नयी दिल्ली: कांग्रेस उपाध्यक्ष के अपनी छुट्टी बढाने की अटकलों के बीच पार्टी ने कहा कि राहुल गांधी निकट भविष्य में वापस आ जाएंगे और वह पार्टी में निर्णय लेने की प्रक्रिया में पूरी तरह शामिल हैं.पार्टी प्रवक्ता अभिषेक सिंघवी ने आज स्पष्ट किया कि राहुल जहां कहीं भी हैं, लेकिन वह पार्टी में निर्णय लेने की प्रक्रिया में पूरी तरह शामिल हैं और उनमें हाल के बदलाव भी शामिल हैं.
उन्होंने कहा, ‘‘हर चीज उनकी निगरानी, उनके निरीक्षण में हो रही है.. राहुल अपने उत्तरदायित्वों को निभा रहे हैं.’’ सिंघवी इस खबर का खंडन कर रहे थे कि जबतक अहमद पटेल और जर्नादन द्विवेदी जैसे वरिष्ठ नेता (अहम पदों से) हटा नहीं दिए जाते, तबतक राहुल पार्टी का काम हाथ में लेने वापस आने को इच्छुक नहीं हैं.
प्रवक्ता ने कहा कि वह मीडिया की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर टिप्पणी नहीं कर सकते.उन्होंने कहा कि कुछ लोग भले ही यह सोच रहे हों कि राहुल गांधी इस महीने के आखिर तक या इस साल के आखिर तक नहीं लौटेंगे लेकिन कांग्रेस उपाध्यक्ष बिल्कुल निकट भविष्य में शायद अगले सप्ताह ही वापस आ जाएगें.
जब सिंघवी को यह बताया गया कि उनके सहयोगी एवं एक अन्य पार्टी प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा था कि राहुल दो सप्ताह की छुट्टी पर गए हैं और इस आधार पर उन्हें अबतक वापस आ जाना चाहिए था, तो उन्होंने कहा, ‘‘किसी ने भी (उनकी वापसी की) सटीक तिथि नहीं बतायी थी. ’’ राहुल गांधी बजट सत्र के शुरु होने से पहले छुट्टी पर चले गए जिससे राजनीतिक गलियारों में यह अटकलें लगने लगी कि वह पार्टी चलाने के लिए पूरी तरह छूट नहीं मिलने से नाखुश हैं.
पार्टी ने पहले कहा था कि राहुल ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से पार्टी से जुडे हाल के घटनाक्रम एवं उसकी भावी कार्ययोजना को लेकर चिंतन-मनन करने के लिए कुछ वक्त देने का अनुरोध किया.
पार्टी नेताओं ने कहा था कि राहुल मानते हैं कि कांग्रेस अपने आगामी सत्र में जो दिशा अपनाएगी, वह उसके भविष्य के लिए अहम होगी, अतएव वह उसके लिए तैयारी करना चाहते हैं.उनकी छुट्टी इस अटकल के बीच आयी कि संभवत: अप्रैल में होने वाले कांग्रेस सम्मेलन में उन्हें पार्टी अध्यक्ष के रुप में प्रोन्नत किया जा सकता है.
