Hyderabad News : हैदराबाद से महिला सुरक्षा को लेकर एक बार फिर हैरान करने वाला मामला सामने आया है. राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ( शमशाबाद) पर कार्यरत एक एयरलाइन की केबिन क्रू महिला मेंबर के साथ कथित तौर पर ऑफिस कैब के ड्राइवर ने दुष्कर्म किया. इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, घटना 20 जुलाई की दोपहर करीब 2:40 बजे की बताई जा रही है. पीड़िता अपनी ड्यूटी के लिए ऑफिस कैब में बैठी थी, लेकिन ड्राइवर उसे एयरपोर्ट ले जाने के बजाय सुनसान इलाके में ले गया और वहां उसके साथ कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया.
आरोपी गिरफ्तार, अदालत ने भेजा हिरासत में
इस घटना की शिकायत मिलने के बाद हैदराबाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 23 वर्षीय आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया. मामले की जांच जारी है और पुलिस घटनास्थल के आसपास के सबूत भी जुटा रही है.
पुरानी घटनाओं से फिर जुड़ा महिला सुरक्षा का सवाल
यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब देश में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर लगातार चिंता जताई जा रही है. कोलकाता के आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज में 9 अगस्त 2024 डॉक्टर से दुष्कर्म और हत्या जैसे चर्चित मामले ने पूरे देश को झकझोर दिया था. इसके अलावा बेंगलुरु, पुणे और दिल्ली समेत कई शहरों में कैब और सार्वजनिक परिवहन से जुड़े अपराध भी सामने आए हैं. इन घटनाओं ने कामकाजी महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं.
सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग
इस घटना के बाद महिला संगठनों और आम लोगों ने कैब सेवाओं की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की मांग की है. लोगों का कहना है कि ऑफिस कैब में जीपीएस निगरानी, ड्राइवरों का सख्त सत्यापन और रियल-टाइम ट्रैकिंग जैसी व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें- बीजेपी का विपक्ष पर वार, मंत्री राजनाथ बोले - छात्रों को राजनीति का हथियार बनाया जा रहा...
