नयी दिल्ली : दक्षिण दिल्ली के सी आर पार्क में बेल्जियम मूल की 23 वर्षीय एक युवती के साथ शनिवार रात ओला कैब चालक ने कथित तौर पर छेडछाड की जिसके बाद आज उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. पुलिस को दी शिकायत में युवती ने कहा है कि उसने गुडगांव से ओला कैब बुक करवाई थी और सफर के दौरान कैब चालक ने कथित तौर पर उसे चूमने की कोशिश की. पुलिस ने कहा कि दक्षिण पूर्वी दिल्ली के सी आर पार्क क्षेत्र में कैब से बाहर निकलने के बाद युवती ने बीती रात लगभग 10 बजे पुलिस को इस घटना की जानकारी दी.
डीसीपी (दक्षिणपूर्व) एम एस रंधावा ने कहा कि हमें सी आर पार्क पुलिस चौकी में एक शिकायत मिली है और इसकी जांच की जा रही है. पुलिस ने कहा कि कैब चालक महिला को सी आर पार्क के पास छोडने के बाद वहां से चला गया था और पुलिस उसकी तलाश कर रही है. चालक की पहचान के लिए बुकिंग संबंधी जानकारी खंगाली जा रही है और इस संदर्भ में प्राथमिकी दर्ज हो सकती है. यह सुनिश्चित किया जाना अभी बाकी है कि यह युवती एक पर्यटक है या फिर कुछ समय से भारत में रह रही है.
