Laddu Recipe Ideas: मीठे के बिना कोई भी जश्न या त्योहार अधूरा सा लगता है. खासकर लोग मिठाई में लड्डू खाना बहुत पसंद करते हैं. अगर आप भी किसी विशेष अवसर पर घर पर स्वादिष्ट लड्डू बनाने के लिए नए रेसिपी आइडियाज ढूंढ रहे हैं, तो यह आर्टिकल आपके काम का है. यहां दिए गई आइडियाज की मदद से आप घर पर ही अलग-अलग तरह के टेस्टी लड्डू बनाने के आसान तरीके जान सकते हैं.
बेसन के लड्डू
बेसन के लड्डू बनाने के लिए सबसे पहले कढ़ाई में घी गरम किया जाता है. फिर उसमें बेसन डालकर धीमी आंच पर अच्छी तरह भुना जाता है. इसके बाद गैस बंद करके मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने दिया जाता है. फिर इसमें पिसी हुई चीनी, इलायची पाउडर और कटे हुए काजू-बादाम डालकर अच्छी तरह मिलाया जाता है. जब मिश्रण हल्का गुनगुना हो तो हाथ से गोल-गोल लड्डू बना लिए जाते हैं.
नारियल के लड्डू
नारियल के लड्डू बनाने के लिए कढ़ाई में थोड़ा घी गरम करके उसमें कद्दूकस किया हुआ नारियल हल्का भून लें. इसके बाद उसमें कंडेंस्ड मिल्क या चीनी डालकर कुछ मिनट तक पकाएं. फिर इसमें इलायची पाउडर डालकर अच्छे से मिक्स करें. जब मिश्रण थोड़ा ठंडा हो जाए तो हाथों से छोटे-छोटे गोल लड्डू बना लिए जाते हैं.
बूंदी लड्डू
बूंदी के लड्डू बनाने के लिए सबसे पहले बेसन का पतला घोल तैयार किया जाता है. इसके बाद कढ़ाई में घी या तेल गरम करके छेद वाली कलछी की मदद से बूंदी तली जाती है. फिर चीनी और पानी से चाशनी बनाई जाती है और उसमें तली हुई बूंदी डाल दी जाती है. इसमें काजू, किशमिश और इलायची पाउडर मिलाकर अच्छे से मिलाया जाता है. जब मिश्रण थोड़ा ठंडा हो जाता है तो हाथों से दबाकर गोल-गोल लड्डू बनाए जाते हैं.
मूंग दाल के लड्डू
मूंग दाल के लड्डू बनाने के लिए सबसे पहले मूंग दाल को साफ करके 2–3 घंटे के लिए भिगो दिया जाता है. इसके बाद पानी निकालकर दाल को सुखा लिया जाता है और हल्का दरदरा पीस लिया जाता है. अब कढ़ाई में घी गरम करके पिसी हुई मूंग दाल को धीमी आंच पर अच्छे से भुना जाता है. इसके बाद गैस बंद करके मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने दिया जाता है. फिर इसमें पिसी हुई चीनी, इलायची पाउडर और कटे हुए काजू-बादाम डालकर अच्छी तरह मिलाया जाता है. जब मिश्रण हल्का गुनगुना हो जाए तब हाथों से गोल-गोल लड्डू बना लिए जाते हैं.
ड्राई फ्रूट्स के लड्डू
ड्राई फ्रूट्स के लड्डू बनाने के लिए सबसे पहले काजू, बादाम, पिस्ता, अखरोट और खजूर जैसे ड्राई फ्रूट को बारीक काट लिया जाता है या हल्का दरदरा पीस लिया जाता है. इसके बाद कढ़ाई में थोड़ा घी गरम करके सभी ड्राई फ्रूट को हल्का भून लिया जाता है. फिर इसमें बीज निकाले हुए खजूर डालकर अच्छी तरह मिलाया जाता है. इसमें स्वाद के लिए इलायची पाउडर भी मिला दिया जाता है. जब मिश्रण थोड़ा ठंडा हो जाता है तब हाथों से दबाकर गोल-गोल लड्डू बना लिए जाते हैं.
यह भी पढ़ें: Rasmalai: त्योहार हो या फिर शादी की रस्म, हर खास मौके पर घर में बनाएं स्वादिष्ट रसमलाई
यह भी पढ़ें: Poha Recipes: सुबह की शुरुआत करें स्वादिष्ट पोहे के साथ, जानिए इसे बनाने की आसान रेसिपी
