जी20 शिखर सम्मेलन : कुछ इस अंदाज में पीएम मोदी ने किया आयोजन स्थल पर मेहमानों का स्वागत, देखें तस्वीर

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को कहा कि भारत की जी20 अध्यक्षता की थीम ‘वसुधैव कुटुंबकम-एक पृथ्वी, एक कुटुंब, एक भविष्य’ टिकाऊ, समावेशी और मानव केंद्रित विकास का वैश्विक खाका है. तस्वीरों में देखें पीएम मोदी ने कैसे किया मेहमानों का स्वागत

नौ और दस सितंबर को होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन को लेकर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में दुनिया के दिग्गज नेता जुट चुके हैं. सम्मेलन में पहुंचे मेहमानों के स्वागत के लिए खास इंतजाम किये गये हैं.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जी20 शिखर सम्मेलन के आयोजन स्थल ‘भारत मंडपम’ में विश्व नेताओं का शनिवार सुबह स्वागत किया. इस अवसर पर पीएम मोदी खास ड्रेस में नजर आये. उन्होंने कुर्ता-पायजामा के ऊपर बंडी पहन रखी थी.

संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुतारेस, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) की प्रबंध निदेशक एवं चेयरमैन क्रिस्टालिना जॉर्जीवा और विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) की महानिदेशक नगोजी ओकोंजो-इवीला आयोजन स्थल पर सबसे पहले पहुंचने वालों में शामिल थे.

बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना भी यहां प्रगति मैदान में नवनिर्मित सम्मेलन स्थल पर पहुंचीं.

पीएम मोदी ने जिस जगह पर विश्व नेताओं का स्वागत किया उसके ठीक पीछे 13वीं शताब्दी की प्रसिद्ध कलाकृति कोणार्क चक्र की प्रतिकृति स्थापित की गयी है. इस चक्र को समय, प्रगति और निरंतर परिवर्तन का प्रतीक माना जाता है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए आ रहे विश्व के विभिन्न नेताओं के साथ 15 से अधिक द्विपक्षीय बैठकें करेंगे. प्रधानमंत्री शनिवार को जी-20 कार्यक्रमों में भाग लेने के अलावा ब्रिटेन, जापान, जर्मनी और इटली के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे. मोदी रविवार को फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ दोपहर के भोजन पर बैठक करेंगे. प्रधानमंत्री अपने कनाडाई समकक्ष के साथ भी बैठक करेंगे.

मेहमानों को यहां शिखर सम्मेलन स्थल पर प्रतिनिधिमंडल केंद्र में प्रवेश करने पर फ्रेंच में ‘बिएनवेन्यू’ से लेकर तुर्की में ‘होसगेल्डिनिज’ तक कई भाषाओं में स्वागत किया जायेगा. रंग-बिरंगी पृष्ठभूमि में जर्मन में ‘विलकोमेन’ से लेकर इंडोनेशियाई में ‘सेलामत डेटांग’ और स्पेनिश में ‘बिएनवेनिडो’ से लेकर तुर्की में ‘होसगेल्डिनिज’ लिखे गये हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Amitabh Kumar

अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >