Vastu Tips for Money: अच्छी कमाई के बाद भी अगर पैसा जल्दी-जल्दी खर्च हो जाता है और बचत नहीं हो पाती, तो इसकी वजह सिर्फ बढ़ते खर्च नहीं हो सकते. वास्तु शास्त्र में भी घर की कुछ चीजों और दिशाओं का धन से संबंध बताया गया है. वास्तु शास्त्र विशेषज्ञ बाबा बिमलेश के अनुसार, घर में कुछ आसान बदलाव करने से सकारात्मक माहौल बना रह सकता है और धन से जुड़ी परेशानियां कम हो सकती हैं.
तिजोरी की दिशा का रखें ध्यान
वास्तु के अनुसार, घर में पैसे और गहने रखने वाली तिजोरी या अलमारी की दिशा पर ध्यान देना चाहिए. इसे उत्तर दिशा की ओर मुंह करके रखना शुभ माना जाता है. मान्यता है कि ऐसा करने से घर में धन की सकारात्मक ऊर्जा बनी रहती है और बेवजह के खर्चों पर लगाम लगाने में मदद मिल सकती है.
उत्तर दिशा को रखें साफ
वास्तु शास्त्र में उत्तर दिशा को धन से जुड़ी दिशा माना जाता है. इसलिए इस हिस्से में गंदगी या बेकार सामान जमा करके नहीं रखना चाहिए. घर की उत्तर दिशा को हमेशा साफ और व्यवस्थित रखना बेहतर माना जाता है. मान्यता के अनुसार, इस दिशा में भगवान कुबेर की तस्वीर या मूर्ति रखना भी शुभ हो सकता है.
तिजोरी में रख सकते हैं ये चीजें
वास्तु मान्यता के अनुसार, तिजोरी के अंदर लाल कपड़ा बिछाना शुभ माना जाता है. इसके साथ इसमें श्री यंत्र या चांदी का सिक्का भी रखा जा सकता है. हालांकि, इन उपायों को धार्मिक और वास्तु मान्यताओं से जोड़कर देखा जाता है, इसलिए इन्हें अपनाना पूरी तरह व्यक्तिगत आस्था का विषय है.
मुख्य द्वार की सफाई पर दें ध्यान
घर का मुख्य दरवाजा भी वास्तु में काफी महत्वपूर्ण माना जाता है. इसलिए यहां गंदगी, टूटे सामान या कबाड़ जमा नहीं होने देना चाहिए. मान्यता है कि साफ-सुथरा मुख्य द्वार घर में सकारात्मक माहौल बनाए रखने में मदद करता है.
लक्ष्मी पूजा में चढ़ाएं कमल का फूल
धन और समृद्धि के लिए देवी लक्ष्मी की पूजा की जाती है. पूजा के दौरान उन्हें कमल का फूल अर्पित करना शुभ माना जाता है. इसके अलावा, शाम के समय मुख्य द्वार पर दीपक जलाने और स्वस्तिक का चिन्ह बनाने की भी परंपरा है. वास्तु और धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इन उपायों से घर में सुख-समृद्धि का माहौल बना रहता है.
यह भी पढ़ें: घर के मंदिर में भूलकर भी न रखें भगवान की ऐसी मूर्तियां, बढ़ सकता है वास्तु दोष
