Rain Warning: 13, 14, 15 और 18 अप्रैल को बारिश, गरज चमक के साथ तूफानी हवा, IMD का अलर्ट

Rain Warning: जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश से लेकर अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय सहित अन्य पूर्वोत्तर राज्यों में 14 से लेकर 18 अप्रैल तक गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. कई इलाकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवा भी चल सकती है. वहीं उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में अधिकतम तापमान में 3 से 6 डिग्री सेल्सियस तक का इजाफा हो सकता है.

Rain Warning: देश के कई हिस्सों में 18 अप्रैल तक आंधी बारिश का दौर जारी रह सकता है. मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में देश के पहाड़ी इलाकों के साथ-साथ मैदानी क्षेत्रों में मौसम का मूड बिगड़ सकता है. जम्मू कश्मीर से लेकर पंजाब यूपी तक बारिश और तेज हवा चलने के आसार हैं. आईएमडी के मुताबिक 14 से 18 अप्रैल के दौरान जम्मू-कश्मीर-लद्दाख, हिमाचल प्रदेश में आंधी-तूफान और बिजली कड़कने के साथ कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. मैदानी इलाकों की बात करें तो 13 और 14 अप्रैल के दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तेज हवा चल सकती है. हवा की गति 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा से लेकर 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.

असम मेघालय समेत पूर्वोत्तर भारत में बिगड़ेगा मौसम

आईएमडी के मुताबिक 13 से 15 अप्रैल के दौरान असम और मेघालय में बारिश हो सकती है. 13 और 14 अप्रैल के दौरान नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश के साथ तेज हवा की संभावना है. 13 से 16 अप्रैल के दौरान अरुणाचल प्रदेश में बिजली कड़कने के साथ बारिश हो सकती है. अरुणाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी बारिश की भी संभावना है. इसके अलावा पूर्वोत्तर राज्यों में तेज हवा भी चल सकती है. हवा की गति 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.

दक्षिण भारत में कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग का अनुमान है कि 15 और 16 अप्रैल को आंतरिक कर्नाटक में गरज, बिजली और तेज हवा का दौर जारी रह सकता है. हवा की गति 30 किमी प्रति घंटा तक पहुँच सकती है. इसके अलावा कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की भी संभावना है. 13 अप्रैल को केरल और माहे में बिजली गिरने की संभावना है. 13 से 16 अप्रैल के दौरान तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी मौसम का मिजाज ऐसा ही रह सकता है.

इन राज्यों में बढ़ेगी गर्मी

देश के कई राज्यों में अब भीषण गर्मी की दस्तक शुरू हो गई है. आईएमडी के मुताबिक 13 से 18 अप्रैल के दौरान दिल्ली, यूपी, राजस्थान समेत उत्तर-पश्चिम भारत के कई राज्यों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक का इजाफा हो सकता है. वहीं मध्य प्रदेश में 15 अप्रैल तक तापमान 3 से 5 डिग्री तक बढ़ सकता है, जबकि विदर्भ और छत्तीसगढ़ में 2 से 3 डिग्री की वृद्धि का अनुमान है.

Also Read: मौसम : कहां होगी बारिश, कहां बढ़ेगी गर्मी, आया IMD अलर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pritish Sahay

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >