CJP Protest Updates: सीजेपी ने किया राष्ट्रव्यापी आंदोलन का ऐलान, छात्रों से एकजुट होने की अपील

जंतर-मंतर पर उमड़ी युवाओं की भीड़
CJP का प्रदर्शन लगातार जारी है. 23 जुलाई को भी जंतर-मंतर पर युवाओं की भीड़ भारी संख्या में जुटी हुई है. शांतिपूर्ण चल रहे प्रदर्शन के बीच बीती रात संसद मार्ग पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प की खबरें आई थी, फिलहाल माहौल शांत है. प्रदर्शन से जुड़ी पल-पल की खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ.
CJP ने किया राष्ट्रव्यापी आंदोलन का ऐलान
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने शुक्रवार (24 जुलाई) को देशव्यापी प्रदर्शन का ऐलान किया है. संगठन ने छात्रों से बड़ी संख्या में आंदोलन में शामिल होने की अपील की है. CJP का कहना है कि यह प्रदर्शन छात्रों से जुड़े मुद्दों और कथित अनियमितताओं के विरोध में किया जाएगा.
दिल्ली के कनॉट प्लेस में शाम 6:30 बजे तक सभी दुकानें हो जाएंगे बंद
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के चल रहे प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली के कनॉट प्लेस में गुरुवार शाम साढ़े 6 बजे तक सभी दुकानें, दफ्तर, रेस्तरां समेत अन्य प्रतिष्ठान को बंद करने के निर्देश दिए गए हैं.
सीजेपी से बातचीत के लिए सरकार तैयार
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलनकारी छात्र प्रतिनिधियों से बातचीत की अपील की है. उन्होंने कहा कि बीते 24 घंटों में छात्रों को चार बार बातचीत का प्रस्ताव दिया गया है. सरकार किसी भी समय और जितनी देर तक आवश्यक हो, बातचीत के लिए तैयार है. उन्होंने कहा कि आंदोलन से जुड़े सभी मुद्दों पर खुले मन से चर्चा की जाएगी.
NSA को लेकर दिल्ली पुलिस की सफाई
दिल्ली पुलिस ने कहा है कि NSA (नेशनल सिक्योरिटी एक्ट) से जुड़ा आदेश CJP आंदोलन के लिए नहीं है. पुलिस के मुताबिक, यह एक नियमित सरकारी प्रक्रिया है, जो पहले से तय थी और इसका मौजूदा छात्र आंदोलन से कोई संबंध नहीं है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर भरोसा न करें और सिर्फ आधिकारिक जानकारी पर ही विश्वास करें.
बातचीत पर नहीं बनी बात : मीडिया रिपोर्ट
NEET पेपर लीक को लेकर दिल्ली में जारी छात्र आंदोलन के बीच CJP और अन्य प्रदर्शनकारी अपने रुख पर कायम हैं. न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, केंद्र सरकार ने CJP नेतृत्व को बातचीत करने का प्रस्ताव भेजा था, लेकिन CJP ने इसे रिजेक्ट कर दिया. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बातचीत सफल नहीं हो पाई है.
सुप्रीम कोर्ट के वकीलों ने पढ़ी संविधान की प्रस्तावना, CJP प्रोटेस्ट को दिया समर्थन
दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट के वकीलों ने जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन और प्रदर्शनकारियों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में संविधान की प्रस्तावना (Preamble) का सामूहिक पाठ किया. वकीलों ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों और शांतिपूर्ण विरोध के समर्थन का प्रतीक बताया. इस दौरान उन्होंने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई पर भी सवाल उठाए और संविधान के मूल्यों की रक्षा की बात कही.
तिरुवनंतपुरम में SFI कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने छोड़े वाटर कैनन
केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में दिल्ली में छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) के कार्यकर्ताओं ने लोक भवन की ओर मार्च निकाला. प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने उन पर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया. SFI कार्यकर्ता 20 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई का विरोध कर रहे थे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे.
अन्ना हजारे का मौन आंदोलन, दिल्ली के छात्र आंदोलन को दिया समर्थन
सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने गुरुवार को महाराष्ट्र के अहिल्यानगर में दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के समर्थन में दो घंटे का मौन आंदोलन किया. उन्होंने सुबह 11 बजे महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने अपना विरोध शुरू किया, जो दोपहर 1 बजे तक चला. अन्ना हजारे के सहयोगी दत्ता आवारी ने इसकी पुष्टि की. मौन आंदोलन खत्म होने के बाद अन्ना अपने गांव रालेगण सिद्धि के लिए रवाना हो गए.
जंतर-मंतर पर CJP प्रदर्शनकारियों और निहंग सिखों के बीच झड़प
दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे CJP आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों और निहंग सिखों के बीच झड़प हो गई. मौके से सामने आए वीडियो में दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और हंगामा होता दिखाई दे रहा है. घटना के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की. फिलहाल झड़प की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और न ही पुलिस या CJP की ओर से इस मामले पर आधिकारिक बयान जारी किया गया है.
CJP ने PM मोदी से की छात्रों की मांगें मानने की अपील
पेपर लीक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रतिक्रिया दी है. CJP ने लिखा, "सर्वप्रथम आपको युवाओं की मांग माननी चाहिए. धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा होना चाहिए, भ्रष्ट सिस्टम को सुधारना होगा और सभी छात्रों से माफी मांगनी चाहिए. ये आपके ही देश के युवा हैं, जो छात्रों के भविष्य के लिए लड़ रहे हैं." CJP ने कहा कि सिर्फ घोषणाएं नहीं, बल्कि छात्रों की मांगों पर ठोस कार्रवाई की जरूरत है.
अभिजीत दिपके का आरोप- BJP करा रही आंदोलन में उपद्रव की कोशिश
CJP के फाउंडर अभिजीत दिपके ने आरोप लगाया कि आंदोलन को बदनाम करने के लिए बाहर से लोगों को भेजा जा रहा है. उन्होंने कहा कि पिछले एक महीने से जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन चल रहा था, लेकिन जैसे-जैसे आंदोलन बड़ा हुआ, वैसे-वैसे जानबूझकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई. दिपके ने आरोप लगाया कि BJP से जुड़े लोग पत्थरबाजी कर रहे हैं और बाद में इसका आरोप CJP कार्यकर्ताओं पर लगाया जा रहा है. उन्होंने यह भी दावा किया कि पुलिस मौके पर पत्थरों से भरे ट्रक लेकर आती है. हालांकि, इन आरोपों पर BJP या पुलिस की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
"आपने ही पहुंचाया सबसे ज्यादा नुकसान" : राहुल गांधी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीजेपी आंदोलन के बीच सोशल मीडिया (एक्स) पर पोस्ट कर फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने का ऐलान किया. उनके पोस्ट को री-पोस्ट करते हुए नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सरकार और पीएम को आड़े हाथों लिया है. उन्होंने कहा-
आपने ही हमारे युवाओं के भविष्य को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया है. आपने न सिर्फ हमारी education system पर पूरा कब्जा होने और उसे बर्बाद होने दिया, उसे बढ़ावा भी दिया - और इसके जिम्मेदार हर व्यक्ति को संरक्षण दिया.
PM मोदी का पेपर लीक पर पहला बयान, फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने का ऐलान
छात्र आंदोलन और पेपर लीक विवाद के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहली बार इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि युवाओं का हित और उनका भविष्य सरकार की पहली प्रायोरिटी है. पीएम ने घोषणा की कि पेपर लीक के सभी मामलों में दोषियों को जल्द और कड़ी सजा दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाए जाएंगे. उन्होंने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए. पीएम ने कहा कि सरकार विद्यार्थियों के हितों की रक्षा के लिए लगातार कदम उठा रही है और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.
देर रात जंतर-मंतर पहुंचे अलख पांडे, कहा- मुद्दा सिर्फ NEET का नहीं था
22 जुलाई की देर रात Physics Wallah के फाउंडर अलख पांडे जंतर-मंतर पहुंचे थे. उन्होंने आंदोलन को अपना समर्थन दिया. कहा कि "20 जुलाई को भारत के बच्चों ने एक ऐतिहासिक प्रदर्शन किया. यह पूरे देश की शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ छात्रों का गुस्सा था. यह सिर्फ NEET का मुद्दा नहीं था".
राजधानी के 16 मेट्रो स्टेशन आज भी रहेंगे बंद
CJP के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने गुरुवार सुबह 7:30 बजे से अगले आदेश तक राजधानी के 16 मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट बंद रखने का फैसला किया है. बंद किए गए स्टेशनों में लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग और शिवाजी स्टेडियम शामिल हैं. हालांकि, राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा पहले की तरह जारी रहेगी. यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले मेट्रो सेवाओं की ताजा जानकारी जरूर जांच लें.
छात्र आंदोलन को अब मिला सलमान का साथ
CJP के आंदोलन को अब सलमान खान का सपोर्ट मिल चुका है. संसद मार्च के दिन पुलिस द्वारा छात्रों पर किए गए लाठीचार्ज को लेकर भी सलमान ने विरोध जताया. सोशल मीडिया (X) पर पोस्ट कर उन्होंने लिखा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिसिया कार्रवाई किया जाने से उन्हें काफी दुख हुआ. साथ ही उन्होंने कहा कि शिक्षा को भारत का नया ट्रेंड बनना चाहिए. इससे दुनिया भर के छात्र भारत पढ़ने आया करेंगे और हमारा देश एक एजुकेशन हब की तरह उभरेगा.
जंतर-मंतर पर टूटी-फूटी कार लाने पर CJP का सवाल
जंतर-मंतर पर चल रहे CJP के प्रदर्शन के बीच दिल्ली पुलिस एक बुरी तरह क्षतिग्रस्त कार लेकर पहुंची, जिसके बाद नया विवाद शुरू हो गया. CJP ने X पर पोस्ट कर पुलिस पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह कार पहले से ही टूटी हुई हालत में यहां लाई गई है. संगठन ने दावा किया कि कहीं बाद में इसका ठीकरा शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर फोड़ने की कोशिश न की जाए. हालांकि, दिल्ली पुलिस ने अब तक यह साफ नहीं किया है कि कार को प्रदर्शन स्थल पर क्यों लाया गया.
मेदांता अस्पताल ने जारी किया सोनम वांगचुक का हेल्थ अपडेट
मेदांता अस्पताल ने सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक का हेल्थ अपडेट जारी किया है. अस्पताल ने कहा कि उनकी हालत स्थिर है, वे होश में हैं और उनके ब्लड प्रेशर, पल्स आदि सामान्य हैं. उन्हें दिया जा रहा सारा इलाज उनकी सहमति से ही किया जा रहा है. सोनम वांगचुक को कल शाम (मंगलवार, 21 जुलाई) गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया और उन्हें ICU में रखा गया है. डॉक्टरों की एक मल्टी-डिसिप्लिनरी टीम उनकी सेहत पर लगातार नजर रख रही है.
दिल्ली हाई कोर्ट ने केंद्र और पुलिस को भेजा नोटिस
दिल्ली हाई कोर्ट ने 20 जुलाई के विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों पर जरूरत से ज्यादा बल प्रयोग के आरोपों से जुड़ी जनहित याचिकाओं (PIL) पर केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है. कोर्ट ने निर्देश दिया कि घटना से जुड़े सभी सीसीटीवी फुटेज, बॉडी कैमरा फुटेज और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड तय SOP के अनुसार सुरक्षित रखे जाएं, ताकि जांच के दौरान उनका उपयोग किया जा सके. हाई कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 11 सितंबर की तारीख तय की है।
कॉकरोच जनता पार्टी ने सरकार के सामने रखे दो विकल्प
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि पार्टी ने सरकार के सामने बातचीत के लिए दो विकल्प रखे हैं. पहला, सरकार जंतर-मंतर आकर प्रदर्शनकारियों से मिले, या फिर जंतर-मंतर के पास किसी न्यूट्रल स्थान पर बातचीत हो. उन्होंने दावा किया कि 20 जुलाई से ही सरकार और पुलिस की ओर से उनसे संपर्क किया जा रहा है. दास ने कहा कि CJP बातचीत के लिए तैयार है, लेकिन सरकार को प्रदर्शनकारियों की मांगें सुनने और उन पर गंभीरता से विचार करना होगा. उन्होंने राहुल गांधी समेत विपक्षी सांसदों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन का स्वागत करते हुए उनके खिलाफ पुलिस कार्रवाई की भी निंदा की.
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने कहा- छात्रों के आंदोलन पर पुलिस कार्रवाई निंदनीय
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने CJP और NEET मुद्दे को लेकर छात्रों के प्रदर्शन पर हुई पुलिस कार्रवाई की कड़ी निंदा की है. उन्होंने कहा कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग और उसके बाद राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं को हिरासत में लेना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है. विजय ने इसे "अलोकतांत्रिक" करार देते हुए कहा कि सरकार को विरोध की आवाज दबाने के बजाय छात्रों की मांगों पर संवेदनशीलता से विचार करना चाहिए.
पुलिस कार्रवाई में घायल युवती की हालत में सुधार, वेंटिलेटर से हटाया गया
CJP के विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई में घायल हुई 21 वर्षीय युवती की हालत में लगातार सुधार हो रहा है. राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल की ओर से बुधवार को जारी हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक, युवती को वेंटिलेटर से हटा दिया गया है. डॉक्टरों ने बताया कि वह पूरी तरह होश में है, डॉक्टरों के निर्देशों का पालन कर रही है और उसके मस्तिष्क व रीढ़ की हड्डी (स्पाइन) की MRI रिपोर्ट भी सामान्य आई है. फिलहाल उसे डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है और सभी जरूरी चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं.
तमिलनाडु में SFI का प्रदर्शन, कई कर्मचारी हिरासत में
दिल्ली में छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में तमिलनाडु में स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) द्वारा प्रदर्शन किया जा रहा था. कार्यकर्ताओं ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया रोड से कलेक्टर ऑफिस तक रैली निकाली और धरना देकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की. प्रदर्शन के दौरान उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की. बाद में पुलिस ने सभी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया.
CJP ने सरकार से बातचीत के दिए संकेत, कहा- न्यूट्रल जगह पर होगी बातचीत
जंतर-मंतर पर जारी CJP आंदोलन के बीच संगठन ने सरकार के साथ बातचीत के संकेत दिए हैं. बुधवार को CJP की ओर से कहा गया कि वह पहले दिन से ही संवाद के लिए तैयार है, लेकिन बातचीत किसी न्यूट्रल जगह या जंतर-मंतर पर ही होगी. CJP प्रवक्ता सौरभ दास ने कहा, "सरकार ने हमें बातचीत के लिए बुलाया है. हम उनके दफ्तर या आवास पर नहीं जाएंगे. हम पहले दिन से ही बातचीत के लिए तैयार हैं." संगठन का कहना है कि उसका उद्देश्य टकराव नहीं, बल्कि छात्रों की मांगों का समाधान निकालना है और अगर सरकार गंभीरता से बातचीत करना चाहती है तो CJP उसके लिए तैयार है.
अखिलेश यादव का सरकार से सवाल- पीएम क्यों नहीं दे सकते युवाओं पर स्टेटमेंट
लोकसभा में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी पर सवाल उठाया. विपक्ष चाहता है कि सीजेपी के नेतृत्व में उठाए जा रहे नीट पेपर लीक और छात्रों के सुसाइड मामले पर धर्मेद्र प्रधान इस्तीफा दें. वहीं 20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज में कई छात्र गंभीर रूप से घायल हुए हैं. उन्होंने कहा कि पुलिस ने बर्बर तरीके से युवाओं को मारा है, कई लोगों के कपड़े फाड़े गए, सिर पर भी गंभीर चोटें आई हैं. उन्होंने कहा कि जब पीएम बाहर जाकर युवाओं के पक्ष में बात कर सकते हैं तो सदन में क्यों नहीं.
लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक समेत 16 मेट्रो स्टेशनों पर अगले आदेश तक एंट्री-एग्जिट बंद
CJP के विरोध प्रदर्शन और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने राजधानी के 16 मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है. बंद किए गए स्टेशनों में लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंडा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग और शिवाजी स्टेडियम शामिल हैं. इन स्टेशनों पर यात्रियों की एंट्री और एग्जिट फिलहाल बंद रहेगी. अधिकारियों ने लोगों से यात्रा से पहले मेट्रो सेवा की ताजा जानकारी लेने और वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करने की सलाह दी है.
CJI सूर्यकांत बोले- 'वीडियो देखने में हमारी रुचि नहीं', पुलिस एक्शन के खिलाफ तत्काल सुनवाई से इनकार
CJP के संसद मार्च के दौरान छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर दायर याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया. बुधवार को मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली बेंच के समक्ष एक वकील ने मामले का उल्लेख करते हुए स्वत: संज्ञान लेने और जल्द सुनवाई की मांग की. इस दौरान CJI ने कहा, "हमें वीडियो में दिलचस्पी नहीं है, उन्हें देखने का हमारे पास समय नहीं है." इसके बाद अदालत ने मामले पर तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया. याचिका में संसद मार्च के दौरान प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस की कथित सख्त कार्रवाई को लेकर सुप्रीम कोर्ट से हस्तक्षेप की मांग की गई थी.
सरकार की ओर झुकी मीडिया पर भड़के CJP प्रवक्ता
जंतर-मंतर पर जारी CJP आंदोलन के बीच पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने मीडिया के एक वर्ग पर तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग "गोदी मीडिया" को बढ़ावा देने और आंदोलन को बदनाम करने के लिए लगाए गए हैं. रांका ने समर्थकों से अपील की कि वे ऐसे लोगों की बातों पर ध्यान न दें. उन्होंने दावा किया कि कुछ मीडिया संस्थान और लोग सरकार के पक्ष में काम कर रहे हैं और उसके समर्थन में "किसी भी हद तक जा सकते हैं." हालांकि, इन आरोपों पर संबंधित पक्षों की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
पुलिस कार्रवाई के खिलाफ याचिका पर सुनवाई को तैयार दिल्ली हाईकोर्ट
पुलिस कार्रवाई के खिलाफ याचिका पर सुनवाई को तैयार दिल्ली हाईकोर्ट CJP के संसद मार्च के दौरान दिल्ली पुलिस की कार्रवाई को चुनौती देने वाली जनहित याचिका पर हाईकोर्ट ने सुनवाई के लिए सहमति दे दी है. याचिका में आरोप लगाया गया है कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने जरूरत से ज्यादा बल का प्रयोग किया. जिससे कई प्रदर्शनकारियों को गंभीर चोटें आई हैं. PIL (याचिका) में अदालत से मामले में हस्तक्षेप करने और पुलिस कार्रवाई की न्यायिक समीक्षा कराने की मांग की है. अब हाईकोर्ट इस मामले में जल्द सुनवाई करने को तैयार हो गया है.
CJP की सभी दलों से समर्थन देने की अपील
आशुतोष रांका ने कहा कि यह आंदोलन किसी एक संगठन या राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि देश के युवाओं के भविष्य से जुड़ा मुद्दा है. उन्होंने सभी राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से छात्रों के समर्थन में आगे आने की अपील की. रांका ने कहा कि अगर बीजेपी से जुड़े लोग भी छात्रों की मांगों के साथ खड़ा होना चाहते हैं, तो CJP उनका भी स्वागत करेगा. उनके अनुसार, आंदोलन का उद्देश्य किसी पार्टी का विरोध नहीं, बल्कि छात्रों को न्याय दिलाना है.
शिवसेना (UBT) प्रमुख ने कहा- लोकतंत्र में संवाद ही रास्ता
CJP और छात्रों के प्रदर्शन को लेकर शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने केंद्र सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि अगर कोई प्रदर्शन कर रहा है, तो सरकार की जिम्मेदारी है कि वह उनसे बात करे और उनकी समस्याओं को समझे. ठाकरे ने कहा कि अगर सरकार ने पहले ही दिन प्रदर्शनकारियों से बातचीत की होती, तो मामला इतना नहीं बढ़ता. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में बातचीत ही समाधान का रास्ता है, नहीं तो इसे तानाशाही कहा जाएगा. उद्धव ठाकरे ने यह भी कहा कि जिस तरह उनकी पार्टी ने मुंबई में प्रदर्शन किया, आगे भी आंदोलन जारी रहेगा.
सभी सीजेपी कार्यकर्ता रिहा
कॉकरोच जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने ट्वीट कर कहा कि हिरासत में लिए गए सभी सीजेपी कार्यकर्ताओं को रिहा कर दिया गया है. इसलिए दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर चल रहा धरना खत्म किया जा रहा है.
सोनम वांगचुक मेदांता अस्पताल शिफ्ट
एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक को दिल्ली हाई कोर्ट की अनुमति मिलने के बाद सफदरजंग अस्पताल से गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल ले जाया गया. एंबुलेंस के जरिए उन्हें शिफ्ट किया गया. कोर्ट ने उनकी निजी अस्पताल में इलाज की मांग स्वीकार करते हुए ट्रांसफर की इजाजत दी थी.
अरविंद केजरीवाल का केंद्र पर हमला
आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग किया गया, कई घायल हुए और गिरफ्तारियां हुईं. केजरीवाल ने पेपर लीक रोकने और छात्रों के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग की है.
जंतर-मंतर पहुंची सुप्रिया सुले
NCP (शरद पवार) की सांसद सुप्रिया सुले जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन वाली जगह पर पहुंचीं है.
केंद्र और यूपी सरकार पर भड़के अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि NEET परीक्षा के दौरान सरकार पूरी तरह विफल रही. उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में 20 परीक्षाओं के पेपर लीक हो चुके हैं, जिससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है. अखिलेश ने कहा कि यदि देश की विकास दर इतनी अच्छी है और विश्वगुरु बनने का दावा किया जा रहा है, तो फिर नौजवान रोजगार के लिए सड़कों पर क्यों भटक रहे हैं. उन्होंने कहा कि देश का युवा सरकार से नाराज है.
CJP प्रदर्शन में घायल लोगों से मिलने पहुंचे जेपी नड्डा
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा सोमवार को हुए CJP प्रदर्शन के दौरान घायल लोगों का हाल जानने के लिए लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज पहुंचे. उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात की और उनकी स्थिति की जानकारी ली. प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई झड़प में कई लोग घायल हुए थे.
ADCP बोले- जांच जारी, दोषियों पर होगी कार्रवाई
CJP प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई झड़प को लेकर दिल्ली पुलिस ने जानकारी दी है. एडिशनल डीसीपी आनंद कुमार मिश्रा ने बताया कि इस घटना में करीब 115 से 120 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं. उन्होंने कहा कि कई वरिष्ठ अधिकारियों को भी चोटें आई हैं और उनके हाथ में भी चोट लगी है. उन्होंने बताया कि मामले की जांच चल रही है और एफआईआर दर्ज की जा रही है. जांच के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
एक छात्र की हालत गंभीर : केजरीवाल
आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल मंगलवार को दिल्ली के डॉ. राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल पहुंचे. यहां उन्होंने CJP के प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई में घायल हुए युवाओं से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना. इस दौरान केजरीवाल ने कहा कि अस्पताल में सिर्फ एक छात्र की हालत गंभीर है और उसका इलाज चल रहा है. उन्होंने बताया कि बाकी घायल छात्रों और पुलिसकर्मियों को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है. केजरीवाल ने कहा कि सोशल मीडिया पर 110 लोगों के घायल होने की बात सामने आई है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. उन्होंने यह भी कहा कि इसके बाद वह संसद मार्ग थाने जाएंगे, ताकि पता चल सके कि कितनी एफआईआर दर्ज हुई हैं और कितने छात्रों को हिरासत में लिया गया है.
वांगचुक ने अपना फैसला बदल दिया : अभिजीत दीपके
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि सोनम वांगचुक रविवार (19 जुलाई) को अपना अनशन खत्म करने वाले थे. उन्होंने बताया कि उन्हें इसके लिए मना भी लिया गया था, लेकिन प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई और बल प्रयोग की खबरों के बाद वांगचुक ने अपना फैसला बदल दिया और अनशन जारी रखने का निर्णय लिया.
बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने के मामले में भी एक केस दर्ज
दिल्ली पुलिस ने बताया कि CJP के संसद मार्च के दौरान हुई हिंसा को लेकर कई मामलों में एफआईआर दर्ज की गई है. संसद सत्र के दौरान नई दिल्ली इलाके में बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने के मामले में भी एक केस दर्ज हुआ है. पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान हिंसा की साजिश से जुड़े कुछ अहम सबूत भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है. इसके अलावा सरकारी काम में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों से मारपीट करने और सरकारी व सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में भी दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं. संसद मार्ग थाने में दर्ज एफआईआर भारतीय न्याय संहिता (BNS), आर्म्स एक्ट और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान से जुड़े कानून (PDPP Act) के तहत दर्ज की गई है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने बिना अनुमति भीड़ जुटाई, कानून-व्यवस्था बिगाड़ी, सरकारी काम में रुकावट डाली और हिंसा व तोड़फोड़ की. इन सभी आरोपों की जांच जारी है.
युवाओं पर जुल्म करने वालों को एक दिन संविधान जवाब देगा: कांग्रेस
कांग्रेस ने CJP प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस की कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना की है. कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि सरकार के कहने पर प्रदर्शन कर रहे युवाओं के साथ गलत व्यवहार किया गया. उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए गलत बताया और कहा कि युवाओं पर इस तरह की कार्रवाई नहीं होनी चाहिए. पवन खेड़ा ने यह भी कहा कि जो लोग सत्ता के दम पर ऐसी कार्रवाई कर रहे हैं, उन्हें एक दिन संविधान और कानून के सामने जवाब देना होगा.
दिल्ली पुलिस ने क्या बताया?
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, CJP के संसद मार्च के दौरान हुई हिंसा के मामले में अब तक कनॉट प्लेस, संसद मार्ग और अन्य थानों में कुल 5 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं. पुलिस ने बताया कि मामले में और भी एफआईआर दर्ज की जा सकती हैं.आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि पहचान होने के बाद आरोपियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.
संसद मार्च मंगलवार को भी जारी रहेगा
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोमवार देर रात ऐलान किया कि संसद मार्च मंगलवार (21 जुलाई) को भी जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि प्रदर्शन को आगे बढ़ाया जाएगा और समर्थक लगातार दूसरे दिन संसद की ओर मार्च करेंगे.
कनॉट प्लेस थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज
सीजेपी के प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा और गाड़ियों में तोड़फोड़ को लेकर दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस ने इस मामले में कनॉट प्लेस थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. दिल्ली पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा और गाड़ियों तोड़फोड़ की जांच की जा रही है.
CJP प्रोटेस्ट के दौरान 50 से अधिक पुलिस और पैरामिलिट्री जवान घायल
सीजेपी प्रोटेस्ट के दौरान 50 से अधिक पुलिस और पैरामिलिट्री जवान घायल हुए हैं. इनमें IPS और DANIPS अधिकारी भी शामिल हैं.
संसद मार्च के बाद जंतर-मंतर से CJP का मंच हटाया गया
संसद मार्च को आंसू गैस के गोले छोड़कर और लाठीचार्ज कर रोकने के कुछ घंटे बाद सोमवार को पुलिस ने 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के जंतर-मंतर स्थित धरना स्थल को हटा दिया. हालांकि, संसद मार्च के बाद प्रदर्शनकारी दोबारा जंतर-मंतर पहुंच गए. आंदोलन के एक नेता ने कहा कि वे धरना जारी रखेंगे. सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के अनिश्चितकालीन अनशन के लिए बनाया गया मंच हटा दिया गया. मौके से ट्रैम्पोलिन, कालीन, गद्दे और अन्य सामान भी हटा दिए गए.
पुलिस और CJP प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प
हनुमान मंदिर रोड के पास सीजेपी प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई है. जबकि कनॉट प्लेस में पत्थरबाजी की घटना देखी गई.
सोनम वांगचुक की पत्नी बोलीं-सिर्फ ताकत और झूठ से नहीं चलेगी सरकार
CJP प्रतिनिधिमंडल की केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात के बाद एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक की पत्नी डॉ. गीतांजलि आंग्मो ने सरकार पर प्रदर्शन को दबाने, झूठ फैलाने और ताकत के दुरुपयोग का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि आंदोलन को देशभर का समर्थन मिल रहा है और सरकार को अब इसका समाधान निकालना होगा.
सीजेपी ने नड्डा के सामने रखी तीन मांगें
कॉकरोच जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात के बाद कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने उनके सामने तीन प्रमुख मांगें रखीं. पहली, सोनम वांगचुक को तत्काल रिहा किया जाए. दूसरी, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को कैबिनेट से बर्खास्त किया जाए या वे स्वयं इस्तीफा दें. उन्होंने कहा कि जब तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा. तीसरी मांग उन परिवारों को 1 करोड़ रुपये का मुआवजा देने की है, जिनके बच्चे NEET की तैयारी के दौरान कथित रूप से जान गंवा चुके हैं. सौरव दास ने कहा कि इन्हीं मांगों को लेकर उन्होंने जेपी नड्डा से मुलाकात की.
फिरोज शाह रोड पर पुलिस पर पथराव
राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में CJP कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन उग्र होता नजर आया. फिरोज शाह रोड पर प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली पुलिस पर पथराव किए जाने की खबर है. इससे पहले पार्लियामेंट स्ट्रीट, शास्त्री भवन और अन्य स्थानों पर भी प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प की घटनाएं सामने आई हैं.
जेपी नड्डा से सीजेपी के सौरव दास और आशुताोष रांका ने की मुलाकात
प्रदर्शन के बीच सीजेपी नेता सौरव दास और आशुताोष रांका ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से उनके आवास पर मुलाकात की. मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि हमने अपनी सभी प्रमुख मांगें केंद्रीय मंत्री के सामने रख दी हैं. हमारी सबसे बड़ी मांग है कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का तत्काल इस्तीफा लिया जाए या उन्हें पद से हटाया जाए. सौरभ दास ने कहा कि जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक हमारे शांतिपूर्ण प्रदर्शन और आंदोलन जारी रहेंगे.
CJP का दावा- जेपी नड्डा ने मांगों पर विचार करने के लिए मांगा समय
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रतिनिधि आशुतोष रांका ने दावा किया कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने उनकी तीन प्रमुख मांगों पर भाजपा नेतृत्व से चर्चा के लिए कुछ समय मांगा है. इन मांगों में सोनम वांगचुक की तत्काल रिहाई, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा और आत्महत्या करने वाले NEET-UG 2026 अभ्यर्थियों के परिवारों को 1 करोड़ रुपये मुआवजा शामिल है.
अभिजीत दिपके की हिरासत की खबर निकली फर्जी
सोशल मीडिया पर अभिजीत दिपके की दिल्ली पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने की खबरें तेजी से वायरल हो रही थीं. हालांकि, दिल्ली पुलिस ने इन दावों को पूरी तरह झूठा और भ्रामक बताया है. पुलिस ने स्पष्ट किया कि अभिजीत दिपके को हिरासत में नहीं लिया गया है और वह फिलहाल मंच पर मौजूद हैं.
सीजेपी प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस के जवान घायल
नई दिल्ली में संसद मार्ग के पास सोमवार को प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हो गई. इस दौरान धक्का-मुक्की में दिल्ली पुलिस के कुछ जवान घायल हो गए. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात किया. फिलहाल इलाके में सुरक्षा कड़ी है और मामले की जांच की जा रही है.
अभिजीत दीपके को पुलिस ने हिरासत में लिया, CJP ने सांसदों से की सड़क पर उतरने की अपील
सीजेपी ने दावा किया है कि उसके संस्थापक अभिजीत दीपके को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. उनका आरोप है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों और युवाओं पर पुलिस बल प्रयोग कर रही है. सीजेपी ने सभी सांसदों से अपील की है कि वे छात्रों के समर्थन में आगे आएं और प्रदर्शनकारियों के साथ खड़े हों. CJP ने एक्स में पोस्ट कर बताया कि आंदोलन को दबाने की कोशिश की जा रही है, जबकि प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण है.
RBI के पास पुलिस का एक्शन, कम से कम 7 प्रदर्शनकारी हिरासत में
संसद मार्च के दौरान रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) के पास पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 7 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया. संसद की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए सुरक्षा बलों ने इलाके में कड़ी घेराबंदी कर रखी थी. हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारियों को पुलिस वाहनों में बैठाकर वहां से ले जाया गया. माहौल काफी तनावपूर्ण बना हुआ है.
केजरीवाल का सरकार पर हमला, बोले- युवाओं पर लाठियां, शिक्षा सुधार पर चुप्पी
अरविंद केजरीवाल ने संसद मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है. पार्टी ने कहा कि छात्रों और युवाओं पर लाठीचार्ज किया जा रहा है और आंसू गैस के गोले छोड़े जा रहे हैं. AAP का आरोप है कि शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा प्रणाली में सुधार करने के बजाय केंद्र सरकार ने युवाओं के खिलाफ सख्त रवैया अपनाया है. पार्टी ने कहा कि देश का युवा सरकार के इस रवैये को स्वीकार नहीं करेगा.
जंतर-मंतर पहुंचे मनीष सिसोदिया, बोले- यही वो युवा हैं जिनकी PM बात करते हैं
दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी जंतर-मंतर पहुंचे और आंदोलन को समर्थन दिया. उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, "यही वो युवा हैं, जिनकी बात प्रधानमंत्री मोदी करते हैं. आज वही युवा सड़कों पर उतर आए हैं, अब उनकी आवाज सुनने का समय आ गया है." सिसोदिया ने कहा कि छात्रों और युवाओं की मांगों को नजरअंदाज करने के बजाय सरकार को उनसे बातचीत करनी चाहिए.
RBI से संविधान क्लब तक हंगामा, पुलिस ने किया बल प्रयोग
प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस लगातार ब प्रयोग कर रही है. रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया और संविधान क्लब के पास लाठीचार्ज भी किए गए, साथ ही आंसू गैस भी छोड़े. हालात और तनावपूर्ण हो गए हैं.
जंतर-मंतर पहुंचे AAP नेता संजय सिंह
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह भी जंतर-मंतर पहुंचे और सीजेपी के विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए.
फारूक अब्दुल्ला भी जंतर-मंतर पहुंचे, बोले- छात्रों की आवाज सुने सरकार
सीजेपी के संसद मार्च के बीच जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम फारूक अब्दुल्ला भी जंतर-मंतर पहुंचे और आंदोलन को समर्थन दिया. उन्होंने कहा कि छात्र देश का भविष्य हैं और वे अपने अधिकारों की मांग कर रहे हैं. इसलिए सरकार को उनकी बात गंभीरता से सुननी चाहिए. फारूक अब्दुल्ला ने लद्दाख से जुड़े मुद्दों पर भी ध्यान देने की अपील की और कहा कि सोनम वांगचुक को अस्पताल से रिहा किया जाना चाहिए.
संसद परिसर पर सुरक्षा बढ़ी, लोहे के गेटों पर तैनात जवान
सीजेपी के संसद मार्च में बढ़ती भीड़ को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है. संसद परिसर के आसपास मल्टी लेवल सुरक्षा घेरा बना दिया गया है ताकि प्रदर्शनकारी प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश न कर सकें. संसद भवन के विशाल लोहे के गेटों को सुरक्षाकर्मियों ने खुद पकड़कर सुरक्षित किया हुआ है. इसके अलावा, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए गेटों के भीतर लाल रंग की फायर टेंडर गाड़ियां और वाटर कैनन की गाड़ियां भी तैनात कर दी गई हैं. विजय चौक से संसद मार्ग तक पुलिस, अर्धसैनिक बल और विशेष सुरक्षा यूनिट की मौजूदगी लगातार बढ़ाई जा रही है.
प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले
संसद की ओर बढ़ रहे सीजेपी समर्थकों को रोकने के लिए शास्त्री भवन के पास पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी. प्रदर्शनकारियों के आगे बढ़ने पर सुरक्षा बलों ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े. शास्त्री भवन के पास कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी है.
अभिजीत दीपके ने अपना अनशन किया खत्म
जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अध्यक्ष अभिजीत दीपके ने अपना अनशन खत्म कर दिया. 18 जुलाई को सोनम वांगचुक को पुलिस के अस्पताल ले जाने के बाद से दीपके आमरण अनशन पर बैठे थे. समर्थकों के बीच उन्होंने भूख हड़ताल समाप्त किया.
पार्लियामेंट स्ट्रीट के पास लाठीचार्ज की पूरी वीडियो
जेपी नड्डा से मिलने जा रहे सौरभ दास, कहा- सरकार बातचीत को तैयार
सीजेपी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने दावा किया है कि केंद्र सरकार ने बातचीत की पहल की है. उनके मुताबिक, सीजेपी की ओर से आशुतोष रंका और सौरभ दास जल्द ही केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा से मुलाकात करेगा. संसद मार्च के बीच इस बैठक को प्रदर्शन खत्म करने और आंदोलन की मांगों पर बातचीत की दिशा में बड़े अपडेट के रूप में देखा जा रहा है.
पटेल चौक से संसद मार्ग तक हंगामा, कई प्रदर्शनकारी हिरासत में
संसद मार्च के दौरान पटेल चौक मेट्रो स्टेशन के पास पुलिस ने जंतर-मंतर की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए हल्का बल प्रयोग किया. इसके बाद जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों और दिल्ली पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और टकराव की स्थिति बन गई. वहीं संसद मार्ग के पास भी पुलिस ने आगे बढ़ रहे युवाओं पर लाठियां भांजी और कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया. पूरे इलाके में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है.
बच्चों को सुनना तक नहीं चाहती अहंकारी सरकार : अखिलेश यादव
सपा चीफ अखिलेश यादव ने सीजेपी प्रोटेस्ट और युवाओं को समर्थन देते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि पेपर लीक के कारण जिन छात्रों ने आत्महत्या कर ली, उन्हें लेकर सरकार ने एक शब्द तक नहीं कहा.
सोनम वांगचुक ने अस्पताल को लिखा पत्र
सोनम वांगचुक ने अस्पताल प्रशासन को पत्र लिखकर समर्थकों से मिलने की इच्छा जताई है. उन्होंने लिखा है कि अगर उनकी तबीयत ठीक है और उन्हें अगर हिरासत में नहीं रखा गया है, तो समर्थकों से मिलने पर क्यों रोक लगाई गई है.
राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर प्रोटेस्टर्स की भीड़
जंतर-मंतर के अलावा दिल्ली के अलग-अलग जगहों पर प्रदर्शनकारियों की भीड़ देखने को मिल रही है. यह नजारा राजीव चौक मेट्रो स्टेशन का है.
अतिशी-सिसोदिया पहुंचे जंतर-मंतर
जंतर-मंतर पर लोगों की भीड़ जुटी हुई है. इसी बीच आम आदमी पार्टी के नेता अतिशी और मनीष सिसोदिया भी जंतर-मंतर पहुंच गए हैं.
मेट्रो स्टेशन बंद होने से यात्रियों की बढ़ी परेशानी
सीजेपी के संसद मार्च को देखते हुए सुरक्षा कारणों से दिल्ली मेट्रो ने पांच मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए हैं. इसके बाद सुबह ऑफिस और अन्य कामों के लिए निकले यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. कई लोग बंद स्टेशनों से लौटने को मजबूर हुए, जबकि बड़ी संख्या में यात्रियों ने अपने डेस्टिनेशन तक पहुंचने के लिए दूसरे रास्तों और वैकल्पिक ट्रांस्पोर्ट का सहारा लिया. राजीव चौक, जनपथ, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय और सेवा तीर्थ स्टेशन बंद होने से आसपास के इलाकों में भी आवाजाही प्रभावित हो रही है.
ट्रांसपोर्ट भवन के बाहर का नजारा
सोनम वांगचुक की पत्नी की याचिका पर आज सुनवाई करेगा दिल्ली हाईकोर्ट
सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि जे. आंग्मो की याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट सोमवार को सुनवाई करने वाला है. याचिका में सफदरजंग अस्पताल में वांगचुक के इलाज में हस्तक्षेप से इनकार करने वाले निचली अदालत के आदेश को चुनौती दी गई है. परिवार की मांग है कि वांगचुक को अपनी पसंद के अस्पताल में इलाज कराने की अनुमति दी जाए.
CJP प्रवक्ता सौरभ दास को डीसीपी ऑफिस ले गई पुलिस
सीजेपी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास को दिल्ली पुलिस अपने साथ डिप्टी कमिश्नर (DCP) कार्यालय ले गई है. इस दौरान सौरव दास ने कहा कि सरकार के साथ बातचीत चल रही है. उन्होंने इतना ही कहा, "हम बातचीत कर रहे हैं." संसद मार्च के बीच इस घटनाक्रम को सरकार और आंदोलनकारियों के बीच संभावित संवाद की दिशा में अहम संकेत माना जा रहा है.
पटेल चौक के पास पुलिस की सख्ती
संसद मार्च के लिए जंतर-मंतर की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को पटेल चौक मेट्रो स्टेशन के पास पुलिस ने रोक दिया. इस दौरान भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया. मौके पर कुछ देर तक धक्का-मुक्की और अफरा-तफरी का माहौल रहा, जबकि सुरक्षाकर्मी प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने में जुटे रहे.
शांतिपूर्ण आंदोलन के लिए सोनम वांगचुक ने बोला Thank You
जंतर-मंतर पर पहुंचीं सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि जे. आंग्मो ने कहा कि सोनम वांगचुक अपने सभी समर्थकों के प्रति आभार व्यक्त करते हैं. उन्होंने कहा कि पिछले कई दिनों से प्रदर्शनकारी जिस तरह शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन चला रहे हैं, उससे वांगचुक बेहद भावुक और आभारी हैं. आंग्मो ने लोगों से आगे भी संयम बनाए रखने और आंदोलन को पूरी तरह शांतिपूर्ण रखने की अपील की.
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर अड़े गोपाल राय, बोले- युवाओं को इंसाफ चाहिए
आम आदमी पार्टी के सीनियर लीडर गोपाल राय ने जंतर-मंतर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों का समर्थन किया. उन्होंने कहा कि देशभर से छात्र और युवा अपने भविष्य को लेकर यहां जुटे हैं और उनकी सबसे बड़ी मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा है. राय ने आरोप लगाया कि सरकार ने आंदोलनकारियों की बात सुनने के बजाय सोनम वांगचुक को जबरन अनशन स्थल से हटाया, जिससे लोगों में नाराजगी और बढ़ गई है. उन्होंने यह भी कहा कि अगर वांगचुक के परिवार को सरकारी अस्पताल के इलाज पर भरोसा नहीं है, तो उन्हें निजी अस्पताल में इलाज कराने की अनुमति मिलनी चाहिए.
23 दिन बाद खत्म हुआ AISA छात्रों का अनशन
ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) ने जानकारी दी है कि उसके कार्यकर्ता नेहा, आमीन और मनीष ने 23 दिन बाद अपनी भूख हड़ताल समाप्त कर दी है. संगठन के मुताबिक, तीनों छात्र नेता शिक्षा से जुड़े मुद्दों और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठे थे. संसद मार्च के बीच उनके अनशन का खत्म होना आंदोलन से जुड़ा एक बड़ा घटनाक्रम माना जा रहा है.
जंतर-मंतर पर बढ़ा तनाव, पुलिस-प्रदर्शनकारी आमने-सामने
संसद मार्च से पहले जंतर-मंतर पर माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया. संसद की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे सीजेपी समर्थकों की आरपीएफ और दिल्ली पुलिस के जवानों से धक्का-मुक्की हो गई. भीड़ को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस और आरपीएफ के जवानों ने लाठियों का इस्तेमाल कर प्रदर्शनकारियों को पीछे धकेलना शुरू कर दिया. मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जबकि बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी हालात को काबू में करने में जुटे रहे.
विजय चौक से संसद तक सुरक्षा का घेरा
संसद मार्च शुरू होने से पहले दिल्ली पुलिस ने राजधानी के संवेदनशील इलाकों को सुरक्षा घेरे में ले लिया है. विजय चौक, रेल भवन और संसद सर्किल के आसपास जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है और बड़ी संख्या में पुलिस व अर्धसैनिक बल तैनात हैं. संसद की ओर जाने वाले हर रास्ते पर निगरानी बढ़ा दी गई है.
शबाना आजमी बोलीं- हम लड़ने नहीं, अपनी बात कहने आए हैं
जंतर-मंतर पहुंचीं अभिनेत्री शबाना आजमी ने संसद मार्च से पहले प्रदर्शनकारियों का हौसला बढ़ाया. उन्होंने कहा, "हम यहां संविधान से मिले अपने अधिकार का इस्तेमाल करने आए हैं. महात्मा गांधी ने हमें शांतिपूर्ण विरोध का रास्ता दिखाया था और हम उसी रास्ते पर चल रहे हैं." शबाना ने साफ कहा कि आंदोलन का मकसद किसी तरह का बवाल या हिंसा नहीं, बल्कि सरकार तक अपनी बात शांतिपूर्वक पहुंचाना है. उन्होंने कहा कि "हम यहां लड़ाई करने नहीं, अपनी आवाज सुनाने आए हैं".
शांतिपूर्ण मार्च और शिक्षा के मुद्दे पर रहने की अपील
सोनम वांगचुक की पत्नी डॉ. गीतांजलि आंग्मो ने संसद मार्च से पहले प्रदर्शनकारियों से शांति और अनुशासन बनाए रखने की अपील की. उन्होंने कहा कि आज तीन बातें सबसे जरूरी हैं, जिनमें पहली प्राथमिकता मार्च को पूरी तरह शांतिपूर्ण रखना है. उन्होंने लोगों से कहा कि आंदोलन का फोकस शिक्षा के मुद्दे पर ही रहे, क्योंकि यह पूरे देश के भविष्य से जुड़ा सवाल है. आंग्मो ने प्रदर्शनकारियों से सतर्क रहने और किसी भी तरह के उकसावे से बचने की भी अपील की.
सरकार से बातचीत के लिए तैयार, गेंद अब प्रशासन के पाले में: सीजेपी
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि प्रशासन ने सरकार और आंदोलनकारियों के बीच बातचीत की कोशिश शुरू की है, लेकिन यह पहल काफी देर से हुई है. उन्होंने कहा, "हमने बातचीत के लिए अपने दरवाजे खोल दिए हैं, अब गेंद उनके पाले में है." दास ने बताया कि सोनम वांगचुक की तबीयत फिलहाल स्थिर है और उनका अनशन जारी है. उन्होंने देशभर के युवाओं को संदेश भेजते हुए शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन जारी रखने की अपील की है. सौरव दास ने भरोसा जताया कि संसद मार्च भी पूरी तरह शांतिपूर्ण होगा.
संसद मार्च के चलते मेट्रो सेवाओं में बदलाव
अगर आप संसद मार्च के चलते दिल्ली में मेट्रो से सफर करने की सोच रहे हैं, तो पहले यह अपडेट जान लीजिए. डीएमआरसी ने राजीव चौक, जनपथ, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय और सेवा तीर्थ मेट्रो स्टेशन अगले आदेश तक बंद कर दिए हैं. इन स्टेशनों पर न तो एंट्री मिलेगी और न ही एग्जिट. संसद मार्च को देखते हुए यह फैसला लिया गया है.
"सरकार अपना धर्म निभा रही है.. मैं अपना फर्ज निभाने आया हूं" : चंद्रशेखर आजाद
जंतर-मंतर पहुंचे सांसद चंद्रशेखर आज़ाद ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में साफ कहा, "सरकार अपना धर्म निभा रही है, पुलिस अपना धर्म निभा रही है... और मैं इस मिट्टी के प्रति अपना फर्ज निभाने यहां आया हूं." उन्होंने कहा कि युवाओं के साथ अन्याय हो रहा है, इसलिए उनकी आवाज़ बनने के लिए आंदोलन में शामिल हुए हैं. आज़ाद ने यह भी साफ कर दिया कि लड़ाई सिर्फ जंतर-मंतर तक नहीं रहेगी, संसद के अंदर भी यही मुद्दा पूरी ताकत से उठाया जाएगा.
जंतर-मंतर पहुंचे सांसद चंद्रशेखर आजाद
सीजेपी प्रोटेस्ट को अपना समर्थन दे चुके आजाद समाज पार्टी से सांसद और भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर आजाद भी धरना स्थल पहुंच चुके हैं. उन्होंने कुछ दिनों पहले भी जंतर-मंतर पहुंच कर सोनम वांगचुक से मुलाकात की थी. वादा किया था कि 20 जुलाई को भीड़ जुटाने में मदद करेंगे.
एक्टर प्रकाश राज भी जंतर-मंतर पर मौजूद
5000 जवान तैनात, नहीं मिली थी संसद मार्च की इजाजत
संसद मार्च को देखते हुए दिल्ली के जंतर-मंतर और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है. यहां 5,000 से अधिक दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात किए गए हैं. सुरक्षा के लिए तीन स्तर का घेरा बनाया गया है, जिसमें दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF/RAF) की 25 से ज्यादा कंपनियां शामिल हैं. मौके पर स्पेशल सीपी, जॉइंट सीपी और डीसीपी स्तर के अधिकारी स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं. इसके अलावा जंतर-मंतर से संसद तक की प्रदर्शन यात्रा को लेकर प्रशासन ने इजाजत नहीं दी थी. पुलिस के अनुसार अगर इसका उल्लंघन किया जाता है, तो गिरफ्तारी भी संभव है.
दिपके बोले- 'भारत के इतिहास का सबसे बड़ा मार्च होगा'
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अध्यक्ष अभिजीत दिपके ने कहा कि भारत के इतिहास का सबसे बड़ा मार्च होने जा रहा है. उन्होंने दावा किया कि पिछले 10-12 वर्षों में देश में लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश की गई, लेकिन जंतर-मंतर पर एक महीने से चल रहे आंदोलन ने लोकतंत्र को फिर से जीवंत कर दिया है. दिपके ने कहा कि देशभर से लोग दिल्ली पहुंच रहे हैं और जंतर-मंतर की ओर आने वाली सभी सड़कें प्रदर्शनकारियों से भरी हुई हैं. उन्होंने कहा, "हमें संसद जाने से कोई नहीं रोक सकता."
CJP Protest Updates: सीजेपी ने किया राष्ट्रव्यापी आंदोलन का ऐलान, छात्रों से एकजुट होने की अपील
हल्की बारिश के बावजूद सोमवार को होने वाले संसद मार्च से पहले बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी हजारों की संख्या में जुट रहे हैं. मार्च शुरू होने से पहले लोग हाथों में तिरंगा झंडा लिए 'वंदे मातरम्' गाते पूरे जोश में दिख रहे हैं. वहीं, दिल्ली पुलिस ने संसद तक मार्च निकालने की अनुमति नहीं दी है. पुलिस ने इलाके में BNS की धारा 163 लागू कर दी है, जिसके तहत लोगों के एक जगह इकट्ठा होने पर रोक है.