kids screen free activities: आजकल ज्यादातर घरों में एक बात आम हो गई है. जैसे ही माता-पिता को खाना बनाना हो, सफाई करनी हो या कोई जरूरी काम करना हो, बच्चे के हाथ में मोबाइल दे देते हैं. कुछ देर के लिए यह आसान उपाय जरूर लगता है, लेकिन धीरे-धीरे यही आदत बच्चे के मानसिक और शारीरिक विकास पर असर डाल सकती है. अगर आप भी ऐसा करते हैं, तो चिंता की बात नहीं है. कुछ आसान और मजेदार एक्टिविटीज की मदद से बच्चे को बिना मोबाइल (kids screen free activities) के भी लंबे समय तक व्यस्त रखा जा सकता है.
ड्रॉइंग और कलरिंग में लगाएं मन (kids screen free activities)
बच्चों को ड्रॉइंग शीट, क्रेयॉन या कलर पेंसिल दें और उन्हें अपनी पसंद की चीजें बनाने के लिए कहें. कभी फूल, कभी घर, तो कभी जानवरों की तस्वीर बनाने के लिए प्रेरित करें. यह एक्टिविटी उनकी क्रिएटिविटी बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें काफी देर तक बीजी रखती है.
बिल्डिंग ब्लॉक्स और पजल्स से करें दिमाग तेज
बिल्डिंग ब्लॉक्स, जिग्सॉ पजल्स या शेप सॉर्टिंग गेम बच्चों के लिए बेहतरीन ऑप्शन है. इन्हें खेलते-खेलते बच्चे नई चीजें सीखते हैं, उनकी सोचने-समझने की क्षमता बढ़ती है और स्क्रीन की जरूरत भी महसूस नहीं होती.
कहानी की किताबों से बढ़ाएं कल्पनाशक्ति
बच्चों को रंग-बिरंगी तस्वीरों वाली कहानी की किताबें काफी पसंद आती हैं. उनकी उम्र के अनुसार किताबें चुनें और उन्हें खुद पन्ने पलटने और तस्वीरें देखने दें. इससे उनका ध्यान मोबाइल से हटेगा और पढ़ने की आदत भी डेवलप होगी. अगर बच्चा छोटा है, तो ऑडियो स्टोरी भी एक अच्छा ऑप्शन हो सकता है.
छोटे-छोटे घरेलू कामों में बनाएं साथी
अगर बच्चा थोड़ा बड़ा है, तो उसे उम्र के हिसाब से छोटे-छोटे काम करने दें. जैसे सब्जियां टोकरी में रखना, खिलौने समेटना, कपड़े तह करने में मदद करना या पौधों में पानी डालना. इससे उनमें जिम्मेदारी की भावना भी विकसित होती है और उन्हें अच्छा महसूस होता है कि वे घर के काम में मदद कर रहे हैं.
म्यूजिक और डांस का लें सहारा
बच्चों को संगीत सुनना और डांस करना बहुत पसंद होता है. हल्के-फुल्के गाने चलाकर उन्हें डांस करने दें. इससे उनकी एनर्जी सही दिशा में इस्तेमाल होगी और उनका मूड भी अच्छा रहेगा.
क्राफ्ट एक्टिविटी से बढ़ाएं क्रिएटिविटी
रंगीन पेपर, आइसक्रीम स्टिक, पुराने अखबार या बेकार डिब्बों से छोटी-छोटी क्राफ्ट एक्टिविटीज करवाई जा सकती हैं. इससे बच्चे नई चीजें बनाना सीखते हैं और उनकी कल्पनाशक्ति भी मजबूत होती है.
आउटडोर गेम्स के लिए भी निकालें समय
अगर संभव हो, तो बच्चे को रोज कुछ समय पार्क या खुले मैदान में खेलने दें. दौड़ना, साइकिल चलाना, बॉल खेलना या दोस्तों के साथ खेलना उनके शारीरिक और मानसिक विकास के लिए बहुत जरूरी है.
यह भी पढ़ें: बच्चों के बड़े होने पर भी क्यों जरूरी है पेरेंट्स का साथ? जानिए Teen-Ternity का मतलब
