Crime News: तेलंगाना के कामारेड्डी जिले की गोसांगी कॉलोनी में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. मांसाहारी करी और आर्थिक समस्याओं को लेकर हुए विवाद में एक महिला ने अपने ही पति की हत्या कर दी. पुलिस ने सोमवार को घटना की पुष्टि की. मृतक की पहचान कोंडंडा शिव के रूप में हुई है.
हंसिया से हमला कर की हत्या
पुलिस ने घटना को लेकर बताया कि विवाद के दौरान पत्नी लक्ष्मी ने अचानक हंसिया से पति की गर्दन पर वार कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं. बहुत ज्यादा खून बहने से शख्स की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. घटना के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है.
टीवी की आवाज को लेकर विवाद में पत्नी ने पति को चाकू मारा
ऐसा ही एक वाक्या आंध्र प्रदेश में भी हुआ है. राज्य के गुंटूर जिले में भी पति-पत्नी के बीच विवाद अचानक से हिंसक हो गया. टीवी की आवाज को लेकर हुए झगड़े के बाद पत्नी ने कथित तौर पर पति पर चाकू से हमला कर दिया.
इलाज के दौरान हुई मौत
चाकू से हमले के बाद पति को स्थानीय लोगों ने तुरंत विजयवाड़ा के सरकारी जनरल अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मृतक की पहचान शेख अहमद के रूप में हुई है, जो एसी मैकेनिक थे. वह जिले के मंगलागिरी स्थित टीआईडीको हाउसिंग कॉलोनी में अपनी पत्नी के साथ रहते थे. घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच कर रही है.
