Coronavirus : हैंड सेनिटाइजर-मास्क की कालाबाजारी करने वालों की खैर नहीं, भारत में मरीजों की संख्‍या हुई 271

Coronavirus: भारत में मरीजों की संख्‍या लगातार बढ़ रही है. शनिवार को मरीजों की संख्‍या 271 पहुंच गयी है. हैंड सेनिटाइजर-मास्क की कालाबाजारी करने वालों पर सरकार की पैनी नजर है.

Coronavirus: देश के विभिन्न हिस्सों में कोरोना वायरस संक्रमण के 35 नये मामले सामने आने के बाद भारत में इस वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर शनिवार को 258 हो गयी है. हालांकि आईसीएमआर के अनुसार 271 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है. इधर, हैंड सैनिटाइजर की कालाबजारी पर केंद्रीय खाद्य आपूर्ति मंत्री रामविलास पासवान ने सख्‍त रुख अपनाया है. उन्होंने ट्वीट किया कि 200 ml के बोतल की कीमत 100 रुपये से ज्यादा नहीं होनी चाहिए. अन्य आकार की बोतलों की कीमत भी इसी अनुपात में रहेंगी. ये कीमतें 30 जून 2020 तक पूरे देश में लागू रहेंगी.

केंद्रीय खाद्य आपूर्ति मंत्री रामविलास पासवान का ट्वीट

केंद्रीय खाद्य आपूर्ति मंत्री रामविलास पासवान ने ट्वीट किया कि कोरोना वायरस कोविड-19 के फैलने के बाद से बाजार में विभिन्न फेस मास्क, इसके निर्माण में लगने वाली सामग्री और हैंड सेनिटाइजर की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि देखी गयी है. सरकार ने इसे गंभीरता से लेते हुए इनकी कीमतें तय कर दी हैं. आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत 2 और 3 प्लाई मास्क में इस्तेमाल होने वाले फैब्रिक की कीमत वही रहेगी जो 12 फरवरी 2020 को थी, 2 प्लाई मास्क की खुदरा कीमत 8 रु./मास्क और 3 प्लाई की कीमत 10 रु./मास्क से अधिक नहीं होगी. 200 ml के बोतल की कीमत 100 रुपये से ज्यादा नहीं होनी चाहिए. अन्य आकार की बोतलों की कीमत भी इसी अनुपात में रहेंगी. ये कीमतें 30 जून 2020 तक पूरे देश में लागू रहेंगी.

258 संक्रमित लोगों में से 39 विदेशी नागरिक

आईसीएमआर ने बताया कि 21 मार्च सुबह 10 बजे तक 14,811 लोगों के कुल 15,701 नमूनों की कोविड-19 संक्रमण का पता लगाने के लिए जांच की गयी. स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार कुल 258 संक्रमित लोगों में से 39 विदेशी नागरिक हैं. इन विदेशी नागरिकों में 17 इटली के, तीन फिलीपीन के, दो ब्रिटेन के तथा कनाडा, इंडोनेशिया एवं सिंगापुर के एक-एक नागरिक शामिल हैं. इस आंकड़े में दिल्ली, कर्नाटक, पंजाब और महाराष्ट्र में दर्ज किए गए कुल चार लोगों की मौत के मामले भी शामिल हैं. मंत्रालय ने कहा कि इस समय भारत में अब तक 231 लोग कोविड-19 से संक्रमित हैं. इसके अलावा 23 लोग बीमारी से उबर चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी है या वे देश से बाहर चले गये हैं और चार लोगों की मौत हो गयी है.

महाराष्ट्र में सामने आये सर्वाधिक मामले

कोविड-19 संक्रमण के देश में सर्वाधिक मामले महाराष्ट्र में सामने आये हैं. महाराष्ट्र में कोरोना वायरस से 52 लोग संक्रमित हैं जिनमें तीन विदेशी नागरिक हैं. केरल में 40 मामले दर्ज किये गये हैं जिनमें सात विदेशी नागरिक हैं. दिल्ली में कोरोना वायरस के अभी तक 26 मामले सामने आये हैं जिनमें एक विदेशी नागरिक है. उत्तर प्रदेश में 24 मामले दर्ज किये गये हैं जिनमें एक विदेशी नागरिक है. कर्नाटक में कोरोना वायरस के 15 मरीज हैं लद्दाख में अभी तक 13 और जम्मू-कश्मीर में चार लोग इससे संक्रमित हैं. तेलंगाना में संक्रमण के 19 मामले दर्ज किये गये हैं जिनमें 11 विदेशी हैं. राजस्थान में 17 मामले सामने आये हैं जिनमें दो विदेशी नागरिक हैं. गुजरात में अभी तक सात मामले सामने आ चुके हैं. हरियाणा में 17 लोग इस वायरस से संक्रमित हैं जिनमें 14 लोग विदेशी नागरिक हैं. तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और उत्तराखंड में तीन-तीन मामले दर्ज किये गये हैं. पश्चिम बंगाल, ओडिशा और पंजाब में दो-दो तथा पुडुचेरी, छत्तीसगढ़ एवं चंडीगढ़ में एक-एक मामला सामने आया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Amitabh Kumar

Published by: Prabhat Khabar

अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >