कुलगाम आतंकी हमला: मजदूरों की हत्या पर भड़के फारुक अब्दुल्ला, कहा- आतंकवाद खत्म हुआ तो मारने वाले कौन?

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में दो प्रवासी मजदूरों की हत्या के बाद नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारुक अब्दुल्ला ने केंद्र सरकार के आतंकवाद खत्म होने के दावे पर सवाल उठाए हैं.

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में दो प्रवासी मजदूरों की हत्या के बाद सियासत तेज हो गई है. नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री प्रमुख फारुक अब्दुल्ला ने घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है. उन्होंने केंद्र सरकार के आतंकवाद खत्म होने के दावे पर भी सवाल उठाए हैं. फारुक अब्दुल्ला ने कुलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि दोषियों की पहचान होनी चाहिए. उन्होंने सवाल उठाया कि अगर जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद खत्म हो चुका है, तो ऐसे हमले कौन कर रहा है? बीते 10 दिनों में दक्षिण कश्मीर में यह दूसरी ऐसी घटना है. इससे पहले अनंतनाग में एक हेड कांस्टेबल की हत्या कर दी गई थी और अब कुलगाम में दो मजदूरों को गोली मारकर हत्या कर दी गई है.

हाल ही में एक पुलिस कॉन्स्टेबल और दो प्रवासी मजदूरों की हत्या हुई. अगर आतंकवाद खत्म हो गया है तो ये हमलावर कौन हैं? पूरी सीमा सुरक्षित होने का दावा किया जाता है, फिर ये लोग कहां से आ रहे हैं? 2019 के बाद कहा गया था कि हालात बदल जाएंगे, लेकिन क्या आतंकवाद वास्तव में खत्म हुआ है? हम सिर्फ अपने अधिकारों और सम्मान की बहाली चाहते हैं- नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारुक अब्दुल्ला

राज्य का दर्जा बहाली की मांग के बीच उठाया सवाल

फारुक अब्दुल्ला ने कहा कि हर बार जब जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग तेज होती है, उसी दौरान ऐसी घटनाएं सामने आती हैं. उन्होंने कहा कि इस हमले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यह पता लगाया जाए कि इसके पीछे कौन लोग हैं.

कुलगाम में क्या हुआ था?

शुक्रवार (31 जुलाई) को कुलगाम जिले के केल्लम इलाके में ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे छत्तीसगढ़ के दो गैर-स्थानीय मजदूरों पर आतंकियों ने गोलीबारी कर दी. हमले में दीपक की मौके पर मौत हो गई, जबकि भूपिंदर कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए. बाद में इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया.

TRF ने ली हमले की जिम्मेदारी

प्रतिबंधित आतंकी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF), जिसे लश्कर-ए-तैयबा का प्रॉक्सी संगठन माना जाता है, ने हमले की जिम्मेदारी ली है. घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है.

जम्मू कश्मीर के बारामूला में आतंकवादियों का मददगार गिरफ्तार

जम्मू कश्मीर के बारामूला जिले में सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों के एक संदिग्ध मददगार को गिरफ्तार कर उसके पास से हथियार और गोला-बारूद बरामद किया है. अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान ऐजाज अहमद गनाई के रूप में हुई है. गनाई को पुलिस, सेना और अर्धसैनिक बलों की एक संयुक्त टीम ने देर रात बारामूला के शीरी इलाके में गोरीवान में एक वाहन जांच चौकी से गिरफ्तार किया. अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने ऐजाज के पास से एक पिस्तौल, 9 मिमी के 10 कारतूस, एक मैगजीन और एक मोबाइल फोन बरामद किया है.

Also Read: दिपके की अमेरिका में पढ़ाई का खर्च कहां से आया? RTI एक्टिविस्ट ने उठाए सवाल, जांच की मांग


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रीतीश सहाय

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >