भुवनेश्वरः ओडिशा में रविवार की रात आफत बन कर आए आंधी-तूफान के बीच आठ लोगों की मौत हो गयी. राज्य के अलग-अलग हिस्सों में लोगों पर मौत बन कर आकाशीय बिजली गिरी और आठ लोगों की जान चली गयी. प्राप्त जानकारी के अनुसार, ओडिशा के कोरापुट, केंदुझार, जाजपुर और गंजम में आठ लोगों की मौत हो गयी जबकि पांच लोग घायल हो गए.
घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मृतकों में कोरापुट से दो, केंदुझार से दो, जाजपुर से दो और गंजम से भी दो लोग शामिल हैं. बता दें कि चक्रवाती तूफान फेनी के बाद प्री-मॉनसून में आंधी तूफान की यह पहली घटना है, जिसमें काफी जान-माल का नुकसान हुआ है. घायलों में से दो कोरापुट से औऱ ढेंकानाल से तीन लोग शामिल हैं.
इधर दूसरी घटना एक सड़क दुर्घटना है जिसमें कई लोग घायल हो गए. मिली जानकारी के अनुसार, केसिंगा जा रही एक बस राजमुंडा के पास पलट गई, जिससे 20 यात्री घायल हो गए. घायलों में से कुछ की हालत गंभीर है. सभी घायलों को भवानीपटना जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
