Vitamin B12 Deficiency: दिनभर थकान रहना, काम में मन न लगना, बार-बार चक्कर आना या शरीर में कमजोरी महसूस होना कई बार सिर्फ बिजी लाइफ की वजह से नहीं होता. ये लक्षण Vitamin B12 की कमी का संकेत भी हो सकते हैं. यह विटामिन शरीर में रेड ब्लड सेल्स को बनाने , नसों को स्वस्थ रखने और एनर्जी बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. इसकी कमी होने पर शरीर धीरे-धीरे कई तरह की समस्याओं का सामना करने लगता है.
लोग शाकाहारी भोजन करते हैं, उनमें Vitamin B12 की कमी का खतरा थोड़ा ज्यादा हो सकता है. इसकी वजह यह है कि यह विटामिन ज्यादातर पशु-आधारित भोजन में पाया जाता है. हालांकि, कुछ फोर्टिफाइड फूड्स और दूसरे शाकाहारी ऑप्शंस को डाइट में शामिल करके इसकी कमी को काफी हद तक पूरा किया जा सकता है.
Vitamin B12 शरीर के लिए क्यों जरूरी है?
Vitamin B12 सिर्फ एनर्जी देने वाला विटामिन नहीं है, बल्कि यह शरीर के कई जरूरी कामों में भी मदद करता है. यह रेड ब्लड सेल्स को बनाने में मदद करता है, नर्वस सिस्टम को स्वस्थ रखता है और डीएनए बनने की प्रोसेस में भी जरूरी होता है. लंबे समय तक इसकी कमी रहने पर एनीमिया, कमजोरी और नसों से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं.
दूध और डेयरी प्रोडक्ट्स
दूध, दही, पनीर और छाछ जैसे डेयरी प्रोडक्ट्स शाकाहारी लोगों के लिए Vitamin B12 के अच्छे स्रोत माने जाते हैं. इन्हें बैलेंस मात्रा में रोजाना की डाइट में शामिल किया जा सकता है.
फोर्टिफाइड ओट्स और ब्रेकफास्ट सीरियल्स
आजकल बाजार में मिलने वाले कई ओट्स, ब्रेकफास्ट सीरियल्स और प्लांट-बेस्ड मिल्क को Vitamin B12 से फोर्टिफाई किया जाता है. इन्हें खरीदते समय पैकेट पर "Fortified with Vitamin B12" जरूर देखें.
दही और प्रोबायोटिक फूड्स
दही जैसे प्रोबायोटिक फूड्स डायजेस्टिव सिस्टम को बेहतर रखने के साथ-साथ शरीर को जरूरी पोषक तत्व देने में भी मदद करते हैं. इसलिए इन्हें रोजाना की डाइट में शामिल करना फायदेमंद हो सकता है.
यह भी पढ़ें: महंगे स्किनकेयर प्रोडक्ट्स की नहीं पड़ेगी जरूरत, घर पर बनाएं ये नेचुरल सीरम
न्यूट्रिशनल यीस्ट
अगर आप सलाद, सूप या पास्ता खाते हैं, तो उनमें न्यूट्रिशनल यीस्ट मिला सकते हैं. कई ब्रांड इसे Vitamin B12 से फोर्टिफाई करते हैं, इसलिए यह शाकाहारी लोगों के लिए अच्छा ऑप्शन हो सकता है.
मशरूम
कुछ प्रकार के मशरूम में Vitamin B12 की थोड़ी मात्रा पाई जाती है. हालांकि, यह अकेले शरीर की पूरी जरूरत पूरी नहीं कर सकते, लेकिन बैलेंस्ड फूड का हिस्सा बनकर पोषण बढ़ाने में मदद कर सकते हैं.
Vitamin B12 Deficiency: इन लक्षणों को बिल्कुल नजरअंदाज न करें
- बिना वजह लगातार थकान और कमजोरी रहना
- हाथ-पैरों में झनझनाहट या सुन्नपन
- बार-बार चक्कर आना
- याददाश्त कमजोर होना
- जीभ में दर्द, जलन या लालपन
- सांस फूलना या ध्यान लगाने में परेशानी
क्या सिर्फ खानपान से Vitamin B12 की कमी पूरी हो सकती है?
अगर शरीर में Vitamin B12 की कमी शुरुआती स्तर पर है, तो डॉक्टर की सलाह के अनुसार खानपान में बदलाव करने से फायदा मिल सकता है. लेकिन अगर कमी ज्यादा हो या शरीर इस विटामिन को ठीक से एब्जॉर्ब न कर पा रहा हो, तो डॉक्टर सप्लीमेंट या Vitamin B12 इंजेक्शन लेने की सलाह दे सकते हैं. इसलिए बिना जांच और डॉक्टर की सलाह के खुद से कोई सप्लीमेंट शुरू न करें.
यह भी पढ़ें: बार बार थकान महसूस होती है? कहीं शरीर में इन विटामिन्स की कमी तो नहीं
