Tips To Remove Stickers: आपके घर में भी प्लास्टिक और कांच के बोतल और जार होंगे जो सिर्फ इसलिए बेकार पड़े हैं क्योंकि उन पर पुराने स्टिकर चिपके हैं. स्टिकर और चिपचिपे निशान न सिर्फ देखने में खराब लगते हैं, बल्कि इन्हें हटाना भी किसी झंझट से कम नहीं लगता है. कई बार तो मन करता है कि इन बोतलों और जार को फेंक ही दिया जाए, लेकिन सही तरीके पता हो तो इन्हें आसानी से साफ करके दोबारा नया जैसा बनाया जा सकता है. कुछ आसान घरेलू उपायों की मदद से आप इन जिद्दी स्टिकर और उनके चिपचिपे गोंद को पूरी तरह हटा सकते हैं. आइए जानते हैं स्टिकर हटाने का तरीका.
कांच से स्टिकर हटाने का तरीका
कांच के बोतल और जार से स्टिकर हटाने के लिए आप सबसे पहले एक बर्तन में पानी को उबाल लें. अब गर्म पानी को आप कंटेनर में डाल दें. इसे आप ढककर 5 मिनट के लिए छोड़ दें. गर्म पानी की वजह से स्टिकर के पीछे लगा गोंद ढीला हो जाता है, जिससे स्टिकर आसानी से निकलने लगता है. 5 मिनट बाद बोतल को खोलें और धीरे-धीरे स्टिकर को हटाएं. आप देखेंगे कि स्टिकर बिना ज्यादा जोर लगाए निकल जाएगा. अब अगर गोंद (ग्लू) के निशान रह गए हों, तो साफ करने के लिए तारपीन का तेल इस्तेमाल करें. इसके लिए थोड़े से तारपीन के तेल को कॉटन पर लगाएं और ग्लू वाले हिस्से पर हल्के हाथ से रगड़ें. कुछ ही देर में गोंद पूरी तरह साफ हो जाएगा. अगर आपके पास तारपीन का तेल नहीं है तो आप नारियल का तेल इस्तेमाल कर सकते हैं.
प्लास्टिक से स्टिकर हटाने का तरीका
प्लास्टिक बोतल और जार से स्टिकर हटाने के लिए आप हेयर ड्रायर का इस्तेमाल कर सकते हैं. आप स्टिकर के ऊपर हेयर ड्रायर से गर्म हवा दें. इसके बाद धीरे-धीरे स्टिकर को हटा लें. अगर किसी जगह से स्टिकर नहीं निकल पा रहा है तो उसे स्क्रैच नहीं करें, हेयर ड्रायर से गर्म हवा दें और फिर निकालें. स्टिकर हटाने के बाद अगर चिपचिपाहट रह जाए, तो आप कॉटन में थोड़ा सा नारियल का तेल लें और रगड़ें. इससे गोंद आसानी से साफ हो जाएगा.
यह भी पढ़ें:घर पर बनाएं हलवाई जैसे कुरकुरे समोसे – मास्टरशेफ पंकज भदौरिया के 5 आसान टिप्स से मिलेगा परफेक्ट स्वाद
यह भी पढ़ें: हरे प्याज को हफ्तों तक ताजा रखने के आसान और असरदार तरीके
