वरीय संवाददाता, मुजफ्फरपुर डेंगू को लेकर स्वास्थ्य मुख्यालय ने अलर्ट जारी किया है. इसके बाद भी मॉडल अस्पताल से लेकर पीएचसी तक डेंगू जांच किट उपलब्ध नहीं है जबकि जिले में डेंगू से पीड़ित एक मरीज मिल चुका है. सोमवार को सदर अस्पताल में डेंगू किट नहीं रहने पर एक दर्जन से अधिक मरीजों को डेंगू जांच के लिये एसकेएमसीएच रेफर किया गया. इन मरीजों में डेंगू के लक्षण होने की बात चिकित्सक ने कही है. अधीक्षक बाबू साहब झा ने कहा कि किट के लिये डिमांड किया गया है. एक से दो दिन में किट उपलब्ध हो जायेगा. अभी जो डेंगू के लक्षण वाले मरीज आ रहे हैं, उन्हें जांच के लिये एसकेएमसीएच भेजा जा रहा है. ओपीडी में हर दिन डेंगू के लक्षण वाले दर्जन से अधिक मरीजों को चिकित्सक जांच लिख रहे हैं. लेकिन स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य विभाग की डेंगू से लड़ाई लड़ने की फिलहाल कोई तैयारी नहीं है. जिले में किसी भी स्वास्थ्य संस्थानों में जांच किट उपलब्ध नहीं है. इससे मरीजों को निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ता है. जबकि निजी अस्पतालों में जांच को सरकारी रिकार्ड में शामिल नहीं किया जाता है. जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डा. सुधीर कुमार ने बताया कि जिले में फिलहाल डेंगू जांच किट उपलब्ध नहीं है. डेंगू जांच किट सभी पीएचसी को रोगी कल्याण समिति के फंड से खरीदनी है. इसके लिए सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को निर्देश दे दिया गया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
