किस राज्य में कितने मामले
संक्रमण दर के मुद्दे पर भूषण ने कहा कि महाराष्ट्र में पिछले सप्ताह औसत संक्रमण दर 23 प्रतिशत थी. इसके बाद पंजाब में 8.82 प्रतिशत, छत्तीसगढ़ में 8.24 प्रतिशत, मध्य प्रदेश में 7.82 प्रतिशत, तमिलनाडु में 2.5 प्रतिशत, कर्नाटक में 2.45 प्रतिशत, गुजरात में 2.22 प्रतिशत और दिल्ली में औसत संक्रमण दर 2.04 प्रतिशत थी. पूरे देश में पिछले सप्ताह औसत संक्रमण दर 5.65 प्रतिशत थी.
आरटी-पीसीआर जांच बढ़ाने की जरूरत
भूषण ने कहा कि सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से संक्रमण के मामलों में वृद्धि की खबरें हैं और कोविड-19 संबंधी जांच में तेजी से वृद्धि किए जाने की और इसमें आरटी-पीसीआर जांच का अनुपात भी बढ़ाने की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि शनिवार को हमने इन राज्यों के साथ बैठक की और 47 जिलों के साथ भी चर्चा हुई. हमने उनसे जांच की संख्या बढ़ाने और आरटी-पीसीआर जांच पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया. स्क्रीनिंग के लिए और घनी आबादी वाले उन क्षेत्रों में, जहां मामले क्लस्टर के रूप में सामने आ रहे हैं, रैपिड एंटीजन जांच का इस्तेमाल किया जाना चाहिए.
नए मामलों में कोरोना के ब्रिटेन स्ट्रेन सबसे अधिक
वायरस के स्वरूपों के बारे में स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि 10 प्रयोगशालाओं ने दिसंबर से अब तक 11064 नमूनों की ‘जीनोम सीक्वेंसिंग’ की है, जिनमें से 807 नमूनों में ब्रिटेन में मिला कोरोना वायरस का नया स्वरूप (ब्रिटेन स्ट्रेन) पाया गया, जबकि 47 नमूनों में वायरस का दक्षिण अफ्रीकी स्वरूप (अफ्रीकी स्ट्रेन) मिला तथा एक नमूने में वायरस का ब्राजीलियाई स्वरूप (ब्राजील स्ट्रेन) मिला.
मंगलवार सुबह तक दी जा चुकी है कोरोना वैक्सीन की 6,11,13,354 खुराक
कोविड-19 रोधी टीकाकरण के तहत मंगलवार को सुबह 10 बजे तक कुल 6,11,13,354 खुराक दी जा चुकी हैं. इनमें से 81,74,916 स्वास्थ्यकर्मियों को टीके की पहली खुराक तथा 51,88,747 स्वास्थ्यकर्मियों को टीके की दूसरी खुराक दी गई है. अग्रिम पंक्ति के 89,44,742 कर्मियों को पहली खुराक तथा 37,11,221 कर्मियों को टीके की दूसरी खुराक दी गई है.