चक्रवाती तूफान ‘असानी’ (Cyclone Asani) को लेकर मौसम विभाग की ओर से चेतावनी जारी की गई है. तूफान Asani का असर झारखंड के कुछ हिस्सों पर भी पड़ सकता है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र के ऊपर बना गहरा दबाव वाला क्षेत्र रविवार को और तीव्र होकर चक्रवाती तूफान ‘‘असानी” में बदल गया. इस बीच, आइएमडी ने शनिवार को बताया कि बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान ओड़िशा या आंध्र में दस्तक नहीं देगा, पर ओड़िशा तट के समानांतर आगे बढ़ेगा. इसकी वजह से ओड़िशा तट के पास समुद्र की स्थिति नौ व 10 मई को खराब रहेगी. समुद्र में हवा की गति बढ़ कर 80 से 90 किमी प्रति घंटे हो जायेगी.
पुरी में भारी बारिश की चेतावनी
आइएमडी के अनुसार, तूफान Asani के प्रभाव से ओड़िशा के तटीय जिलों-गंजम, गजपति, खुर्दा, जगतसिंहपुर व पुरी में 10 मई की शाम के बाद बारिश होगी. 11 मई को गंजम, खुर्दा, पुरी व कटक में भारी बारिश हो सकती है. ओड़िशा सरकार ने एनडीआरएफ के 17 दलों, ओड़िशा आपदा त्वरित कार्रवाई बल व दमकल विभाग के 175 दलों को बुलाया है. आइएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने कहा कि ओड़िशा तट के पास समुद्र की स्थिति नौ व 10 मई को खराब रहेगी. ओड़िशा के तटीय क्षेत्रों में हवा की गति लगभग 40से 50 किलोमीटर प्रति घंटे से बढ़ कर 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो जायेगी. 11 मई के बाद हवा की गति धीरे-धीरे कम हो जायेगी.
झारखंड में 13 मई तक होगी बारिश, 40 से नीचे रहेगा पारा
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 13 मई तक राज्य के विभिन्न इलाकों में बारिश होती रहेगी. इस दौरान गर्जन भी हो सकता है. राज्य में लोगों को एक सप्ताह से गर्मी से राहत मिली हुई है. दिन में धूप होने के बाद शाम होते-होते मौसम बदल जा रहा है. बादल और तेज हवा के साथ कभी-कभी बारिश भी हो जा रही है. इसका असर अधिकतम तापमान पर दिख रहा है. राज्य के अधिकांश जिलों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेसि नीचे चल रहा है. मौसम केंद्र ने 11 मई को राज्य के दक्षिण, पूर्वी-मध्य तथा उत्तर-पूर्वी भागों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ वज्रपात की चेतावनी है. इस दौरान हवा की गति 30 से 40 किमी प्रति घंटे हो सकती है. सभी जिलों का अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेसि के बीच हो सकता है.
Also Read: Weather Forecast LIVE Updates: चक्रवात ‘असानी’ मचाएगा तबाही! यहां होगी भारी बारिश, जानें मौसम का हाल
बिहार का मौसम
बिहार में अभी पुरवैया हवा शक्तिशाली बनी रहेगी. अगले चार दिन तक चंपारण क्षेत्र, उत्तर और पूर्व बिहार में प्री मॉनसून बारिश का दौर नजर आएगा. अगले एक सप्ताह तक राज्य में लू चलने की संभावना नहीं है. इधर बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे चक्रवात का फिलहाल बिहार पर कोई असर होने की आशंका नहीं है. उसके तट पर टकराने के बाद दिशा बतायेगी कि बिहार पर इसका कितना असर पड़ेगा.
