गर्मी के बीच पानी के लिए लोगों को भटकना पड़ता है. महिलाएं, बच्चे एवं बुजुर्ग अधिक प्रभावित हो रहे हैं. लेकिन, नगर निगम व संबंधित एजेंसियां अब भी गहरी नींद में सोई हुई है. यह कहना है वार्ड नंबर छह के पार्षद संजीव कुमार का. लचर जलापूर्ति की समस्या को लेकर शुक्रवार को स्थानीय लोगों के साथ वार्ड पार्षद ने उप नगर आयुक्त प्रशांत कुमार लायक से मुलाकात की तथा उन्हें समस्या से अवगत कराते हुए समाधान की मांग की.
सात दिनों से हो रही एक घंटे जलापूर्ति
पार्षद ने कहा कि वार्ड छह के कई मोहल्लों में पिछले सात दिनों से एक घंटे जलापूर्ति हो रही है. लोगों ने यह भी सवाल उठाया कि जब समस्या महीनों से बनी हुई है, तो अब तक समाधान हेतु कोई ठोस पहल क्यों नहीं की गई. वार्ड पार्षद ने कहा कि कई बार नगर निगम प्रशासन व जलापूर्ति करने वाली एजेंसी से शिकायत की गयी है. उन्होंने एजेंसी की कार्यशैली की निष्पक्ष जांच की मांग की. आरोप लगाया कि एजेंसी की लापरवाही व मनमानी के कारण पूरी जलापूर्ति व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है.निगम ठहरा रहा बिजली विभाग को दोषी
वार्ड पार्षद ने कहा कि निगम बार-बार ‘लो वोल्टेज’ का बहाना बनाकर जिम्मेदारी विद्युत विभाग पर डाली जा रही है, जबकि बिजली विभाग के अधिकारी का कहना है कि वोल्टेज की कोई समस्या नहीं है. चैताडीह से आने वाली राइजिंग पाइप से एजेंसी की जानकारी में कुछ चहेते लोगों को अवैध रूप से पानी उपलब्ध कराया जा रहा है. इसके कारण बाजार समिति व मवेशी अस्पताल स्थित मुख्य टैंक पूरी तरह भर नहीं रहा है और जरूरतमंदों तक पानी नहीं पहुंच रहा. इस पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है. कहा कि समाधान की स्थायी व्यस्था नहीं की गयी, तो ‘पानी नहीं तो टैक्स नहीं’ जैसे आंदोलन शुरू किया जायेगा. मौके पर वार्ड छह के अरविंद झा, विकास, राजीव सिंह, मोहन तुरी, कुंदन सिंह, राहुल पांडेय, तारा देवी, मुन्ना यादव, सोनू, संदीप पासवान, सुजीत सिन्हा, राजेश सिन्हा, मंटू सिंह सहित अन्य थे.
