Noida Employees Protest: कर्मचारियों के प्रदर्शन के कारण यातायात ठप हो गया, जिससे दिल्ली जाने वाली विभिन्न सड़कों पर हजारों यात्री फंस गए. दिल्ली-नोएडा सीमा पर कई किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं.
प्रदर्शनकारियों ने तोड़फोड़ की, पथराव किया और वाहनों में आग लगा दी
विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के कर्मचारी बड़ी संख्या में सुबह एकत्र हुए और उन्होंने वेतन संशोधन की अपनी काफी समय से लंबित मांग को लेकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया. सेक्टर-62 और सेक्टर-84 में भी मजदूरों ने सुबह से ही प्रदर्शन शुरू कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-9 को भी जाम कर दिया. प्रदर्शन जल्द ही हिंसक हो गया. कुछ प्रदर्शनकारियों ने तोड़फोड़ की, पथराव किया और वाहनों में आग लगा दी.
सिलेंडर, सब्जियां और हर चीज महंगी हो गई…सैलरी बढ़ाने की मांग की तो पीटा गया: प्रदर्शनकारी का दर्द
विरोध प्रदर्शन करने वालों में से एक, लक्ष्मी कहती हैं, मैं मदरसन में काम करती हूं. वे हमें कम सैलरी दे रहे हैं. हम ज्यादा सैलरी चाहते हैं. जब हमने धरने पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया, तो उन्होंने बिना हमारी किसी गलती के हमें पीटा. सिलेंडर, सब्जियां और हर चीज महंगी हो गई है. आज जब हमने विरोध किया, तो हमें पीटा गया. मेरे पैरों पर चोट लगी. मेरी मांग है कि हमें सैलरी के तौर पर 20,000 रुपये दिए जाएं. तभी हम अपना गुजारा कर पाएंगे, वरना यह विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा.
पुलिस बल की तैनाती की गई
गौतम बुद्ध नगर के औद्योगिक क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है. पुलिस ने एक बयान में कहा, स्थिति नियंत्रण में है और लगातार निगरानी की जा रही है. कर्मचारियों को समझाने और शांति बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जहां आवश्यक है, वहां न्यूनतम बल का इस्तेमाल किया जा रहा है. अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की और आश्वासन दिया कि प्रभावित क्षेत्रों में सामान्य स्थिति बहाल की जा रही है.
अफवाहें फैलाने के आरोप में दो सोशल मीडिया हैंडल के खिलाफ मुकदमा दर्ज
मजदूरों के हिंसक प्रदर्शन के बीच अफवाहें फैलाने के आरोप में दो सोशल मीडिया हैंडल के खिलाफ मुकदमे की कार्यवाही शुरू की गयी है. पुलिस के बताया, गलत और भ्रामक जानकारी फैलाने वालों और लोगों को भड़काने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है. पुलिस ने जनता से एक बार फिर अपील की कि वे बिना पुष्टि वाली जानकारी साझा करने से बचें और शांति बनाए रखे.
ये भी पढ़ें: Video : नोएडा में हिंसक प्रदर्शन, कर्मचारियों की मांग- 20,000 रुपये वेतन मिले, गैस तक हो गए महंगे
