जयनगर. क्षेत्र में अब तक बालू घाटों की नीलामी नहीं हो सकी है, लेकिन विभिन्न घाटों से बालू का अवैध उत्खनन व उठाव धड़ल्ले से जारी है. प्रशासन की ओर से कभी-कभार बालू लदे दो-चार ट्रैक्टर पकड़ कर खानापूर्ति कर ली जाती है. बालू उठाव के कारण नदियों का अस्तिव खतरे में पड़ गया है. नदी के किनारे के खेतों की उर्वरा शक्ति छीन हो गयी है. पर्यावरण का खतरा व जल संकट बढ़ता जा रहा है. वहीं नदी के आसपास बसे गांव के ग्रामीण परेशान हैं. देर रात से अहले सुबह तक ट्रैक्टर की शोर से उनकी नींद हराम हो गयी है. प्रखंड के तमाय, धरेयडीह, चेहाल, सतडीहा, योगियाटिल्हा, तिलोकरी, परसाबाद, बडानो, बदुलिया, गोपालडीह बराकर घाट से रोजाना सैंकड़ों ट्रैक्टर बालू का उठाव हो रहा है. प्रशासनिक कार्रवाई सड़क पर होती है, लेकिन घाटों पर खनन विभाग की टीम नहीं पहुंचती है. गत दिनों हिरोडीह गेडे फैक्ट्री के पास पकड़े गये बालू लोड ट्रैक्टर को पुलिस से छुडाकर कुछ लोग ले गये और पुलिस देखती रह गयी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
