समेली. पोठिया थाना क्षेत्र के डूमर-छोहार सड़क मार्ग पर सोमवार की देर रात्रि सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गयी. प्राप्त जानकारी के अनुसार छोहार पंचायत के वार्ड नंबर 10 गोढ़ियारी निवासी शंभू महलदार का 42 वर्षीय पुत्र राजेश सिंह अपने साइकिल से डूमर से घर जा रहा था. इसी दौरान नली पुल के पास अज्ञात वाहन ने धक्का मार दिया. जिससे वह पुल से टकराकर बुरी तरह जख्मी हो गया. घटना की सूचना मिलते ही समाजसेवी राहुल कुमार भारती व सरपंच प्रतिनिधि मधुकर कुमार ने मिलकर घायल को इलाज के लिए समेली अस्पताल पहुंचाया. यहां मौजूद चिकित्सक डॉ अनुपम आलोक ने जांचोंपरांत प्राथमिक उपचार किया और इलाज जारी रहा. पर अधिक चोट के कारण काफी खून बहने से इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी. घटना की सूचना पोठिया थाना को दी गयी. सूचना मिलते ही पोठिया थाना की पुलिस दल-बल के साथ अस्पताल पहुंची. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की तथा शव को अंत्यपरीक्षण के लिए सदर अस्पताल कटिहार भेज दिया. इधर, परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. गांव में भी मातम का माहौल है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अज्ञात वाहन की पहचान कर जल्द कार्रवाई की मांग की है.
वाहन की टक्कर से जख्मी व्यक्ति की इलाज के क्रम में मौत
पोठिया थाना क्षेत्र के डूमर-छोहार सड़क मार्ग पर सोमवार की देर रात्रि सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गयी
