प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार (1 अगस्त) को आंध्र प्रदेश के भोगपुरम स्थित अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन किया. इस दौरान उन्होंने राज्य में 17,900 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित कीं. भोगपुरम पहुंचने पर प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया गया. इस मौके पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण भी मौजूद रहे.
5,640 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के अनुसार, सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल के तहत विकसित इस ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट को 5,640 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार किया गया है. इसके निर्माण में अत्याधुनिक सुविधाएं का खास ख्याल रखा गया है.
- हर साल करीब 60 लाख यात्रियों को संभालने की क्षमता.
- आधुनिक यात्री टर्मिनल भवन.
- बेहतर कनेक्टिविटी और सुगम यात्रा अनुभव के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं.
- भविष्य की विमानन जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया बुनियादी ढांचा.
अत्याधुनिक तकनीकों से लैस एयरपोर्ट
भोगपुरम एयरपोर्ट में यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और संचालन क्षमता बढ़ाने के लिए कई आधुनिक तकनीकों को शामिल किया गया है.
- आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित सिस्टम.
- बिल्डिंग इंफॉर्मेशन मॉडलिंग (BIM) तकनीक.
- एयरसाइड 4.0 तकनीक.
- एयरपोर्ट प्रेडिक्टिव ऑपरेशंस सेंटर (APOC).
- बायोमेट्रिक यात्री प्रसंस्करण. (Biometric Passenger Processing)
- स्वचालित बैगेज हैंडलिंग सिस्टम.
- स्मार्ट ऑपरेशनल मॉनिटरिंग सिस्टम.
पर्यावरण के अनुकूल सुविधाओं पर जोर
PMO के मुताबिक, एयरपोर्ट को टिकाऊ और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए कई हरित सुविधाएं विकसित की गई हैं.
क्या है इस एयरपोर्ट के ग्रीन फीचर्स?
- ऊर्जा-कुशल HVAC सिस्टम. ऊर्जा बचाने वाली लाइटिंग व्यवस्था.
- 5 मेगावाट का सौर ऊर्जा संयंत्र.
- वर्षा जल संचयन प्रणाली.
- स्मार्ट बिल्डिंग मैनेजमेंट सिस्टम.
- कचरा प्रबंधन व्यवस्था.
- इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग सुविधा.
- पर्यावरण निगरानी प्रणाली.
टर्मिनल भवन को ग्रीन बिल्डिंग मानकों के अनुसार डिजाइन किया गया है और इसे यूएस ग्रीन बिल्डिंग काउंसिल (USGBC) के साथ पंजीकृत किया गया है.
आंध्र प्रदेश की संस्कृति दिखाता है एयरपोर्ट का डिजाइन
भोगपुरम एयरपोर्ट का वास्तुशिल्प डिजाइन आंध्र प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत से प्रेरित है. टर्मिनल की छत का डिजाइन पारंपरिक चुट्टिलू झोपड़ियों से प्रेरित है. इसमें अराकू घाटी के प्राकृतिक सौंदर्य की झलक दिखाई देती है. एयरपोर्ट का प्रवाहमय आकार उड़ती हुई मछली की गति को दर्शाता है. इस डिजाइन में क्षेत्रीय संस्कृति और आधुनिक विमानन सुविधाओं का मेल किया गया है.
पर्यटन, निवेश और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा. व्यापार और निवेश के नए अवसर पैदा होंगे. रोजगार के अवसर बढ़ेंगे. क्षेत्रीय हवाई संपर्क मजबूत होगा.
पीएम मोदी आज मैसूरु में विवेक स्मारक का करेंगे उद्घाटन
इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी शनिवार दोपहर 3:30 बजे कर्नाटक के मैसूरु स्थित श्री रामकृष्ण आश्रम में स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक युवा केंद्र - विवेक स्मारक का उद्घाटन करेंगे. PMO के अनुसार, प्रधानमंत्री इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित भी करेंगे.
