जनधन खाता है आपके पास? ₹10000 ओवरड्राफ्ट और ₹2 लाख बीमा समेत जानें 5 फायदे

प्रधानमंत्री जनधन योजना (PMJDY) को शुरू हुए 12 साल हो गए हैं और यह योजना करोड़ों लोगों को बैंकिंग से जोड़ चुकी है. यह खाता अब सिर्फ पैसे रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि कई सरकारी योजनाओं और बैंकिंग सुविधाओं का लाभ भी प्रदान करता है.

देश में करोड़ों लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ने वाली प्रधानमंत्री जनधन योजना (PMJDY) को शुरू हुए 12 साल हो गए हैं. 28 अगस्त 2014 को शुरू हुई इस योजना का मकसद ऐसे लोगों को बैंक खाते से जोड़ना था, जिनका पहले बैंकिंग व्यवस्था तक पहुंच नहीं थी अब यह खाता सिर्फ पैसे रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे कई सरकारी योजनाओं और बैंकिंग सुविधाओं का लाभ भी लिया जा सकता है.

जनधन खाते में कितना पैसा है?

वित्त मंत्रालय की 2025-26 की सालाना रिपोर्ट के मुताबिक, नवंबर 2025 तक 57.11 करोड़ जनधन खाते खोले जा चुके थे. इन खातों में करीब ₹2.74 लाख करोड़ जमा थे. इनमें 31.85 करोड़ खाते महिलाओं के नाम थे और करीब 44.67 करोड़ खाते ग्रामीण और अर्ध-शहरी इलाकों में थे. अब सवाल है कि अगर आपके पास जनधन खाता है तो आपको क्या-क्या फायदा मिलता है?

1. जीरो बैलेंस पर खाता

जनधन खाते में न्यूनतम बैलेंस रखने की जरूरत नहीं होती. यानी खाते में पैसा न होने पर भी इसे सिर्फ इस वजह से बंद करने की जरूरत नहीं है. खाते में जमा रकम पर ब्याज भी मिलता है.

2. ₹2 लाख तक का दुर्घटना बीमा

जनधन खाते के साथ मिलने वाले RuPay डेबिट कार्ड पर 2 लाख रुपए तक का दुर्घटना बीमा कवर उपलब्ध है. हालांकि, बीमा का लाभ कुछ शर्तों के साथ मिलता है और पुराने खातों के लिए कवर की राशि अलग हो सकती है.

3. ₹10 हजार तक ओवरड्राफ्ट

जरूरत पड़ने पर पात्र खाताधारकों को 10 हजार रुपए तक ओवरड्राफ्ट की सुविधा मिल सकती है. आसान भाषा में समझें तो खाते में पर्याप्त पैसा न होने पर भी तय सीमा तक रकम निकालने की सुविधा मिल सकती है. इसके लिए पात्रता और बैंक की शर्तें लागू होती हैं.

4. सरकारी पैसे सीधे खाते में

जनधन खाते का एक बड़ा फायदा यह है कि इसका इस्तेमाल Direct Benefit Transfer यानी DBT के लिए किया जा सकता है. यानी सरकार की पात्र योजनाओं का पैसा सीधे बैंक खाते में भेजा जा सकता है. जनधन खाते को आधार और मोबाइल से जोड़ने वाली व्यवस्था ने इस तरह के सीधे भुगतान को आसान बनाया है.

ये भी पढ़ें: गढ़वा : 3.5 करोड़ से बना 100 बेड का अस्पताल खंडहर में तब्दील, 70 हजार की आबादी झोलाछाप डॉक्टरों के भरोसे

5. बीमा और पेंशन योजनाओं से जुड़ने का रास्ता

जनधन खाते के जरिए प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना जैसी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़ा जा सकता है. हालांकि, इन योजनाओं में शामिल होने के लिए उनकी अलग-अलग पात्रता और शर्तें होती हैं.

खाता खुलवाने के लिए क्या चाहिए?

अगर आपके पास कोई दूसरा बैंक खाता नहीं है तो जनधन खाता किसी भी बैंक शाखा या बैंक मित्र के जरिए खोला जा सकता है. अगर आधार उपलब्ध है, तो आधिकारिक जानकारी के अनुसार आम तौर पर कोई दूसरा दस्तावेज जरूरी नहीं होता. आधार नहीं होने पर बैंक द्वारा स्वीकार किए जाने वाले पहचान और पते के दस्तावेजों में वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, पासपोर्ट और मनरेगा कार्ड जैसे दस्तावेज शामिल हैं.

ये भी पढ़ें: आवास योजना में रिश्वत नहीं दी तो सूची से नाम गायब करने का आरोप, डीएम से लेकर ईओ तक पहुंचा मामला

इसमें जरूरी बात ये है कि जनधन खाता खुला होने का मतलब यह नहीं है कि हर व्यक्ति को ₹10 हजार ओवरड्राफ्ट या बीमा की रकम अपने आप मिल जाएगी। इन सुविधाओं के लिए संबंधित नियम और पात्रता पूरी करना जरूरी है. इसलिए अपना खाता सक्रिय रखें, RuPay कार्ड और उससे जुड़े नियमों की जानकारी लें और बैंक से यह भी पूछें कि आपके खाते पर कौन-कौन सी सुविधाएं लागू हैं.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दीपक कुमार गुप्ता

दीपक कुमार गुप्ता 'प्रभात खबर डिजिटल' में कंटेंट राइटर हैं. इससे पहले वे 'ईटीवी भारत' में करीब ढाई साल तक कार्यरत रहे. इन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से पत्रकारिता की पढ़ाई की है. 2021 से वे पत्रकारिता से जुड़े हैं और इस दौरान 'न्यूज प्लस', 'अंतर्कथा विजन न्यूज' और 'पब्लिक ऐप' के साथ भी काम कर चुके हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >