Parenting Tips: आज के समय में जिस भी घर में छोटे बच्चे हैं, उनमें एक समस्या देखने को जरूर मिलती है कि बच्चा रो रहा है और शांत होने के लिए अपने माता-पिता से मोबाइल फोन की जिद कर रहा है. खासकर जिन बच्चों की उम्र 2 से 5 साल के बीच होती है, वे हर समय मोबाइल फोन के लिए जिद करते रहते हैं. चाहे वे खाना खा रहे हों या फिर चुपचाप सोफे पर बैठे हों, उनकी नजरें हर समय स्क्रीन पर ही टिकी रहती हैं और वे फोन में कुछ न कुछ करते ही रहते हैं.
अगर आपके घर पर भी छोटे बच्चे हैं और उनकी उम्र 2 से 5 साल के बीच है, तो आपको यह समझना होगा कि यह समय उनके मेंटल और फिजिकल डेवलपमेंट के लिए सबसे ज्यादा जरूरी होता है. इस उम्र में ज्यादा मोबाइल देखना उनके बोलने, सोचने और आंखों की सेहत के लिए काफी नुकसानदायक हो सकता है. अगर आपका बच्चा भी बिना फोन देखे खाना नहीं खाता या बात-बात पर जिद करता है, तो घबराने की कोई बात नहीं है. आज इस आर्टिकल में हम आपको कुछ ऐसे उपाय बताने जा रहे हैं, जिन्हें अपनाकर आप उसकी इस आदत को हमेशा के लिए छुड़वा सकते हैं. तो चलिए इन उपायों के बारे में विस्तार से जानते हैं.
बच्चे को मोबाइल नहीं, अपना समय दें
छोटे बच्चे अक्सर मोबाइल की जिद उस समय करते हैं जब वे बोर होने लगते हैं या फिर उन्हें अपने साथ खेलने वाला कोई नहीं मिलता. ऐसे में जब आप बच्चे को समय देने लगते हैं, तो उसका ध्यान मोबाइल फोन से अपने आप ही हटने लगता है. बच्चे को मोबाइल फोन से दूर रखने के लिए हर शाम उसके साथ पार्क जाएं या फिर घर पर ही उसके साथ कोई गेम खेल लें. इसके अलावा आप चाहें तो उसे मजेदार कहानियां भी सुना सकते हैं, उससे छोटी-छोटी बातें कर सकते हैं या फिर घर के छोटे-मोटे कामों में उसकी मदद भी ले सकते हैं. जब बच्चा आपके साथ समय बिताने लगेगा, तो उसे फोन की याद अपने आप ही नहीं आएगी.
ये भी पढ़ें: क्या आपके बच्चे की उम्र 10 से 13 साल के बीच है? भूलकर भी न कहें ये 5 बातें, वरना आपसे दूर होने लगेगा बच्चा
खाना खाते समय स्क्रीन पूरी तरह से बंद रखें
बहुत से माता-पिता की यह आदत होती है कि बच्चे को जल्दी खाना खिलाने के चक्कर में वे उनके हाथों में मोबाइल थमा देते हैं या फिर टीवी में कार्टून चलाकर छोड़ देते हैं. आपका यह तरीका शुरुआत में तो आसान लगता है, लेकिन आगे चलकर आपके लिए ही एक बहुत बड़ी परेशानी बन जाता है. इस प्रॉब्लम से निपटने के लिए पूरे परिवार के साथ बैठकर खाना शुरू कर दें. इसके अलावा खाना खाते समय बच्चे से खाने के स्वाद, रंग और उसके फायदों के बारे में बात करें. इससे बच्चा खाने का स्वाद लेना सीखेगा और बिना मोबाइल देखे भी बहुत आराम से खाना खाएगा.
मोबाइल की जगह मजेदार खिलौने और बुक्स दें
अगर आप बच्चे के हाथ से मोबाइल छीन लेंगे और उसे खेलने के लिए कुछ नहीं देंगे, तो जाहिर है कि वह रोएगा ही. इसलिए फोन लेने से पहले उसका कोई अच्छा ऑप्शन तैयार रखना बहुत जरूरी है. आप बच्चे को ड्राइंग बुक, कलर्स या सॉफ्ट खिलौने लाकर दे सकते हैं. इसके अलावा बिल्डिंग ब्लॉक्स या पजल्स जैसी चीजें भी उनके लिए बहुत बढ़िया रहती हैं, क्योंकि इनसे उनका दिमाग तेज होता है और वे फोन चलाने के बारे में भूल जाते हैं. इसके साथ ही आपको उन्हें सुंदर तस्वीरों वाली कहानियों की किताबें देखने के लिए भी मोटिवेट करना चाहिए.
ये भी पढ़ें: मां की ये 5 आदतें तय करती हैं बेटी का भविष्य, इन्हीं से बनती है उसकी सोच और पर्सनालिटी
खुद सही आदतें अपनाएं और रोल मॉडल बनें
यह बात आप खुद भी जानते होंगे कि छोटे बच्चे वही करते हैं जो वे अपने माता-पिता या फिर बड़ों को करते हुए देखते हैं. अगर आप खुद दिनभर फोन में लगे रहेंगे, तो बच्चा भी आपसे वही सीखेगा. इसलिए बच्चे के सामने बार बार बेवजह मोबाइल का इस्तेमाल करने से या फिर रील्स स्क्रॉल करने से आपको बचना चाहिए. ऑफिस या घर का काम खत्म होने के बाद फोन को साइड में रख दें और परिवार के साथ समय बिताना शुरू कर दें. जब बच्चा आपको किताबें पढ़ते या बाकी काम करते देखेगा, तो वह भी वही अच्छी आदतें बहुत आसानी से सीख जाएगा.
प्यार से 'ना' बोलना सीखें और अपनी बात पर डटे रहें
जब आपका बच्चा फोन के लिए जिद करने लग जाए या फिर रोने, चिल्लाने या गुस्सा दिखाने लग जाए, तो उसे डांटने की जगह बिल्कुल शांत दिमाग से काम लें. उसकी जिद या गुस्से के सामने झुकने की गलती बिल्कुल भी न करें. बेहतर होगा कि आप अपने बच्चे को प्यार से गले लगाएं और आसान भाषा में समझाएं कि मोबाइल देखने से उसकी आंखें खराब हो सकती हैं. हमेशा अपनी बात पर कायम रहने की कोशिश करें. अगर आपने एक बार 'ना' कह दिया, तो रोने पर भी फोन मत दीजिए. जब बच्चे को समझ आ जाएगा कि रोने-धोने से भी फोन नहीं मिलने वाला, तो वह धीरे-धीरे जिद करना पूरी तरह बंद कर देगा.
