कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोमवार (20 जुलाई) देर रात कहा कि संसद मार्च मंगलवार (21 जुलाई) को भी जारी रहेगा. यानी लगातार दूसरे दिन प्रदर्शन होगा. उन्होंने यह बात इंडिया टुडे डिजिटल से बात करते हुए कही. सोमवार को प्रदर्शन के दौरान कई जगह पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प और सड़क पर टकराव देखने को मिला. इसके वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल भी हुए.
सोमवार (20 जुलाई) को दिल्ली पुलिस द्वारा पहले बनाये गये स्टेज हटाए जाने के बाद CJP के प्रदर्शनकारी फिर से जंतर-मंतर लौट आए. वहां उन्होंने दोबारा टेंट लगाया और टेंपरेरी स्टेज तैयार कर प्रदर्शन शुरू कर दिया. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उनका आंदोलन जारी रहेगा और वे अपनी मांगों को लेकर पीछे नहीं हटेंगे.
CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने क्या कहा?
इंडिया टुडे डिजिटल के सवाल पर कि क्या मंगलवार को भी संसद मार्च जारी रहेगा? CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने मंच से साफ कहा कि हम मंगलवार (21 जुलाई) को भी संसद की ओर मार्च करेंगे. हम जंतर-मंतर का यह प्रदर्शन स्थल छोड़कर कहीं नहीं जाने वाले हैं. उन्होंने कहा कि आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जातीं.
6 जून से जंतर-मंतर पर डटे हुए हैं प्रदर्शनकारी
CJP के प्रदर्शनकारी 6 जून से जंतर-मंतर पर डटे हुए हैं. उनकी मुख्य मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की है. इससे पहले सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी वहीं अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे थे. बाद में उन्हें हिरासत में लेकर इलाज के लिए सफदरजंग अस्पताल भेज दिया गया.
बारिश के बीच भी प्रदर्शन जारी
बारिश के बीच भी अभिजीत दीपके पीछे नहीं हटे. भीगते हुए वह पार्टी के अन्य नेताओं के साथ मानव श्रृंखला के सबसे आगे खड़े रहे और लगातार नारेबाजी करते रहे. खराब मौसम के बावजूद प्रदर्शनकारियों का उत्साह कम नहीं हुआ.
ये भी पढ़ें: CJP Sansad March : CJP प्रोटेस्ट मार्च में हिंसा, 50 से अधिक पुलिस और पैरामिलिट्री जवान घायल
जंतर-मंतर पर मौजूद CJP से जुड़े लोगों ने कहा कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, तब तक हमारा आंदोलन जारी रहेगा. अगले संसद मार्च को लेकर बैठक चल रही है. जल्द ही पार्टी की ओर से आधिकारिक बयान जारी कर आगे की रणनीति की जानकारी दी जाएगी.
