हर महीने की पहली तारीख को कुछ जरूरी नियमों और कीमतों में बदलाव देखने को मिलता है. अब अगस्त का महीना खत्म होने वाला है और 1 सितंबर से नया महीना शुरू होगा. ऐसे में कई ऐसे बदलाव हैं, जिनका सीधा असर आम लोगों की जेब और रोजमर्रा के खर्च पर पड़ सकता है. इनमें LPG सिलेंडर की कीमत से लेकर कारों के दाम और विदेश यात्रा से जुड़ी प्रक्रिया तक शामिल है.
आइए जानते हैं 1 सितंबर से किन चीजों में बदलाव देखने को मिल सकता है.
LPG सिलेंडर की कीमतों में हो सकता है बदलाव
- हर महीने की पहली तारीख को तेल कंपनियां LPG सिलेंडर की नई कीमतें जारी करती हैं. ऐसे में 1 सितंबर को भी घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में बदलाव हो सकता है.
- अगस्त में 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में 202 रुपये की कटौती की गई थी. हालांकि, 14.2 किलो वाले घरेलू LPG सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया था.
- अब सितंबर में घरेलू गैस के दाम कम होंगे, बढ़ेंगे या पुराने रेट पर ही मिलेंगे, इसका पता 1 सितंबर को कीमतें जारी होने के बाद चलेगा.
LPG e-KYC की डेडलाइन भी अहम
- LPG ग्राहकों के लिए e-KYC भी जरूरी प्रक्रिया है. तेल कंपनियों की ओर से इसकी डेडलाइन 31 अगस्त तक बढ़ाई गई थी.
- अगर आपने अभी तक e-KYC पूरा नहीं किया है, तो समय रहते इसकी स्थिति जरूर जांच लें.
- किसी तरह की परेशानी से बचने के लिए अपने LPG वितरक या संबंधित गैस कंपनी के आधिकारिक माध्यम से जानकारी लेना बेहतर रहेगा.
ये भी पढ़ें: महिलाओं को 40 हजार और छात्राओं को लैपटॉप, यूपी में स्त्री सम्मान-समृद्धि योजना लाएंगे अखिलेश यादव
ATF, CNG और PNG के दाम में भी बदलाव संभव
- हर महीने की शुरुआत में ATF यानी एविएशन टर्बाइन फ्यूल की कीमत की भी समीक्षा की जाती है. यह वही ईंधन है, जिसका इस्तेमाल विमानों में होता है.
- अगर सितंबर में ATF के दाम में बढ़ोतरी होती है, तो एयरलाइंस की लागत बढ़ सकती है.
- इसका असर आगे चलकर हवाई किराए पर भी देखने को मिल सकता है. इसके अलावा CNG और PNG की कीमतों में भी स्थानीय स्तर पर बदलाव हो सकता है.
Tata की कारें खरीदना पड़ सकता है महंगा
- अगर आप सितंबर में Tata की नई कार या SUV खरीदने का प्लान बना रहे हैं, तो आपके बजट पर असर पड़ सकता है.
- Tata Motors Passenger Vehicles ने 1 सितंबर 2026 से अपनी कारों और SUV की कीमतों में बढ़ोतरी करने का ऐलान किया है. यह बढ़ोतरी 25,000 रुपये तक हो सकती है.
- कीमत में यह बदलाव मॉडल और वेरिएंट के हिसाब से अलग-अलग होगा. इसका असर कंपनी की ICE यानी पेट्रोल-डीजल वाली कारों के साथ इलेक्ट्रिक वाहनों पर भी पड़ सकता है.
Hyundai की कारों के दाम भी बढ़ेंगे
- नई कार खरीदने वालों के लिए Hyundai से जुड़ी खबरें भी अहम है. कंपनी ने इस साल कारों की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान किया है.
- ऐसे में सितंबर में कार खरीदने की योजना बना रहे ग्राहकों को Hyundai के नए रेट पर भी नजर रखनी होगी.
- कीमत में वास्तविक बढ़ोतरी मॉडल और वेरिएंट के हिसाब से अलग हो सकती है.
ये भी पढ़ें: Raksha Bandhan Special Trains: बिहार जाने वालों यात्रियों को रेलवे का तोहफा, इन रूटों पर चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
विदेश जाने वालों के लिए एयरपोर्ट पर राहत
- विदेश यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए सितंबर से एक बदलाव राहत देने वाला हो सकता है.
- रिपोर्ट्स के मुताबिक, इंटरनेशनल यात्रा के दौरान इमिग्रेशन काउंटर पर बोर्डिंग पास पर स्टांप लगवाने की जरूरत खत्म की जा सकती है.
- यात्री मोबाइल में इलेक्ट्रॉनिक बोर्डिंग पास या उसकी प्रिंटेड कॉपी दिखाकर इमिग्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे.
- अगर यह व्यवस्था लागू होती है, तो यात्रियों को एयरपोर्ट पर एक अतिरिक्त औपचारिकता से राहत मिलेगी और प्रक्रिया भी आसान हो सकती है.
कुल मिलाकर सितंबर की शुरुआत आम लोगों के लिए अहम रहने वाली है. LPG सिलेंडर के दाम, ईंधन की कीमतों और कारों के नए रेट से लेकर विदेश यात्रा की प्रक्रिया तक, कई बदलावों पर लोगों की नजर रहेगी.
