सटे पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक स्पष्ट कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ था. यह सिस्टम पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है. अगले 24 घंटों के दौरान इसके पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में डिप्रेशन बनने की बहुत संभावना है. इसके बाद अगले 24 घंटों में यह और ताकतवर होकर पश्चिम-मध्य और उससे सटे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में डीप डिप्रेशन में बदल सकता है. मौसम विभाग का अनुमान है कि यह सिस्टम 23 सितंबर की सुबह के आसपास उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तटों के करीब पहुंच सकता है.
तटीय आंध्र प्रदेश में 23-24 सितंबर को सबसे ज्यादा असर
- IMD के मुताबिक 22 सितंबर को तटीय आंध्र प्रदेश और यनम के कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है.
- 23 और 24 सितंबर को मौसम और बिगड़ सकता है. इन दोनों दिनों में कुछ जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है.
- 23 से 25 सितंबर के दौरान यहां गरज के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं. हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है और झोंकों के साथ यह 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
- ओडिशा में 24 सितंबर को अत्यधिक भारी बारिश
ओडिशा पर भी इस मौसमी सिस्टम का खासा असर दिख सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक 22, 23, 24 और 25 सितंबर को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है. सबसे ज्यादा बारिश 24 सितंबर होने की संभावना है. 23 और 24 सितंबर के दौरान ओडिशा में गरज के साथ आंधी चल सकती है. हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है और झोंकों के साथ 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
छत्तीसगढ़ में भी 24 सितंबर को बिगड़ेगा मौसम
छत्तीसगढ़ में 22 से 27 सितंबर तक कई इलाकों में बारिश जारी रहने की संभावना है. 23 सितंबर और फिर 25-26 सितंबर को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है. वहीं 24 सितंबर को राज्य के अलग-अलग हिस्सों में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी है.
23 सितंबर को छत्तीसगढ़ में गरज के साथ तेज आंधी चलने की भी संभावना है. हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है और झोंकों के साथ 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
| राज्य | सबसे ज्यादा असर |
| तटीय आंध्र प्रदेश और यनम | 23-24 सितंबर को अत्यधिक भारी बारिश |
| ओडिशा | 24 सितंबर को अत्यधिक भारी बारिश |
| छत्तीसगढ़ | 24 सितंबर को अत्यधिक भारी बारिश |
बंगाल की खाड़ी में तेज होंगी हवाएं
- डीप डिप्रेशन बनने की संभावना के साथ समुद्र में हवाएं भी तेज होने लगेंगी. 22 सितंबर की शाम से मध्य बंगाल की खाड़ी में हवा की रफ्तार 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. झोंकों के साथ गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है.
- 23 सितंबर से 24 सितंबर की शाम तक पश्चिम-मध्य और उससे सटे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में हवा की रफ्तार और बढ़कर 55-65 किलोमीटर प्रति घंटे हो सकती है. झोंकों में इसकी गति 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है.
उत्तर आंध्र-ओडिशा तट के पास समुद्र रहेगा खराब
- IMD के मुताबिक 22 सितंबर की शाम से 24 सितंबर की शाम तक उत्तर आंध्र प्रदेश, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटों के आसपास समुद्र की स्थिति खराब से बहुत खराब रह सकती है.
- पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में 22 से 24 सितंबर और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में 22 से 24 सितंबर तक समुद्र में हालात खराब से बहुत खराब रहने की संभावना है.
