Side Effects of Touching Face Frequently: कई लोगों की आदत होती है कि वे बिना सोचे-समझे बार-बार अपने चेहरे को छूते रहते हैं. कभी ठुड्डी पर हाथ रखकर बैठना, कभी माथा सहलाना, तो कभी मुंह के आसपास हाथ लगाना हमारे रोज के रूटीन का हिस्सा बन जाता है.
कई बार तो हमें पता भी नहीं चलता कि हम दिन में कितनी बार चेहरे को छू रहे हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि हाथों के जरिए चेहरे की स्किन पर धूल, गंदगी और बैक्टीरिया पहुंच सकते हैं. ऐसे में बार-बार चेहरे को छूने की आदत स्किन (Side Effects of Touching Face Frequently) के लिए परेशानी खड़ी कर सकती है.
हाथों पर जमा गंदगी पहुंच सकती है चेहरे तक
हम दिनभर मोबाइल, लैपटॉप, दरवाजे, टेबल और दूसरी चीजों को छूते रहते हैं. ऐसे में हाथों पर धूल और कई तरह के कीटाणु जमा हो सकते हैं. जब इन्हीं हाथों से हम चेहरे को छूते हैं, तो यह गंदगी त्वचा तक पहुंच जाती है.
इससे चेहरे पर सफाई से जुड़ी समस्याएं बढ़ सकती हैं. खासकर अगर हाथ साफ नहीं हैं, तो चेहरे को बार-बार छूने से बचना बेहतर है. बाहर से आने के बाद हाथ धोकर ही चेहरे को छूने की आदत डालें.
पिंपल और एक्ने बढ़ने की संभावना (Side Effects of Touching Face Frequently)
चेहरे को बार-बार छूने से हाथों की गंदगी और अतिरिक्त तेल त्वचा तक पहुंच सकता है. अगर आपकी स्किन पहले से ऑयली या एक्ने-प्रोन है, तो यह आदत परेशानी बढ़ा सकती है. खासकर माथे, नाक और ठुड्डी जैसे हिस्सों पर बार-बार हाथ लगाने से स्किन पर गंदगी और ऑयल जमा हो सकता है. अगर चेहरे पर पहले से पिंपल है, तो उसे बार-बार छूने या दबाने से भी बचना चाहिए. इससे जलन बढ़ सकती है और त्वचा पर दाग पड़ने का खतरा भी रहता है.
यह भी पढ़ें: सुबह उठते ही चेहरे में न लगाएं ये चीजें, स्किन हो सकती है खराब
स्किन में जलन
चेहरे की त्वचा काफी नाजुक होती है. बार-बार हाथ लगाने, रगड़ने या खुजाने से स्किन पर अनावश्यक दबाव पड़ता है. इससे कुछ लोगों को जलन या सेंसिटिविटी महसूस हो सकती है. खासकर सेंसिटिव स्किन वालों को चेहरे को बेवजह छूने से बचना चाहिए.
पिंपल को दबाने की आदत छोड़ें
कई लोगों को चेहरे पर पिंपल देखते ही उसे दबाने या कुरेदने की आदत होती है. ऐसा करने से पिंपल जल्दी ठीक होने के बजाय उसमें ज्यादा सूजन और जलन (Side Effects of Touching Face Frequently) हो सकती है. साथ ही त्वचा पर निशान पड़ने का जोखिम भी बढ़ सकता है. इसलिए पिंपल को बार-बार छूने के बजाय उसे अपनी तरह ठीक होने का समय दें.
चेहरे को छूने की आदत कैसे कम करें
अगर आपको बार-बार चेहरे पर हाथ लगाने की आदत है, तो सबसे पहले यह ध्यान दें कि आप ऐसा कब और क्यों करती हैं. पढ़ते या काम करते समय हाथ चेहरे तक पहुंचता है तो हाथों को किसी दूसरी गतिविधि में व्यस्त रखने की कोशिश करें.
मोबाइल या लैपटॉप इस्तेमाल करने के दौरान भी चेहरे को छूने से बचें. अपने हाथों को नियमित रूप से साबुन और पानी से साफ रखें. साथ ही तकिए का कवर, मोबाइल स्क्रीन और चश्मे जैसी चीजों को भी समय-समय पर साफ करते रहें.
यह भी पढ़ें: चेहरे पर चाहिए इंस्टेंट ग्लो? घर पर सिर्फ 10 मिनट में करें ये फेशियल
