GRAP-3: दिल्ली एनसीआर में वायु गुणवत्ता में सुधार के बाद गुरुवार को ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान के तीसरे चरण (GRAP-3) के तहत लागू पाबंदियां हटा दी गई हैं. वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने एक आदेश में कहा कि गुरुवार को दिल्ली का एक्यूआई (AQI) 332 हो गया, जिसके बाद पाबंदियों में ढील दी जा रही है. आयोग ने कहा कि मौसम पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में एक्यूआई के मध्यम से खराब श्रेणी में रहने की संभावना है. GRAP-3 हटने के बाद निर्माण कार्यों, औद्योगिक गतिविधियों और वाहनों से जुड़ी कुछ सख्त पाबंदियों में राहत मिलने की संभावना है.
मंगलवार को हटाया गया था ग्रैप के चौथे चरण के तहत लगाए प्रतिबंध
इससे पहले मंगलवार को केंद्र के प्रदूषण नियंत्रण निकाय ने दिल्ली-एनसीआर में ग्रैप के चौथे चरण के तहत लगाए गए प्रतिबंधों को हटा दिया था, क्योंकि राष्ट्रीय राजधानी की वायु गुणवत्ता में सुधार हुआ था. दिल्ली-एनसीआर में लागू ग्रैप प्रणाली वायु गुणवत्ता को चार चरणों में बांटती है. खराब (AQI 201 से 300 तक), बहुत खराब (AQI 301 से 400 तक), गंभीर (AQI 401 से 450 तक) और अत्यंत गंभीर (AQI 450 से ऊपर). मौसमी दशाओं, वाहनों से निकलने वाले धुएं, पराली जलाने, पटाखों और प्रदूषण के अन्य स्रोतों के कारण सर्दियों के मौसम में दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता अक्सर स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने वाले स्तर तक पहुंच जाती है.
