फोरलेन पर एक ही बाइक से हुए दो हादसों में दो की मौत

22 घंटे तक सड़क जाम

राजमहल/मंगलहाट. राजमहल-साहिबगंज फोरलेन पर गुरुवार को एक ही बाइक से हुए दो अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत हो गयी. हादसों से आक्रोशित ग्रामीणों ने दोनों शवों को सड़क पर रखकर गुरुवार दोपहर 12:30 बजे से शुक्रवार सुबह 10:30 बजे तक करीब 22 घंटे तक सड़क जाम कर मुआवजे की मांग की. करीब 22 घंटे की कड़ी मशक्कत और जिला प्रशासन के अधिकारियों के समझाने-बुझाने के बाद शुक्रवार सुबह पीड़ित परिवारों को मुआवजा दिया गया. इसके बाद जाम हटा कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल भेजा गया. पहला हादसा गुरुवार दोपहर लगभग 11:30 बजे तालझारी थाना क्षेत्र के मसकलैया गांव में हुआ. तेज रफ्तार बाइक ने गांव निवासी निरंजन राय की तीन वर्षीय नातिन चित्रलेखा कुमारी को जोरदार टक्कर मार दी. बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गयी. इलाज के लिए उसे मालदा ले जाया गया, जहां शाम करीब 5:30 बजे उसने दम तोड़ दिया. करीब आधे घंटे बाद, लगभग 12 बजे, उसी बाइक ने राजमहल थाना क्षेत्र के सरकंडा-सेलमपुर गांव में 40 वर्षीय मांगन मंडल को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गयी. हादसों के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने फोरलेन पर शव रखकर मुआवजे की मांग करते हुए जाम कर दिया. घटना की जानकारी मिलते ही राजमहल थाना प्रभारी गुलाम सरवर, पुलिस इंस्पेक्टर राजीव रंजन, सीओ मो यूसुफ और अन्य पुलिस बल मौके पर पहुंचे. लोगों को समझाने का प्रयास किया. हालांकि, रातभर स्थिति तनावपूर्ण बनी रही. घटनास्थल पर करीब तीन दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी और महिला पुलिसकर्मी रातभर तैनात थे. शुक्रवार सुबह राजमहल एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी, थाना प्रभारी गुलाम सरवर और पुलिस इंस्पेक्टर राजीव रंजन ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवारों को मुआवजा प्रदान किया. इसके बाद जाम हटवाया गया. शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया. घटना से क्षेत्र में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abdhesh singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >