दिल्ली सरकार ने महिलाओं के लिए लक्ष्मी योजना की शुरुआत कर दी है. योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने ₹2,500 की आर्थिक मदद मिलेगी. लेकिन यह पूरी रकम सीधे खर्च करने के लिए एक साथ नहीं मिलेंगे. सरकार ने इस योजना के तहत महिलाओं के लिए खास प्लान बनाया है.
दिल्ली की महिलाओं के लिए शुरू हुई लक्ष्मी योजना
- दिल्ली में 26 अगस्त को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में लक्ष्मी योजना की शुरुआत करते हुए कुछ पात्र महिलाओं को स्वीकृति पत्र दिए.
- सरकार के मुताबिक, योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने ₹2,500 दिए जाएंगे. इसकी पहली किस्त 1 सितंबर 2026 से मिलनी शुरू होगी.
- 22 अगस्त तक करीब 9.22 लाख महिलाओं ने पंजीकरण कराया था. इनमें से 6.63 लाख से ज्यादा महिलाओं ने अपना आवेदन पूरा करके जमा कर दिया था.
- जांच के बाद फिलहाल 5 हजार महिलाओं को पहली किस्त के लिए पात्र माना गया है.हालांकि योजना के लिए आवेदन अभी भी किए जा सकते हैं.
ये भी पढ़ें: चीनी और प्याज के बाद मुंबई में दूध ₹9 महंगा, क्या बिहार-झारखंड में भी बढ़ेंगे दाम?
लक्ष्मी योजना के ₹2,500 खाते में कैसे आएंगे ?
- यह समझना जरूरी है कि सरकार हर महीने ₹2,500 रुपये सीधे कैश के तौर पर नहीं देगी. इस रकम को दो हिस्सों में रखा जाएगा.
- ₹1,000 डिजिटल रुपये के रूप में सीबीडीसी वॉलेट में आएंगे. इस पैसे का इस्तेमाल महिलाएं तय सामान और सेवाएं खरीदने के लिए कर सकेंगी.
- बाकी ₹1,500 बचत के तौर पर आरडी या एफडी में जमा होंगे. यह पैसा तुरंत निकालकर खर्च नहीं किया जा सकेगा. योजना के अनुसार, यह रकम तीन साल बाद मिल सकेगी.
- यानी आसान भाषा में समझें तो हर महीने मिलने वाले ₹2,500 में से ₹1,000 का इस्तेमाल किया जा सकेगा, जबकि ₹1,500 भविष्य के लिए बचेंगे.
शराब और सट्टे में खर्च नहीं कर पाएंगी पैसे
सीबीडीसी वॉलेट में आने वाले ₹1,000 को हर जगह खर्च नहीं किया जा सकेगा. सरकार ने कुछ चीजों को इसके इस्तेमाल से बाहर रखा है.
इन पैसों से शराब, तंबाकू, नशीले सामान, लॉटरी, जुआ और सट्टेबाजी जैसी चीजों का भुगतान नहीं किया जा सकेगा. यानी सरकार चाहती है कि इस पैसे का इस्तेमाल रोजमर्रा की जरूरतों के लिए हो.
ये भी पढ़ें: सेना का वो मेजर जिसने भारत को दिलाए 3 ओलंपिक गोल्ड, जानिए कौन था हॉकी का जादूगर
महिलाएं चाहें तो बचा भी सकती हैं पूरी रकम
- लाभार्थी महिलाओं को बचत का विकल्प भी दिया गया है. यानी महिलाओं को डबल बचत का मौका मिलेगा
- अगर कोई महिला चाहती है कि उसे मिलने वाली पूरी ₹2,500 की रकम भविष्य के लिए जमा हो, तो वह पूरी राशि आरडी या एफडी में डालने का विकल्प चुन सकती है.
- इसका फायदा यह होगा कि तीन साल बाद महिला को जमा रकम एक साथ मिल सकेगी. इस पर लागू नियमों के अनुसार ब्याज का लाभ भी मिल सकता है.
किन महिलाएं को मिलेगा योजना का लाभ?
योजना का लाभ लेने के लिए कुछ जरूरी शर्तें रखी गई हैं.
- योजना के दिशा-निर्देशों के अनुसार, 21 से 60 साल की महिलाएं इसके लिए आवेदन कर सकती हैं.
- योजना का लाभ लेने वाले महिला के परिवार की सालाना आय ₹2.50 लाख से ज्यादा नहीं होनी चाहिए.
- महिला का दिल्ली की मतदाता सूची में नाम होना भी जरूरी है.
- इसके अलावा सरकारी नौकरी करने वाली, आयकर देने वाली और कुछ दूसरी सरकारी आर्थिक योजनाओं का लाभ लेने वाली महिलाओं को योजना से बाहर रखा गया है.
ये भी पढ़ें: 15 हजार रुपये की कमी से शुरू हुआ भारत का गोल्डन सफर, जब ध्यानचंद ने दिलाया पहला ओलंपिक हॉकी गोल्ड
बैंक खाता और मोबाइल वॉलेट जरूरी
लक्ष्मी योजना का पैसा पाने के लिए महिला के पास सक्रिय बैंक खाता होना जरूरी है. सीबीडीसी वाले हिस्से के लिए मोबाइल में डिजिटल रुपये का वॉलेट भी जरूरी होगा.
यानी सरकार हर महीने ₹2,500 की मदद देगी, लेकिन इसका एक हिस्सा तुरंत इस्तेमाल के लिए और दूसरा हिस्सा भविष्य की बचत के लिए रखा जाएगा. इससे महिलाओं को आर्थिक मदद के साथ बचत का फायदा भी मिलेगा.
