पोर्ट ब्लेयर : अंडमान और निकोबार में एक अमेरिकी पर्यटक की हत्या वहां के लुप्तप्राय आदिवासियों ने कर दी है. टाइम्स अॅाफ इंडिया के अनुसार निकोबार के सेंटिनेल द्वीप में आदिवासियों ने तीर से अमेरिकी पर्यटक की हत्या कर दी.
ज्ञात हो कि अंडमान निकोबार के सेंटिनल द्वीप पर आदिवासियों का विलुप्तप्राय समुदाय रहता है. इस समूह से मिलने की इजाजत किसी को नहीं है. पुलिस ने इस मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर सात लोगों को गिरफ्तार किया है.
जानें सेंटिनल द्वीप पर रहने वाले आदिवासियों को
सेंटिनल द्वीप पर सेंटिनली आदिवासी छोटा उत्तरी सेंटिनल द्वीप में निवास करते हैं. जारवा आदिवासियों की तरह ये भी बाहरी लोगों से मेलजोल नहीं करते हैं और उन्हें अपना शत्रु समझते हैं. हालांकि अंडमान तथा निकोबार प्रशासन के सहयोग से कुछ संपर्क अभियान चले, जिसमें सेंटिनली आदिवासियों को उपहार दिया गया जिसे उन्होंने स्वीकारा, लेकिन आज भी वे बाहरी लोगों से संपर्क नहीं करना चाहते हैं. सेंटिनली आदिवासी शिकार करते हैं और मछली पकड़कर खाते हैं, वे एकसाथ जीने में विश्वास करते हैं. वे तीर एवं कमान से तटीय जल में मछलियां पकड़ते हैं और उत्तरी सेंटिनल द्वीप में उपलब्ध जंगली सूअरों का शिकार करते हैं. पुरूष एवं महिला सेंटिनली दोनों ही कपड़े नहीं पहनते हैं. 2001 की जनगणना के अनुसार सेंटिनली आदिवासियों की कुल आबादी 39 है.
