Monsoon Snack Ideas: रिमझिम बारिश के मौसम में जब खिड़कियों से ठंडी हवा अंदर आती है और हाथों में गर्म चाय की कुल्हड़ होती है, तो इससे बेहतर फीलिंग और कुछ हो ही नहीं सकती. लेकिन जब इस चाय के साथ पकौड़े मिल जाते हैं, तो इसका मजा समझो चार गुना बढ़ जाता है. बारिश के मौसम और पकौड़ों का रिश्ता बहुत ही पुराना है और जैसे ही आसमान में काले-काले बादल छाते हैं, हमारे मन में कुछ तीखा और चटपटा खाने की इच्छा खुद ही जाग जाती है. अगर आप भी बारिश के दिनों में अपनी शाम की चाय को और भी ज्यादा मजेदार बनाना चाहते हैं, तो आज हम आपके लिए 5 बेहद ही आसान और क्रिस्पी पकौड़ों की रेसिपी बताने जा रहे हैं जिन्हें आप काफी कम समय में तैयार कर सकते हैं. इन पकौड़ों की सबसे खास बात है कि इन्हें बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता है और न ही ज्याद मेहनत करनी पड़ती है. तो चलिए जानते हैं इनके बारे में विस्तार से.
ट्राय करें एवरग्रीन क्रिस्पी प्याज के पकौड़े
बारिश के दिनों में प्याज के पकौड़े हर घर की पहली पसंद बन जाते हैं. इसे बनाने के लिए सबसे पहले प्याज को पतले और लंबे टुकड़ों में काट लें. अब इसमें थोड़ा सा नमक, हरी मिर्च, अजवाइन, बारीक कटा हरा धनिया और हल्दी मिलाएं. इसके बाद इसमें थोड़ा सा बेसन और क्रिस्पिनेस के लिए एक चम्मच चावल का आटा डालें. इस बात का ख्याल रखें कि इसमें पानी बहुत कम या न के बराबर मिलाना है, क्योंकि प्याज खुद पानी छोड़ता है. अब इन्हें गर्म तेल में गोल्डन होने तक तलें. आपकी कड़क चाय के साथ ये लच्छेदार क्रिस्पी पकोड़े एकदम परफेक्ट पार्टनर साबित होंगे.
स्पाइसी आलू के पकौड़े भी आएंगे सभी को पसंद
आलू के पकोड़े ऐसे होते हैं जिनका स्वाद बड़ों से लेकर बच्चों तक, हर किसी को बहुत ही ज्यादा पसंद आता है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले आलू को धोकर पतले-पतले गोल स्लाइस में काट लें. अब एक बर्तन में बेसन, थोड़ा सा जीरा, लाल मिर्च पाउडर, हींग, नमक और पानी मिलाकर एक गाढ़ा घोल तैयार कर लें. अब आलू के स्लाइस को इस घोल में डुबोकर गर्म तेल में डीप फ्राई करें और जब ये पकोड़े तेल में जाकर गुब्बारे की तरह फूलते हैं, तो इन्हें देखकर ही भूख बढ़ जाती है. इन्हें पुदीने की तीखी चटनी के साथ गर्मागर्म परोसें और पूरे परिवार के साथ खिड़की के बाहर देखते-देखते एन्जॉय करें.
हेल्दी और टेस्टी पालक के पकौड़े
अगर आप स्वाद के साथ-साथ सेहत का भी थोड़ा ख्याल रखना चाहते हैं, तो पालक के पकौड़े एक बेहतरीन चॉइस हैं. इसके लिए फ्रेश पालक के पत्तों को अच्छे से धोकर बारीक काट लें. इसके बाद इसमें बेसन, चावल का आटा, कुटी हुई लाल मिर्च, अमचूर पाउडर और स्वादानुसार नमक मिलाएं. अब थोड़ा सा पानी छिड़क कर इसका एक ड्राई मिक्सचर तैयार कर लें. इसके बाद इनसे छोटे-छोटे पकौड़े बनाकर तेल में क्रिस्पी होने तक तल लें. पालक के ये पकौड़े बाहर से बहुत क्रिस्पी और अंदर से बेहद सॉफ्ट होते हैं, जो चाय के स्वाद को दोगुना कर देते हैं.
चीजी कॉर्न पकौड़े बच्चों को आएंगे पसंद
मानसून के मौसम में बाजार में फ्रेश भुट्टे या मक्के खूब मिलते हैं. ऐसे में इस बार सिंपल पकौड़े से हटकर कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं तो आपको चीजी कॉर्न पकौड़ों को ट्राय करना चाहिए. इसे बनाने के लिए सबसे पहले उबले हुए कॉर्न के दानों को थोड़ा सा दरदरा पीस लें. इसके बाद इसमें बेसन, कद्दूकस किया हुआ चीज, बारीक कटी शिमला मिर्च, काली मिर्च पाउडर और नमक मिलाएं. इस मिश्रण से छोटी-छोटी टिक्कियां या बॉल्स बनाकर गर्म तेल में फ्राई करें. जब आप इन पकौड़ों को आप तोड़ेंगे, तो अंदर से पिघला हुआ चीज निकलेगा, जो बच्चों को बेहद पसंद आएगा.
चटपटे ब्रेड पकौड़े मिटाएंगे शाम की भूख
अगर आपको बहुत तेज भूख लगी है और आप कुछ हैवी स्नैक खाना चाहते हैं, तो ब्रेड पकोड़ा सबसे बेस्ट ऑप्शन है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले उबले हुए आलुओं में उबली मटर, हरी मिर्च, गरम मसाला, अमचूर और नमक मिलाकर एक बढ़िया स्टफिंग तैयार करें. अब ब्रेड के स्लाइस के बीच में इस आलू के मसाले को भरें और उसे ट्रायंगल शेप में काट लें. इस ब्रेड को बेसन के गाढ़े घोल में लपेटकर मीडियम आंच पर गोल्डन होने तक तलें. इसके बाद इसे बीच से काटकर टोमैटो केचप के साथ खाएं. आपको इसकी हर बाइट में एक अलग ही मजा आएगा.
ये भी पढ़ें: बिना प्याज-लहसुन के भी बन सकता है लाजवाब डिनर, ट्राई करें ये 3 टेस्टी रेसिपीज जिन्हें हर कोई करेगा पसंद
