अजित पवार मौत मामला: क्या विमान के साथ हुई थी छेड़छाड़? प्लेन एक्सीडेंट की CID ने शुरू की जांच

Ajit Pawar Death Case: अजित पवार की विमान हादसे में मौत मामले की जांच सीआईडी ने शुरू कर दी है. सीआईडी ​​की एक टीम पुणे ग्रामीण पुलिस से संबंधित दस्तावेज हासिल करेगी. टीम घटनास्थल जाकर छानबीन करेगी. इसके अलावा यह भी पता लगाने की कोशिश करेगी कि उड़ाने से पहले विमान में किसी तरह की छेड़छाड़ तो नहीं की गई थी.

Ajit Pawar Death Case: बारामती में हुए अजित पवार के विमान हादसे की जांच महाराष्ट्र अपराध जांच विभाग (CID) ने शुरू कर दी है. इस हादसे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार और चार अन्य लोगों की मौत हो गई थी. विमान लैंडिंग के दौरान विमान क्रैश हो गया था. न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक राज्य पुलिस ने 28 जनवरी को पुणे जिले के बारामती में हुई दुर्घटना के बाद दर्ज आकस्मिक मौत के मामले में सीआईडी ​​जांच के संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं.

सीआईडी ने शुरू की हादसे की जांच

महाराष्ट्र सरकार ने गुरुवार को यह मामला सीआईडी (CID) को सौंप दिया, जिसके बाद सीआईडी ने आज (30 जनवरी) से इस घटना की की जांच शुरू कर दी है. एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने बताया “पुणे ग्रामीण पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया है और इसे सीआईडी ​​को स्थानांतरित कर दिया गया है.” अधिकारी ने बताया कि सीआईडी ​​की एक टीम पुणे ग्रामीण पुलिस से संबंधित दस्तावेज हासिल करेगी. उन्होंने बताया कि टीम बारामती हवाई पट्टी के पास दुर्घटना स्थल का भी दौरा करेगी.

क्या विमान में की गई थी छेड़छाड़

पुलिस अधिकारी ने बताया कि सीआईडी अजित पवार के मुंबई से बारामती की यात्रा शुरू करने से पहले विमान में किसी भी तरह की छेड़छाड़ की गई थी या नहीं इसकी भी जांच करेगी. नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अधीन विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) ने भी दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है.

विमान हादसे में अजित पवार समेत 5 लोगों की हुई थी मौत

एक निजी विमान में सवार अजित पवार समेत पांच लोगों की बुधवार (28 जनवरी) सुबह बारामती में हवाई पट्टी के नजदीक हुए हादसे में मौत हो गई थी. इस घटना में मारे गए अन्य लोगों में कैप्टन सुमित कपूर शामिल थे. सुमित कपूर को 15,000 घंटे का उड़ान अनुभव था और सह-पायलट कैप्टन शांभवी पाठक को 1,500 घंटे का उड़ान अनुभव था. विमान में सवार लोगों में पवार के निजी सुरक्षा अधिकारी विदिप जाधव और विमान परिचारिका पिंकी माली भी शामिल थीं. (इनपुट भाषा)

Also Read: Maharashtra Politics : अजित पवार एनसीपी के दोनों गुट को लाने वाले थे साथ, करीबी का दावा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pritish Sahay

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >