Delhi Judge Dead : जज की मौत के बाद परिवार ने उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए मौत पर सवाल उठाए हैं. पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और हर एंगल से पड़ताल हो रही है. पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में मामला फंदा लगाकर आत्महत्या का लग रहा है. घटना की जानकारी उनके बहनोई शिवम ने दी, जिसके बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची.
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि अब तक किसी साजिश के सबूत नहीं मिले हैं, लेकिन एहतियात के तौर पर हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है. वहीं परिवार ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अमन मानसिक रूप से काफी परेशान थे और कुछ समय पहले उन्होंने उत्पीड़न की शिकायत भी की थी.
अमन को सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया
मृतक के रिश्तेदार राजेश शर्मा ने बताया कि परिवार को शुक्रवार (1 मई) देर रात सूचना मिली. शर्मा ने कहा कि मेरा बेटा और मेरी बहू (अमन की बहन) ग्रीन पार्क गए थे. अमन को सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया था, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. अमन के पिता प्रेम शर्मा के पुलिस को दिए गए कथित बयान का हवाला देते हुए राजेश ने कहा कि अमन ने घटना वाली रात करीब 10 बजे अपने पिता को फोन किया और अपनी परेशानी बताई.
यह भी पढ़ें : दिल्ली के सफदरजंग इलाके में जज ने की आत्महत्या, फंदे से लटका मिला शव
राजेश ने दावा किया कि अमन ने अपने पिता से कहा था कि मैं बहुत परेशान हूं. मेरे लिए जीना मुश्किल हो गया है. मुझे दो महीने से प्रताड़ित किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि अमन का अपनी पत्नी से विवाद हुआ था, जो स्वयं एक न्यायिक अधिकारी हैं. अमन की पत्नी की बहन एक आईएएस अधिकारी हैं और जम्मू में तैनात हैं.
अमन का पत्नी के साथ हुआ था झगड़ा
राजेश ने आरोप लगाया कि रात में अमन का उसकी पत्नी के साथ झगड़ा हुआ था. उन्होंने कहा कि अमन की पत्नी बहुत गुस्से में थी और चिल्ला रही थी, जबकि अमन रो रहे थे. फिर अचानक से खामोशी छा गई.
अमन ने 19 जून 2021 को दिल्ली न्यायिक सेवा जॉइन की
आधिकारिक रिकॉर्ड के मुताबिक अमन कुमार शर्मा ने 19 जून 2021 को दिल्ली न्यायिक सेवा जॉइन की थी. उन्होंने Symbiosis Law School से पढ़ाई की और 18 अक्टूबर 2025 से कड़कड़डूमा कोर्ट में डीएलएसए के फुल-टाइम सेक्रेटरी के तौर पर काम संभाला.
