CBI Raid : कौन हैं आप नेता दुर्गेश पाठक? जिनके घर सुबह–सुबह पहुंची सीबीआई

CBI Raid : आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता दुर्गेश पाठक के आवास पर केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने छापेमारी की. छापेमारी को लेकर आप ने बीजेपी पर हमला किया है.

CBI Raid : आप के वरिष्ठ नेता दुर्गेश पाठक के आवास पर गुरुवार को सीबीआई ने छापेमारी की. छापेमारी को लेकर गुजरात आप के सोशल मीडिया हैंडल पर रिएक्शन आया. एक्स पर पार्टी ने लिखा–आम आदमी पार्टी ने अपने मिशन 2027 के तहत गुजरात में चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं. इसके बाद तुरंत ही ‘आप’ गुजरात के सह-प्रभारी दुर्गेश पाठक के घर सीबीआई पहुंची. आम आदमी पार्टी के नेता भगत सिंह के अनुयायी हैं. हम बीजेपी की तानाशाही के आगे झुके बिना मजबूती से लड़ेंगे और जीतेंगे.

कौन हैं दुर्गेश पाठक?

दुर्गेश पाठक गुजरात में आप के सह-प्रभारी हैं. साल 2022 में राजिंदर नगर विधानसभा सीट से जीत हासिल करने वाले पाठक को 2025 में हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी प्रत्याशी उमंग बजाज से हार का सामना करना पड़ा था. पाठक, 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान गोवा के प्रभारी भी थे.

गुजरात में ‘आप’ की पकड़ मजबूत : संजय सिंह

पार्टी ने वरिष्ठ नेता दुर्गेश पाठक के आवास पर सीबीआई की छापेमारी की निंदा करते हुए इसे ‘राजनीति से प्रेरित’ कदम बताया, जिसका उद्देश्य 2027 में होने वाले गुजरात विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी की तैयारियों को पटरी से उतारना है. ‘आप’ के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने  मीडिया से बात करते हुए कहा कि “आप’ को खत्म करने की बीजेपी की कोशिशें एक बार फिर शुरू हो गई हैं. सिंह ने कहा ‘‘उन्होंने हमारे नेता को जेल में डाल दिया, हमारे शीर्ष नेतृत्व को गिरफ्तार कर लिया और अब हमारे पीएसी (संसदीय कार्य समिति) सदस्य और गुजरात के सह-प्रभारी दुर्गेश पाठक के घर पर सीबीआई ने छापा मारा है. इसका एकमात्र कारण यह है कि गुजरात में ‘आप’ की पकड़ मजबूत हो रही है.”

दुर्गेश पाठक के घर क्यों पहुंची सीबीआई?

संजय सिंह ने दावा किया कि जैसे ही पाठक ने पार्टी का आधार मजबूत करने के लिए गुजरात में बैठकें शुरू कीं, भाजपा ने उनके पीछे केंद्रीय एजेंसी लगा दी. ‘आप’ के आरोपों पर बीजेपी की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल पाई. वहीं, अधिकारियों ने बताया कि सीबीआई विदेशी अंशदान मानदंडों के कथित उल्लंघन के सिलसिले में पाठक के परिसरों पर छापेमारी कर रही है. उन्होंने बताया कि एजेंसी ने विदेशी अंशदान विनियमन अधिनियम के कथित उल्लंघन के लिए पाठक के खिलाफ मामला दर्ज किया है.

मनीष सिसोदिया ने क्या कहा?

‘आप’ के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “गुजरात चुनाव 2027 की जिम्मेदारी मिलते ही दुर्गेश पाठक के घर पर सीबीआई की छापेमारी… यह कोई इत्तेफाक नहीं, यह बीजेपी की, डर की वजह से रची गई साजिश है.” दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने भी छापेमारी की निंदा की. उन्होंने कहा, “आम आदमी पार्टी ने जैसे ही गुजरात चुनाव की तैयारी शुरू की, गुजरात के सह-प्रभारी दुर्गेश पाठक के घर सीबीआई छापेमारी करने पहुंच गई! यह छापेमारी इनकी बौखलाहट दिखा रही है! ”

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Amitabh Kumar

अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >