भय के माहौल को समाप्त कर किया कानून का राज स्थापित

भय के माहौल को समाप्त कर किया कानून का राज स्थापित

खगड़िया. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि 2005 के पूर्व राज्य में क्या होता था. यह किसी से छिपा नहीं है. इसी जिले में लोग शाम होते ही सुरक्षित स्थान खोजने लगते थे. लेकिन जब 2005 में सरकार बनी तो कानून का राज स्थापित किया गया. डर एवं भय के माहौल को समाप्त कर विकास के कार्य शुरू किये गये. अब राज्य में चारों ओर सड़क, बिजली, पानी समेत आधारभूत संरचनाओं का निर्माण कराया गया. सीएम ने कहा कि पहले हिंदू-मुस्लिम का झगड़ा होता था. 2006 में बिहार के कब्रिस्तानों की घेराबंदी का अभियान चलाकर हमने झगड़ा को समाप्त किया. 2016 से 60 वर्ष से पुराने मंदिरों व मठों की घेराबंदी का काम भी शुरू किया गया. सीएम ने गुरुवार को जिले के बेलदौर प्रखंड के कोशी उच्च विद्यालय प्रांगण में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार में जातीय गणना में चिन्हित आर्थिक रूप से कमजोर 94 लाख परिवारों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जायेगी. प्रत्येक दो वर्ष बाद आर्थिक गणना कराकर गरीबों का जीवन स्तर सुधारने का काम किया जायेगा. राज्य में घरेलू उपभोक्ताओं को प्रतिमाह 125 यूनिट बिजली मुफ्त दी जा रही है.

स्वास्थ्य व शिक्षा में बड़ा बदलाव : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में व्यापक सुधार हुए तो शिक्षा के क्षेत्र में भी आमूल परिवर्तन देखने को मिल रहा है. मरीजों की बेतहर सुविधा एवं छात्रों की मेडिकल पढ़ाई के लिए बिहार के सभी जिलों में मेडिकल कॉलेज खोलने का कार्य चल रहा है. नीतीश ने कहा कि पहले स्कूलों में पढ़ाई नहीं होती थी. कहीं भवन नहीं था तो कहीं शिक्षक नहीं. अभी बिहार में 5.20 लाख सरकारी शिक्षक कार्यरत हैं. बीपीएससी से 2.58 लाख शिक्षकों की बहाली हुई है. 2.62 लाख नियोजित शिक्षक सक्षमता परीक्षा पास कर विशिष्ट शिक्षक बन गये हैं. 77 हजार शेष बचे नियोजित शिक्षकों को भी विशिष्ट शिक्षक बनाने की प्रक्रिया चल रही है.

519.66 करोड़ की योजनाओं की मिली सौगात

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को ओबीसी कन्या आवासीय प्लस टू विद्यालय परिसर में 519 करोड़ 66 लाख की कुल 256 विकास योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया. जिले के बेलदौर विधानसभा को सौगात दी है. इस दौरान मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर लगाए गये विभाग वार स्टॉल का निरीक्षण किया. मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों से फीडबैक लिया.

सतीश नगर में दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री के प्रतिमा का किया अनावरण

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सौढ़ उत्तरी पंचायत के सतीश नगर में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री स्मृतिशेष सतीश प्रसाद सिंह के आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया. मालूम हो कि परबत्ता से निर्वाचित विधायक सतीश प्रसाद सिंह वर्ष 1968 में बिहार के मुख्यमंत्री बने थे. मौके पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, राज्य सभा सांसद संजय झा, प्रभारी मंत्री महेश्वर हजारी, बेलदौर विधायक पन्ना लाल पटेल, पूर्व विधायक पूनम देवी यादव मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: GUNJAN THAKUR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >