फरक्का. फरक्का थाना अंतर्गत शिवनगर गांव में दो पक्षों में पुरानी रंजिश में जमकर मारपीट एवं बमबाजी हुयी. जानकारी के अनुसार, शिवनगर गांव के बबलू शेख एवं रफीक शेख दोनों भाई के साथ समाद शेख एवं अन्य के बीच काफी दिनों से रंजिश चल रही है. गुरुवार की शाम अचानक दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गयी. साथ ही दहशत फैलाने के लिए बमबाजी भी की गयी. इस बीच सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला, लेकिन, एक पक्ष की हसीना बीबी, फुजलूतन बीबी, रेखा खातून आदि ने पुलिसकर्मियों पर स्थिति संभालने के नाम पर घर में घुसकर महिलाओं, बच्चों सभी से मारपीट तथा घर के सामान को तोड़ने का आरोप लगाया है. इधर, इस घटना में तीन पुलिसकर्मी समाउन शेख, अमीरुल शेख, रिपोन शेख के भी घायल होने की भी खबर है. मामले में कोई भी स्थानीय पदाधिकारी कुछ भी कहने से बच रहे हैं. हालांकि, मामले में जंगीपुर एसपी अमित कुमार साव ने कहा कि दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी. फिलहाल, प्रारंभिक जांच की जा रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
