यूपी में हाहाकार, दिल्ली से राजस्थान तक आग उगल रहा मौसम, 48 डिग्री पहुंचा तापमान

Heat Wave Alert: उत्तर भारत भीषण गर्मी और हीट वेव की चपेट में है. दिल्ली, यूपी और राजस्थान समेत कई राज्यों में तापमान 45 से 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. IMD ने कई इलाकों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. दिल्ली में पारा 46 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है, जबकि यूपी का बांदा 48.2 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा. राजस्थान में भी अगले एक सप्ताह तक राहत के आसार नहीं हैं.

Heat Wave Alert: उत्तर भारत में भीषण गर्मी से लोगों का हाल बेहाल है. आसमान से मानो आग बरस रहा है. दिल्ली, यूपी, राजस्थान समेत कई और राज्यों में पारा 45 से 48 डिग्री सेल्सियस पार कर गया है. 10 बजे के बाद सड़कें सुनसान हो जा रही है. रिकॉर्ड तोड़ गर्मी ने लोगों का बुरा हाल कर दिया है. भीषण गर्मी के साथ-साथ हीट वेव का भी प्रकोप दिखाई पड़ रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कई इलाकों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है.

दिल्ली में भीषण गर्मी का कहर, 46 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान

देश की राजधानी दिल्ली में बुधवार सुबह से ही तेज गर्मी का असर देखने को मिला. शहर का न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक है. मौसम विभाग ने दिनभर भीषण गर्मी पड़ने की आशंका जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार दिल्ली में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है. दिल्ली के विभिन्न मौसम केंद्रों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया. सफदरजंग: 28.3 डिग्री सेल्सियस, पालम में 28.5 डिग्री सेल्सियस, लोधी रोड में 26.8°C डिग्री सेल्सियस, रिज में 28.0 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में 27.0 डिग्री सेल्सियस. इन सभी इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक हैं.

अधिकतम तापमान 45 डिग्री के पार

इससे पहले मंगलवार को इस महीने पहली बार लू की स्थिति दर्ज की गई. चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं के कारण शहर के कई इलाकों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने आने वाले दिनों में भीषण लू की चेतावनी देते हुए 25 मई तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. आईएमडी के अनुसार सफदरजंग मौसम केंद्र में अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.7 डिग्री अधिक रहा. पालम स्टेशन पर भी तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि लोधी रोड में अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. सबसे अधिक तापमान रिज क्षेत्र में 46.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा था. वहीं आयानगर में तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया.

यूपी में झुलसाने वाली गर्मी, तप रहा बांदा

उत्तर प्रदेश के कई जिले भीषण गर्मी की चपेट में हैं. बांदा जिले का तापमान बीते 24 सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. यह सामान्य से 4.7 डिग्री सेल्सियस अधिक है. इसके अलावा बीते 24 घंटे में सबसे अधिक तापमान वाले जिलों में आगरा 46.05 डिग्री सेल्सियस, झांसी 46.05 डिग्री सेल्सियस, हामिरपुर 46.02 डिग्री सेल्सियस, प्रयागराज 45.08 डिग्री सेल्सियस शामिल रहे. इन इलाकों में भीषण गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक 20 से 26 मई के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश और 20 से 23 मई तक पूर्वी उत्तर प्रदेश में लू से भीषण लू चल सकती है. वहीं 24 से 26 मई के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश में भीषण लू की संभावना और बढ़ जाएगी.

राजस्थान में भीषण गर्मी, एक सप्ताह तक राहत के आसार नहीं

राजस्थान के अधिकांश इलाके इस समय भीषण गर्मी की चपेट में हैं. मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है और आने वाले दिनों में तापमान ऊंचा बना रहेगा. मौसम केंद्र जयपुर के मुताबिक, राज्य के ज्यादातर हिस्सों में अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. इस दौरान पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों और दक्षिण-पूर्वी भागों में कुछ स्थानों पर रातों में भी गर्मी का सितम जारी रहेगा.

धूल भरी हवाएं बढ़ाएंगी परेशानी

मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के पश्चिमी, उत्तरी और पूर्वी क्षेत्रों में अगले तीन से चार दिनों तक 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज धूल भरी हवाएं चलने की संभावना है. बीते 24 घंटों के दौरान राज्य में चित्तौड़गढ़ राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.

कई राज्यों में लू और भीषण गर्मी का अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक दिल्ली यूपी और राजस्थान के अलावा देश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी रहने की संभावना है.

पंजाब, हरियाणा और मध्य प्रदेश में भीषण लू का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार 20 और 21 मई और 24 से 26 मई के दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ के कई इलाकों में लू से लेकर भीषण लू चलने की अत्यधिक संभावना है. मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में 20 से 25 मई तक लू से भीषण लू का असर बना रह सकता है. इसके अलावा 26 मई को भी राज्य के कुछ हिस्सों में लू चलने की आशंका है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pritish Sahay

प्रीतीश सहाय, इन्हें इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में 12 वर्षों से अधिक का अनुभव है. ये वर्तमान में प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं. मीडिया जगत में अपने अनुभव के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण विषयों पर काम किया है और डिजिटल पत्रकारिता की बदलती दुनिया के साथ खुद को लगातार अपडेट रखा है. इनकी शिक्षा-दीक्षा झारखंड की राजधानी रांची में हुई है. संत जेवियर कॉलेज से ग्रेजुएट होने के बाद रांची यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की. इसके बाद लगातार मीडिया संस्थान से जुड़े रहे हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत जी न्यूज से की थी. इसके बाद आजाद न्यूज, ईटीवी बिहार-झारखंड और न्यूज 11 में काम किया. साल 2018 से प्रभात खबर के साथ जुड़कर काम कर रहे हैं. प्रीतीश सहाय की रुचि मुख्य रूप से राजनीतिक खबरों, नेशनल और इंटरनेशनल इश्यू, स्पेस, साइंस और मौसम जैसे विषयों में रही है. समसामयिक घटनाओं को समझकर उसे सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने की इनकी हमेशा कोशिश रहती है. वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन करते रहे हैं. इसके साथ ही विज्ञान और अंतरिक्ष से जुड़े विषयों पर भी लिखते हैं. डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में काम करते हुए उन्होंने कंटेंट प्लानिंग, न्यूज प्रोडक्शन, ट्रेंडिंग टॉपिक्स जैसे कई क्षेत्रों में काम किया है. तेजी से बदलते डिजिटल दौर में खबरों को सटीक, विश्वसनीय और आकर्षक तरीके से प्रस्तुत करना पत्रकारों के लिए चुनौती भी है और पेशा भी, इनकी कोशिश इन दोनों में तालमेल बनाते हुए बेहतर और सही आलेख प्रस्तुत करना है. वे सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की जरूरतों को समझते हुए कंटेंट तैयार करते हैं, जिससे पाठकों तक खबरें प्रभावी ढंग से पहुंच सकें. इंटरनेशनल विषयों में रुचि होने कारण देशों के आपसी संबंध, वार अफेयर जैसे मुद्दों पर लिखना पसंद है. इनकी लेखन शैली तथ्यों पर आधारित होने के साथ-साथ पाठकों को विषय की गहराई तक ले जाने का प्रयास करती है. वे हमेशा ऐसी खबरों और विषयों को प्राथमिकता देते हैं जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय लिहाज से महत्वपूर्ण हों. रूस यूक्रेन युद्ध, मिडिल ईस्ट संकट जैसे विषयों से लेकर देश की राजनीतिक हालात और चुनाव के दौरान अलग-अलग तरह से खबरों को पेश करते आए हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >