CJI सूर्यकांत ने कहा-सीजेपी प्रोटेस्ट पर पुलिस कार्रवाई के मामले में नहीं दाखिल हुई कोई याचिका, सुनवाई से इनकार की खबरें गलत

मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत ने कहा कि 20 जुलाई को छात्र प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर सुप्रीम कोर्ट में कोई याचिका दाखिल नहीं हुई थी. उन्होंने सुनवाई से इनकार की खबरों को गलत बताते हुए कहा कि मीडिया ने बिना तथ्य जांचे रिपोर्टिंग की.

CJI Suryakant on Student Protest : मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत ने शुक्रवार को साफ कहा कि 20 जुलाई को दिल्ली में छात्र प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई के मामले में सुप्रीम कोर्ट में कोई रिट याचिका दाखिल ही नहीं हुई थी.

उन्होंने कहा कि अदालत के रजिस्ट्रार से रिकॉर्ड की जांच कराई गई और सुबह 10 बजे तक इस मामले में एक भी पन्ना दाखिल नहीं किया गया था. ऐसे में यह कहना कि सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई से इनकार कर दिया, सही नहीं है.

'सिर्फ एक चिट्ठी आई थी, याचिका नहीं'

CJI ने कहा कि अदालत के पास सिर्फ एक प्रतिनिधित्व यानी एक चिट्ठी भेजी गई थी. उन्होंने कहा कि किसी चिट्ठी को रिट याचिका नहीं माना जा सकता. मीडिया रिपोर्ट के प्रति नाराजगी जताते हुए कहा कि बिना याचिका दाखिल हुए यह खबर चलाना कि मुख्य न्यायाधीश ने मामले की सुनवाई से इनकार कर दिया, गैरजिम्मेदाराना रिपोर्टिंग है. उन्होंने कहा कि पिछले दो दिनों में इस तरह की गलत खबरें लगातार चलाई गईं.

दो दिन पहले क्या हुआ था?

20 जुलाई की पुलिस कार्रवाई के बाद अधिवक्ता नरेंद्र मिश्रा ने बिना लिखित याचिका दाखिल किए सुप्रीम कोर्ट से इस मामले का स्वत: संज्ञान लेने की अपील की थी. उन्होंने अदालत से कहा था कि सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो मौजूद हैं, जिनमें पुलिस प्रदर्शनकारियों के साथ मारपीट करती दिखाई दे रही है.

इस पर अदालत ने तत्काल सुनवाई से इनकार करते हुए कहा था कि उसके पास वीडियो देखने का समय नहीं है. हालांकि, उस समय भी कोई औपचारिक याचिका दाखिल नहीं की गई थी.

दिल्ली हाईकोर्ट में चल रही है सुनवाई

इस मामले की सुनवाई फिलहाल दिल्ली हाईकोर्ट में चल रही है. हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस से जवाब मांगा है. साथ ही पुलिस कार्रवाई से जुड़े CCTV फुटेज, वीडियो रिकॉर्डिंग और दूसरे रिकॉर्ड सुरक्षित रखने का निर्देश दिया है. मामले की अगली सुनवाई 11 सितंबर को होगी. दूसरी ओर, छात्र आंदोलन से जुड़े संगठन CJP ने कहा है कि उनकी मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा. वहीं, केंद्र सरकार से बातचीत का भरोसा मिलने के बाद सोनम वांगचुक ने अपना 26 दिन का अनशन खत्म कर दिया है.

ये भी पढ़ें : मिशन सुदर्शन चक्र को मिलेगी ताकत, अगले 12 महीनों में प्रोजेक्ट कुशा के 3 इंटरसेप्टर मिसाइलों का होगा परीक्षण



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आलोक पाठक

आलोक पाठक वर्ष 2019 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अपने पत्रकारिता सफर के दौरान वे खबर मंत्र, गांडीव और नक्षत्र न्यूज़ जैसे संस्थानों के साथ जुड़े रहे हैं। वर्तमान में वे प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। हिंदी भाषा और लेखन के प्रति उनका विशेष लगाव है। उन्हें भू-राजनीति (Geopolitics) और राष्ट्रीय राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है। निजी जीवन में कहानियां और कविताएं लिखना तथा कालजयी साहित्य का अध्ययन उनकी प्रमुख रुचियों में शामिल है। उनका प्रयास तथ्यों पर आधारित, सरल और प्रभावी लेखन के माध्यम से पाठकों तक सार्थक जानकारी पहुंचाना है।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >