असम में घुसपैठियों पर गरजे योगी आदित्यनाथ, बोले- बोरिया-बिस्तर समेटकर बाहर जाना होगा

Assam Election 2026: असम में चुनावी सभा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और यूडीएफ पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने घुसपैठ, विकास और संस्कृति के मुद्दों को उठाते हुए एनडीए के पक्ष में वोट देने की अपील की.

Assam Election 2026: योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को असम में एक जनसभा को संबोधित किया. उन्होंने एनडीए उम्मीदवार के समर्थन में लोगों से वोट देने की अपील की और विपक्षी दलों पर जमकर हमला बोला. अपने भाषण में योगी आदित्यनाथ ने इंडियन नेशनल कांग्रेस और ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) को निशाने पर लिया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस तो चुनाव से पहले ही मैदान छोड़ चुकी है और अब समय आ गया है कि यूडीएफ को भी पूरी तरह से हटाया जाए.

असम की डेमोग्राफी बदलने की चल रही कोशिश

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एनडीए सरकार असम में घुसपैठ रोकने और राज्य की पहचान को सुरक्षित रखने के लिए हर संभव कदम उठाएगी. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और यूडीएफ ने घुसपैठियों को बढ़ावा देकर असम की डेमोग्राफी बदलने की कोशिश की है. लेकिन अब सरकार एक-एक घुसपैठिए को चिन्हित कर बाहर करने का काम कर रही है.

योगी आदित्यनाथ ने आगे कहा कि डबल इंजन सरकार असम को घुसपैठ का अड्डा नहीं बनने देगी और जो लोग दंगा फैलाते हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी. योगी ने दावा किया कि जब भी कांग्रेस को मौका मिला, उसने देश और उसकी संस्कृति को नुकसान पहुंचाया, जबकि एनडीए सरकार विरासत को बचाने और विकास को आगे बढ़ाने का काम कर रही है.

असम की संस्कृति की तारीफ में क्या बोले

अपने भाषण में योगी आदित्यनाथ ने असम की संस्कृति और परंपरा की भी जमकर तारीफ की. उन्होंने कामाख्या मंदिर का जिक्र करते हुए कहा कि यह पूरे देश के लिए आस्था का बड़ा केंद्र है. साथ ही काजीरंगा नेशनल पार्क को जैव विविधता का अनमोल उदाहरण बताया.

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि असम की धरती महान संत श्रीमंत शंकरदेव और माधवदेव की है, जिन्होंने समाज को एकता और भक्ति का संदेश दिया. उन्होंने अहोम राजवंश और वीर योद्धा लचित बोरफुकन का भी जिक्र किया और उन्हें युवाओं के लिए प्रेरणा बताया.

विकास और विरासत के बारे में क्या बोले यूपी सीएम

योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि पहले भारत रत्न सिर्फ एक परिवार तक सीमित था, लेकिन अब योग्य लोगों को सम्मान मिल रहा है. उन्होंने भूपेन हजारिका को मिला भारत रत्न और गोपीनाथ बोरदोलोई को दिए गए सम्मान का भी जिक्र किया.

योगी ने विकास के मुद्दे पर भी बात की और कहा कि आज पूर्वोत्तर में सड़क, रेल, हवाई सेवा और जलमार्ग की कनेक्टिविटी तेजी से बढ़ रही है. नए मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, आईआईटी और एम्स जैसे संस्थान बन रहे हैं.

योगी आदित्यनाथ ने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की तारीफ करते हुए कहा कि जहां-जहां एनडीए सरकार है, वहां विकास और विरासत दोनों को साथ लेकर चला जा रहा है. अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह लोगों की वर्षों पुरानी आस्था का परिणाम है.

योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां अब दंगे और कर्फ्यू खत्म हो चुके हैं और कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है. उन्होंने दावा किया कि सरकार ने सख्त कदम उठाकर अपराध पर नियंत्रण किया है.

इसे भी पढ़ें: ‘खामोश हुआ हूं, हारा नहीं’, राघव चड्ढा बोले- आम आदमी की बात करने से रोक रही पार्टी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Paritosh Shahi

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >