रानीगंज. शहर में चोरी की बढ़ती घटनाओं के बीच रविवार सुबह तड़के 89 नंबर वार्ड के धोबी मोहल्ले में एक और वारदात सामने आयी. जमा बावर्ची के घर में हुई इस चोरी की पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी है. टीएमसी वार्ड अध्यक्ष मोहम्मद अराफात ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में एक नौजवान चोर चोरी करते हुए साफ नजर आ रहा है. घरवालों को भी चोरी का पता फुटेज देखने के बाद ही चला. फिलहाल घर के सदस्य यह जांच कर रहे हैं कि कौन-कौन सा सामान चोरी हुआ है. इस घटना से मोहल्ले में दहशत का माहौल है.
पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग
अराफात ने कहा कि घटना की जानकारी रानीगंज थाना को दी गयी है और सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दिया गया है. उन्होंने उम्मीद जतायी कि फुटेज की मदद से पुलिस जल्द ही चोर को पकड़ लेगी. साथ ही उन्होंने याद दिलाया कि कुछ साल पहले आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट ने घरों और दुकानों में सीसीटीवी लगाने की अपील की थी ताकि अपराधियों तक आसानी से पहुंचा जा सके. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आगे और बड़ी घटनाएं हो सकती हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
