Delhi New CM : दिल्ली का मुख्यमंत्री बीजेपी किसे बनाएगी? वीरेंद्र सचदेवा ने कर दिया इशारा

Delhi New CM : दिल्ली का मुख्यमंत्री बीजेपी किसे बनाएगी? इस सवाल का जवाब दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने दिया है. जानें उन्होंने क्या कहा?

Delhi New CM : दिल्ली में विधानसभा चुनाव की मतगणना जारी है. बीजेपी रुझानों में आगे हैं. इस बीच बीजेपी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि दिल्ली का अगला मुख्यमंत्री बीजेपी से होगा लेकिन नाम पर निर्णय पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व लेगा. निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर जारी मतगणना के शुरुआती रुझानों में दिल्ली में बीजेपी 43 जबकि आम आदमी पार्टी (आप) 27 विधानसभा सीट पर आगे है. वीरेंद्र सचदेवा ने कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद मीडिया से बात की.

वीरेंद्र सचदेवा ने मीडिया से बात करते हुए कहा, ‘‘अब तक के परिणाम हमारी उम्मीदों के अनुरूप हैं लेकिन हम अंतिम परिणाम की प्रतीक्षा करेंगे.’’ सचदेवा के अनुसार, बीजेपी उम्मीदवारों ने पूरी मेहनत से काम किया है. दिल्ली के मतदाताओं ने विकास और भ्रष्टाचार मुक्त शासन मॉडल को चुना है. उन्होंने कहा, ‘‘लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व इसलिए चुना क्योंकि वे विकास का एक मॉडल चाहते थे. बीजेपी दिल्ली में ‘डबल इंजन सरकार’ बनाएगी.’’

जीत प्रधानमंत्री मोदी के दृष्टिकोण की : बीजेपी

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, ‘‘हमें यह कहने में कोई संकोच नहीं है कि यह जीत प्रधानमंत्री मोदी के दृष्टिकोण की है. हम यह सुनिश्चित करेंगे कि दिल्ली को एक मजबूत और स्थिर सरकार मिले.’’ सचदेवा ने आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल और उनकी पार्टी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि बीजेपी ने दिल्लीवासियों को प्रभावित करने वाले वास्तविक मुद्दों जैसे टूटी सड़कें, शराब नीति विवाद, गंदा पानी और भ्रष्टाचार पर चुनाव लड़ा है.

केजरीवाल पर जवाबदेही से बचने का आरोप

केजरीवाल पर जवाबदेही से बचने का आरोप लगाते हुए सचदेवा ने कहा, ‘‘जब भी हमने उनसे इन मुद्दों पर सवाल किया, तो या तो वे चुप रहे या भाग गए. उन्होंने झूठे वादे करके चुनाव जीतने की कोशिश की. ’’ बीजेपी नेता ने कहा कि दिल्ली की जनता ने उनके संघर्ष को समझा और बदलाव के लिए वोट दिया. उन्होंने कहा, ‘‘ दिल्ली का दर्द वास्तविक है और लोगों ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व को चुनकर इसे समाप्त करने के लिए वोट दिया है.’’

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Amitabh Kumar

अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >