4 Children HIV Positive: सरकारी अस्पताल में घोर लापरवाही! चार बच्चे हुए HIV संक्रमित, दूषित रक्त चढ़ाने का संदेह

4 Children HIV Positive: मध्य प्रदेश के सतना जिला अस्पताल में उस समय हड़कंप मच गया जब इलाज करा रहे चार बच्चे एचआईवी से संक्रमित पाए गए. सभी बच्चे थैलीसीमिया से पीड़ित थे. दावा किया जा रहा है कि इन बच्चों को एचआईवी संक्रमित खून चढ़ा दिया गया है.

4 Children HIV Positive: मध्य प्रदेश के सतना स्थित जिला अस्पताल में थैलेसीमिया से पीड़ित चार बच्चे एचआईवी संक्रमित पाए गए हैं. दावा किया जा रहा है कि कथित तौर पर एचआईवी संक्रमित रक्त चढ़ाए जाने से इस लाइलाज बीमारी के शिकार हो गए हैं. अधिकारी के मुताबिक यह मामला चार महीने पुराना है और इसकी जांच की जा रही है लेकिन अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि बच्चों में संक्रमण कैसे फैला. अधिकारियों ने बच्चों में संक्रमण के पीछे संक्रमित सुई के इस्तेमाल या ब्लड ट्रांसफ्यूजन की आशंका जताई है. मध्यप्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला ने घटना पर कहा कि जांच के आदेश दिए हैं और रिपोर्ट मांगी गई है. उन्होंने कहा- इस बात की भी जांच की जा रही है कि यह ब्लड ट्रांसफ्यूजन सरकारी अस्पताल के अलावा किसी अन्य अस्पताल में तो नहीं हुआ था.

4 बच्चे HIV से पीड़ित

एचआईवी से पीड़ित बच्चों की उम्र 12 से 15 साल के बीच है. थैलेसीमिया से पीड़ित इन बच्चों को अस्पताल के ब्लड बैंक से खून चढ़ाया जाता था. सरदार वल्लभ भाई पटेल जिला चिकित्सालय के ब्लड बैंक के प्रभारी देवेंद्र पटेल ने घटना पर कहा कि चार बच्चे एचआईवी से संक्रमित पाए गए हैं और यह जांच की जा रही है कि वे कैसे संक्रमित हुए. उन्होंने कहा- या तो संक्रमित सुई का इस्तेमाल हुआ है या फिर ब्लड ट्रांसफ्यूजन हुआ हो. यही दो मूल कारण मुझे लगते हैं. ब्लड ट्रांसफ्यूजन की संभावना अधिक लग रही है. उन्होंने कहा कि सभी बच्चे थैलेसीमिया से पीड़ित हैं और इनमें किसी को 80 तो किसी को सौ बार खून चढ़ाया गया है.

पीड़ित बच्चों के अभिभावकों ने क्या बताया?

पीड़ित बच्चों में से एक बच्चे के परिजन ने बताया कि करीब चार महीने पहले ही उनका बच्चा नियमित जांच के दौरान एचआईवी से संक्रमित पाया गया था और उसे इसकी दवाइयां भी दी जा रही हैं लेकिन उसका कोई फायदा नहीं हो रहा है. उन्होंने कहा कि एचआईवी के लिए दी गई दवाइयों के सेवन के बाद उनका बच्चा उल्टियां करने लगता है, फिर सुस्त पड़ जाता है और बीमार हो जाता है. परिजन ने कहा कि उनके बच्चे के साथ ही तीन अन्य बच्चे भी एचआईवी संक्रमित पाए गए हैं. उन्होंने कहा कि बच्चों में एचआईवी संक्रमण की पुष्टि के बाद सभी परिजनों की भी जांच कराई गई और सभी की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई.

स्वास्थ्य मंत्री से इस्तीफे की मांग

घटना सामने आने के बाद कांग्रेसी नेताओं ने स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला से इस्तीफे की मांग की है. विधायक और पूर्व कृषि मंत्री सचिन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में लगातार ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं. उन्होंने कहा कि छिंदवाड़ा में जहरीले कफ सिरप का मामला सामने आया, उसके बाद इंदौर और सतना के अस्पतालों में चूहों के काटने की घटनाएं सामने आईं और अब बच्चों को एचआईवी संक्रमित खून चढ़ा दिया गया. उन्होंने आरोप लगाया- “स्वास्थ्य मंत्री से यह महकमा नहीं संभल रहा है. उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए. सतना की घटना के लिए जिम्मेदार लोगों पर हत्या का मामला दर्ज होना चाहिए. (इनपुट- भाषा)

Also Read: Delhi Pollution: पूयूसीसी नहीं तो ईंधन नहीं… प्रदूषण के खिलाफ दिल्ली सरकार का बड़ा एक्शन, कहा- जब्त होंगे वाहन

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pritish sahay

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >