गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को असम के डिब्रूगढ़ पहुंचे. यहां उन्होंने करीब 825 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स की शुरुआत की. शाह ने बताया कि कैसे पीएम मोदी के फैसलों से डिब्रूगढ़ और पूरे असम की किस्मत बदलने वाली है.
यूरोप से फ्री ट्रेड
अमित शाह के अनुसार, भारत और यूरोपियन यूनियन (EU) के बीच हुए फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) का सबसे बड़ा फायदा असम को होगा. उन्होंने कहा कि अब डिब्रूगढ़ के बागानों की चाय बिना किसी टैक्स (जीरो टैरिफ) के पेरिस से लेकर बर्लिन तक यानी यूरोप के सभी 27 देशों में बिकेगी. इससे स्थानीय चाय उत्पादकों को इंटरनेशनल मार्केट मिलेगा और उनकी कमाई में तगड़ा इजाफा होगा.
स्पोर्ट्स और यूथ के लिए बड़ा तोहफा
शाह ने युवाओं के लिए एक वर्ल्ड क्लास मल्टीडिसीप्लिनरी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के पहले फेज का उद्घाटन किया. इसके साथ ही 209 करोड़ रुपये की लागत वाले दूसरे फेज की नींव भी रखी गई. शाह का कहना है कि यह कॉम्प्लेक्स दुनिया के बेहतरीन स्टेडियम्स जैसा होगा, जिससे असम के टैलेंट को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा.
डिब्रूगढ़ बनेगा ‘पावर सेंटर’
डिब्रूगढ़ को असम की दूसरी राजधानी के रूप में देखा जा रहा है. शाह ने बताया कि जब यहां विधानसभा सत्र चलेगा, तो विधायकों के रहने के लिए शानदार फ्लैट्स बनाए जाएंगे. इससे लोकल इकोनॉमी को काफी बूस्ट मिलेगा. इसके अलावा, 292 करोड़ रुपये की लागत से एक ‘वर्ल्ड लाइफ एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट’ भी बनेगा, जो बीमारियों की जांच और रिसर्च पर काम करेगा.
बाढ़ से निपटने का ‘मास्टर प्लान’
असम में बाढ़ एक बड़ी समस्या है. शाह ने बताया कि सैटेलाइट सर्वे के जरिए कुछ ऐसी जगहों (Wetlands) की पहचान की गई है, जहां 15 बड़े तालाब बनाए जाएंगे. ब्रह्मपुत्र नदी का एक्स्ट्रा पानी इन तालाबों में डायवर्ट किया जाएगा. इससे न सिर्फ बाढ़ रुकेगी, बल्कि किसान साल में 3 फसलें उगा पाएंगे.
साथ ही, यहां टूरिज्म और वॉटर स्पोर्ट्स को भी बढ़ावा मिलेगा. यह कार्यक्रम महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर हुआ, जहां शाह ने उन्हें श्रद्धांजलि दी. मंच पर असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा और केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल भी मौजूद थे.
ये भी पढ़ें:
बहन की चीख सुनाई दी, 5 मिनट के बाद जीजा का कॉल आया कि काजल मर गई, भाई ने बताई पूरी बात
