श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर के बड़गाम में सुरक्षाबलों ने बुधवार को दो आतंकियों को मार गिराया. इन दो आतंकियों में एक की पहचान आतंकवादी नवीद जट के रूप में की गयी है जो पाकिस्तानी नागरिक था. बताया जा रहा है कि मारे गये आतंकी ने ही सूबे में पत्रकार शुजात बुखारी की हत्या की थी.
मुठभेड़ के संबंध में पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह ने कहा कि मुठभेड़ में मारा गया लश्कर-ए-तय्यबा का आतंकवादी नवीद जट पाकिस्तानी नागरिक था. उसका शव ले जाने के लिए इस्लामाबाद को सूचना देने के वास्ते वह गृह मंत्रालय को पत्र लिखा जाएगा. जट पत्रकार शुजाब बुखारी हत्या के सिलसिले में वांछित था और मध्य कश्मीर के बडगाम जिले में बुधवार सुबह एक मुठभेड़ में मारा गया. वह फरवरी में हिरासत से भाग गया था.
सिंह ने बताया कि हम पाकिस्तान को शव ले जाने की सूचना देने के लिए गृह मंत्रालय को पत्र लिखेंगे. यहां चर्चा कर दें कि लश्कर-ए-तय्यबा का आतंकवादी जट छह अलग-अलग मुठभेड़ों में बच निकला था. आखिरकार सुरक्षा उसे बुधवार को मार गिराने में सफल रहे.
