जम्मू : अमरनाथ यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का आज 7वां जत्था जम्मू से रवाना हुआ. 2125 श्रद्धालुओं को कड़ी सुरक्षा के बीच जम्मू आधार शिविर से दक्षिण कश्मीर हिमालय स्थित अमरनाथ गुफा मंदिर के लिए रवाना किया गया. पुलिस ने आज यहां बताया कि सुबह करीब 4 बजे 65 वाहनों का काफिला 2125 श्रद्धालुओं को लेकर जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से अमरनाथ की पवित्र गुफा के लिए रवाना हुआ.
कश्मीर घाटी में पहलगाम और बालटाल दोनों आधार शिविरों के लिए रवाना हुए श्रद्धालुओं के 7 वें जत्थे में 1,511 पुरुष, 491 महिलाएं, 23 बच्चों के अलावा 100 साधू और साध्वी हैं. कश्मीर घाटी में बालटाल के आधार शिविर की ओर बढ़ रहा काफिला जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर उधमपुर जिले में चेनानी को पार कर चुका है.
28 जून को वार्षिक यात्रा शुरु होने के बाद से छोटे बालटाल मार्ग से आज के जत्थे के सहित 9,869 श्रद्धालु अमरनाथ की पवित्र गुफा यात्रा के लिए जम्मू से निकल चुके हैं. पारंपरिक पहलगाम मार्ग से पवित्र गुफा के लिए यात्रा कल शुरु हुयी और अब तक 61,000 से ज्यादा श्रद्धालु हिमलिंगम के दर्शन कर चुके हैं.
